| कागज़ी सम्बन्ध
जगत मिथ्या पर भरोसा करने वाली मानव सभ्यता, आज इस मिथ्या जगत में बनाई गई छद्म दुनिया में जी रही है| आज आपसी संबंधों में आपसी संवाद की जगह कागजों पर लिखे गए भावों ने ले ली है| चेहरे के भाव, शारीरिक भाव भंगिमाएं क्या लिखे हुए शब्दों में अभिव्यक्ति पा सकती हैं? क्या कभी जिव्हा से निकले स्वरों के आरोह अवरोह को लिखे हुए शब्द पकड़ पाएंगे? क्या प्रेमी-प्रेमिकाओं के आपसी नयनाचार को प्रेम पत्र अभिव्यक्तकर पाएंगे? क्या होगा जब लिखे हुए शब्दों का छद्म भोली भाली कन्याओं की समझ में नहीं आ पायेगा? लिखित शब्दों में आज अश्लीलता परोसी जा रही है, उस पर नियंत्रण करना मुश्किल है| सबसे बड़ी बात है की सारी मानवता अपने लिए कोई एक भाषा या लिपि विकसित नहीं कर पायेगी| वास्तव में भाव भंगिमाओं की आदिम भाषा ही मानवता का सत्य है|
|
कृत्रिम समझदारी
कृत्रिम समझदारी का विकास हो चुका है| हर चीज आज आभासी है| मिथ्या जगत में छद्म का विकास हुआ है| आज संबंधों को मोबाइल की स्क्रीन पर निभाया जा रहा है| क्या तरह तरह के निशान भाषा या लिपि का विकास कर रहे हैं या चित्रलिपियों की तरह के दुरूहता का गठन कर रहे हैं| क्या मुख से उच्चारित शब्द या हस्तलेख में लिखे गए भावों का नाश हो जायेगा| आज सब कुछ त्वरित है| समय का कोई आनंद नहीं| बच्चे समय से पहले बड़े हो रहे हैं| भले ही चिकित्सा जगत ने आयु पर विजय प्राप्त करने की ओर बड़े कदम उठाये हैं, मगर बूढ़े हृदयों से मानव समाज भरा हुआ है| मोबाइल के रूप में वो राक्षसी तोता सबके हाथ में लग गया है जिसमें हमने अपने अपने प्राण डाल दिए हैं| तोता मरा, राक्षस मरा| मोबाइल मरा हम मरे| अब बच्चों को लिखने पढने की क्या भाषा सीखने की जरूरत नहीं रह गए| हमारे भाषा हीन विचारों को पकड़ने की तकनीकि सामने है|
|
लेखक: Aishwarya Mohan Gahrana
नगद नारायण दर्शन दो
भारत के बाजारों में नगद की कमी कोई नई बात नहीं| सामान्य तौर पर आम चुनावों से पहले नगद की कमी हमेशा अनुभव की जाती है| मगर इस बार समस्या ज्यादा विकट मालूम होती है| ख़ासकर तकनीकि रूप से नगद को इस बार बाजार में नहीं ही होना चाहिए|
चुनावों से पहले जारी हुए आँकड़े बताते हैं कि चुनावी चंदे में भारी बढ़ोतरी हुई है| कॉर्पोरेट चंदा तो, आशा के अनुरूप, लगभग पूरा ही सत्ताधारियों को मिला है| कॉर्पोरेट चंदे को आम जनता में कानूनी तरीके से किया गया भ्रष्टाचार माना जाता है| पिछले बजट में कंपनी क़ानून में बदलाव करकर किसी भी कंपनी द्वारा दिए जा सकने वाले चंदे की उच्च सीमा को हटा दिया गया| इस समय चुनावी चंदे के रूप में दिया गया पैसा, नगद में हो या बैंक में, चुनाव से पहले अर्थव्यवस्था में वापिस नहीं आएगा|
विमुद्रीकरण के बाद कहा गया था कि डिजिटल अर्थव्यवस्था को बढ़ावा दिया जायेगा| साथ ही अर्थव्यवस्था का बड़ा भाग नगद पर काम कर रहा है – चिकित्सा, वकालत और रोजमर्रा का खर्चा नगद में करना अभी भी मजबूरी है| इसलिए पूर्णतः डिजिटल नागरिक भी लगभग एक माह की राशि नगद में रख रहे हैं| क्योंकि किसी को भरोसा नहीं कि जरूरत के समय आस पास के सौ एटीएम में से एक भी काम कर रहा हो| पिछले कुछ समय में शहरों में एटीएम की संख्या में कमी की गई है या स्थानांतरित की गई हैं|
दूसरी तरफ सरकारी आँकड़े बताते हैं, विमुद्रीकरण की अपार सफलता के बाबजूद आज पहले से भी अधिक नगदी अर्थव्यवस्था में मौजूद है| कहाँ है यह धन? आज अर्थव्यवस्था में नये प्रचलित दोहजारी नोट की बहुतायत है| पुराना नगद जमा काला धन अब दोहजारी की शक्ल में अपने स्थान पर वापिस जमा है|
कालेधनसंग्रह के अलावा, एटीएम और पर्स दोनों को दोहजारी बहुत रास आता है| इस कारण
बाजार में लगभग हर कोई दोहजारी लेकर घूम रहा है| अधिकतर समय लेनदेन के लिए दोहजारी के मुकाबले छोटे नोटों की जरूरत होती है| जब इस बड़े नोट के कारण लेनदेन में छुट्टे की समस्या आती है तो यह नगदी की कमी का आभास कराता है|
वास्तव में विमुद्रीकरण का मानसिक हमला और दोहजारी नोट मिलकर आम बाजार विनिमय को कठिन बना रहे हैं| यही नगद की लक्ष्य से अधिक आपूर्ति के बाद भी बाजार में कमी का सत्य है| इस बात के भी समाचार हैं कि अर्थवयवस्था में नगद की मात्रा विमुद्रीकरण के स्तर को पार कर जाने की खबर के बाद सरकार ने नगद छापने में कटौती कर दी थी| इसमें सभी मूल्यवर्ग के नोट शामिल थे|
अच्छा यह है कि दोहजारी को छापना बंद कर दिया जाए| पांच सौ रूपये से अधिक मूल्य के नोट प्रचलन से बाहर रहें| इस से अधिक मूल्य के लेनदेन के लिए जनता को बैंकिंग माध्यमों , खासकर कार्ड और मोबाइल लेनदेन के तरीके उपलब्ध कराये जाएँ| मगर सरकारी जबरदस्ती न हो|
हालाँकि सबसे अच्छी खबर यह है कि चुनाव साल भर के भीतर हो जाने हैं| दलगत राजनीति में फंसा पैसा जल्दी अर्थव्यवस्था में वापिस आ जायेगा|
हे राम!!
हे राम!
याद होगा तुम्हें
छू जाना उस पत्थर का, पथराई अहिल्या का,
मुझे भी याद है – तुम्हारा अधूरा काम||
कभी कभी मौका मिलने पर,
धिक्कारते तो होगे तुम, अपनी अंतरात्मा को||
सहज साहस न हुआ तुम्हें,
लतिया देते इंद्र को, गौतम को,
गरिया देते कुत्सित समाज को,
उदहारण न बन सके तुम||
हे राम!!
तीन अंगुलियाँ मेरी ओर उठीं हैं,
और इंगिता तुम्हारी ओर||

