यह स्वछायाचित्र


अपनी स्मृतियों को संजोकर रखना और उन्हें विस्मृत करने का प्रयास करना मानव जीवन के दो प्रमुख संघर्ष हैं| स्मृति का महत्त्व इस बात से है कि पुरातन विधियों को भी स्मृति का नाम दिया गया है – मनु स्मृति,  याज्ञवल्क्य स्मृति| यह स्मृतियों को संजोने और उनसे सीखने का प्रयास ही तो है कि जीवनी लेखन विश्व साहित्य की प्रमुख विधा है और पाठकों के बीच लोकप्रिय भी है| यह आपकी स्मृतियाँ ही तो हैं जो आपको नश्वर जीवन को अमृत्व प्रदान कर सकतीं हैं| और अपनी स्मृति को अमरत्व देने का प्रयास रहा हैं – आत्मकथा| आत्मकथाएं भले ही आपको अमरत्व प्रदान न कर पातीं हो, इसे लिखते और बार बार पढ़ते हुए आपकी अपनी स्मृतियों को कई बार जी जाते हैं|

चित्रकारों से अपने चित्र बनवाने की इच्छा भी इसी कड़ी का का अगला पड़ाव है| छायाचित्रों के आने के चित्र बनवाने का कार्य सस्ता, सुगम और सुगढ़ हो गया| और आज अपनी स्मृतियों को विस्मृत होने से बचाने का एक प्रयास है – स्वछायाचित्र यानि सेल्फी| आज तलाश उत्कर्ष स्वछायाचित्र की – परफेक्ट सेल्फी की है|

प्रायः स्वछायाचित्र पर्यटन, विशिष्ट भेंट- मिलन, विशिष्ट भोज और एकान्तिक प्रहसन के रूप में लिए जाते हैं| इन में से अधिकतर का सम्बन्ध छायाचित्रों की विधागत बारीकियों से नहीं होता – भले ही उनका संपादन आदि बाद में किया जाए| मुझे लगता हैं विधागत बारीकियों का अपना महत्व है| परन्तु  सबसे महत्वपूर्ण है वह कथा जिसे हम स्वछायाचित्र के माध्यम से कहना चाहते हैं| क्या वह कथा हम कह पाए – क्या वह कथा दर्शक की जिज्ञासा में प्रश्न के रूप में उठ पाई| क्या उसे हम स्वयं स्मृति में संजो पाए| यदि स्वछायाचित्र का आत्मकथ्य जीवंत न हुआ तो तकनीकि रूप से उत्कर्ष स्वछायाचित्र भी प्राणहीन हो जाता है| प्राणहीन स्वछायाचित्रों से हम सब के उपकरण भरे पड़े हैं|

उस दिन हम महाराष्ट्र सदन गए थे| प्रान्तों के भवन और सदन दिल्ली में अपने प्रान्त के भोजन, भाषा, संस्कृति का प्रतिनिधित्व करते हैं| जिस समय आपके लिए भोजन तैयार हो रहा हो तब बच्चों के लिए प्रतीक्षा का कठिन समय होता है| महाराष्ट्र सदन में घुमाने और समझाने के लिए बहुत कुछ है| सावित्री बाई फुले की मूर्ति एक प्रेरक है| भारत में स्त्री शिक्षा में उनका योगदान कोई नकार नहीं सकता| यह चित्र विस्मृत स्मृति है उन पुरानी महिला ऋषि-मुनियों की, जिन्होंने वेद ऋचाओं की रचना भी की और उस मूर्खता की कि स्त्री शिक्षा को धर्म के नाम पर नकार दिया गया| अपनी बिटिया के साथ जब में यह चित्र ले रहा था तो मुझे लगा सावित्री बाई फुले जीवंत होकर मुस्करा रहीं थीं| यह स्वछायाचित्र प्रेरणा है उज्जवल भविष्य के लिए|

तकनीकि रूप से जब मुझे इस चित्र में एक और बड़े फ्रेम की तलाश थी जो आस पास की कथा, गौरव, वास्तुकला, नक्काशी को कुछ और दिखा पाता| यह एक बढ़िया स्वछायाचित्र अनुभव  Selfie experience होता और बढ़िया Selfie camera मेरे पास होता|

 

Enter your email address to subscribe to this blog and receive notifications of new posts by email.

मनभेद की नीति


कई बार सोचता हूँ, क्या राजनीति तुच्छ बात है? कम से कम इस मुद्दे पर राजनीति नहीं होनी चाहिए| राजनीति का यह नकार हमारे लोकतंत्र की खूबी है| कोई राजनीति पसंद नहीं करता – राजनीतिज्ञ तो बिलकुल ही नहीं| संसद में हल्ला मचा रहता है – राजनीति न करो| राजनीति यानि विचार-विमर्श, शब्द संघर्ष – शास्त्रार्थ|

कैसे तय हो क्या सही है| बिना विचार –विमर्श के| मतदान मुद्दे नहीं तय करता| बिना विमर्श के होने वाला मतदान सिर्फ भाई-भतीजावाद है| विमर्श से भागना भीड़तन्त्र को मजबूत करना है – लोकतंत्र को नहीं| लेकिन बात विमर्श की नहीं ही रही| सड़क का संघर्ष आज विचार को जन-जन तक पहुँचाने का संघर्ष नहीं है, सब जोर-जबरदस्ती का मामला है| हिंसक संघर्ष स्वीकार्य होने लगे हैं और अनशन और प्रदर्शन को कोई नहीं पूछता|

लोकतंत्र के लिए आवश्यक है कि पहले मुद्दा हो, उसपर विचार हो, विमर्श हो उसको जनजन तक पहुँचाने की बात हो और फिर जिसका विचार पसंद आये उसे मत दे दिया जाए| आज पहले नेता चुन जाता है बाद में उसका विचार खोजा जाता है| विचार का भी क्या है, सत्ता के बाहर रहकर जिसका विरोध हो, वही सत्ता में आते ही प्रिय विचार हो जाता है| जब विचार के यह हाल हैं तो विमर्श के लिए अवसर ही कहाँ है?

विचार अगर लोकतंत्र का मूल न हो तब लोकतंत्र का नष्ट होना तय ही है| पहले यह भीड़तंत्र बनेगा और बाद में तंत्रहीनता|

आज भले ही सूचना तकनीकि अपने चरम पर हो मगर हम सूचनाएं हमारे हाथ में नहीं हैं|उनका नियंत्रण कोई और कर रहा है| सूचना बिक रही हैं| असुविधाजनक सूचना उपलब्ध नहीं होती| आप जिस पक्ष को एक बार हल्का सा भी समर्थन देते हैं, आपका सूचना तंत्र आपके पास विरोधी या विपक्षी सूचना नहीं आने देता| भ्रम का मायाजाल बन रहा है| जब तक सूचना के दुसरे पक्ष तक पहुँच नहीं होगी, लोकतंत्र समृद्ध नहीं होगा|

राजनीति में मतभेद होने अच्छी बात है, मनभेद नहीं होने चाहिए| मतभेद के लिए मत होना चाहिए| मनभेद के लिए मन| मन का क्या है, किसी पर भी आ जाता है और बाकि सब शत्रु लगने लगते हैं| बस यही नहीं होना चाहिए|

Enter your email address to subscribe to this blog and receive notifications of new posts by email.

उर्दू जुबां हमारी…


हर हिंदी बोलने वाले, खासकर उर्दू को पराया मानने वाले को सामान्य उर्दू जरूर आती है| यह भी कह सकते है कि उर्दू में पलने बढ़ने वाले हर हिन्दुस्तानी को सामान्य हिंदी जरूर आती है| आखिर इन दोनों भाषाओँ का रिश्ता ही कुछ ऐसा है कि बिना दोनों भाषाएँ जाने आप दूसरी को सही से नहीं जान सकते| वर्ना आपको पता कैसे चलेगा कि दूसरी भाषा से कैसे बचा जाए|

इन दोनों भाषाओँ में गुत्थी इस तरह उलझी है कि पता नहीं चलता कि आम बोलचाल में कौन हिंदी बोल रहा हैं या कौन उर्दू| अक्सर माना जाता है की अगर प्रोफ़ेसर साहब ने संस्कृत पढ़ी है तो वो हिंदी बोल रहे हैं और अगर अरबी-फ़ारसी पढ़ी है तो उर्दू|

कई बार लोग यह जानने के लिए कि बोलने वाला हिंदी बोल रहा है या उर्दू, उस से लिखवाकर देखते हैं| अगर देवनागरी लिपि में लिखा तो हिंदी और नश्तालिक़ में लिखा तो उर्दू| मगर मोबाइल के ज़माने में मामला थोड़ा पेचीदा हो गया है| नए लोग रोमन में लिखते हैं| अगर अंग्रेज बहादुर आज होते तो रोमन हिंदी या रोमन उर्दू के लिए शायद कोई नया नाम देते और हम उसे भी एक भाषा मान लेते| कई बार सोचता हूँ कि क्या लिपि बदलने से भाषा का नाम बदल जायेगा| किसी ज़माने में हिंदी कैथी लिपि में और पिछले ज़माने में संस्कृत ब्राह्मी में लिखी जाती थी| उस से भी पहले संस्कृत और अवेस्ता (पुरानी फ़ारसी) एक ही लिपि में लिखे जा रहे थे और उनके शब्द में एक दुसरे में घुले-मिले थे|

आज पंजाबी गुरुमुखी और शाहमुखी में लिखी जाकर भी एक भाषा है| खुद भारत में सिन्धी, एक साथ देवनागरी और अरबी लिपि में लिखी जा रही है| भारतीय प्रशासनिक सेवा में सिन्धी और संथाली भाषाओँ के प्रश्नपत्रों के लिए दो लिपियाँ तय की गई हैं|

वास्तव में हिंदी-उर्दू का झगड़ा ब्रिटिश इंग्लिश और अमेरिकन इंग्लिश के झगड़े से कहीं अलग नहीं है| मगर जिस तरह उर्दू को भारतीय नेताओं ने थाली में सजाकर पाकिस्तान को दे दिया है, उस तरह अमेरिकन इंग्लिश को थाल में सजाकर नहीं दिया गया है|