पाप और अपराध


 

धर्म का लक्ष्य हमें मोक्ष की ओर ले जाना हैं| यदि हम ध्यान से समझें तो धर्म का अंतिम लक्ष्य सृष्टि के समस्त जीव; मानव, पशु, कीट, पादप, जीवाणु और विषाणु को मोक्ष दिला कर सृष्टि को समापन तक ले जाना है|

क्या राज्य का लक्ष्य मोक्ष है? नहीं; राज्य का मूल लक्ष्य समाज के सतत संचालन और सुरक्षा में निहित है|

राज्य वर्तमान में देखता है और धर्म भविष्य पर ध्यान रखता है| यही मूल अंतर राज्य को धर्म से अलग करता है| इसके विश्लेषण से आप पाते हैं कि यही अंतर पाप को अपराध से अलग करता है| पाप मोक्ष को रोकता है और अपराध सामाजिक सततता और सुरक्षा को|

राज्य के कानूनों में अनेक तत्व धर्म के नियमों से मेल रखते हैं| इसके कई कारण हैं: १.कुछ  नकारात्मक प्रक्रियाएँ दोनों प्रकार के लक्ष्य में बाधा डालतीं हैं; २. अधिकतर प्राचीन विधि – विशेषज्ञ धर्म गुरु भी रहे हैं; ३. अनेक व्यक्ति धर्म व् राज्य विरोधी कार्यों से सत्ता पाते रहे हैं और अपनी सामाजिक स्वीकृति के लिए राजा के ईश्वरीय प्रतिनिधि होने का सिद्धांत गढ़ते रहे हैं|

इन्ही कारणों से राज्य कानूनों में आज भी ऐसे तत्व विद्यमान हैं जिनका अपराध अथवा सामाजिक सततता और सुरक्षा से कोई लेना देना नहीं हैं| उदहारण के लिए: आत्महत्या; समलैंगिक सम्बन्ध; विवाह (धार्मिक प्रक्रिया); धार्मिक मान्यताओं का रक्षण; आदि|

साथ ही हम राज्य कानूनों में अनेक तत्व देखते हैं जिन्हें हम अनेक बार धर्म विरोधी समझते हैं| उदहारण के लिए: सती – प्रथा; देव – दासी; दहेज़; आरक्षण; धर्म परिवर्तन; पर्दा; खतना; आदि|

मेरे सामने प्रश्न है; अपराध क्या है?

मेरे विचार से अपराध एक ऐसा कृत्य, जिसके कारण किसी व्यक्ति को तन, मन और धन की ऐसी हानि पहुँचती हो, जिस के कारण से सामाजिक सततता और सुरक्षा में बाधा उत्पन्न होती हो अथवा हो सकती हो|

हम किसी भी ऐसे कृत्य को अपराध नहीं ठहरा सकते जिससे इस परिभाषा की दोनों शर्त पूरी न होतीं हों| “सहमतिपूर्ण समलैंगिक यौन सम्बन्ध” दोनों में से किसी भी शर्त को पूरा नहीं करते|

 

व्यवसायिक पेशेवर


Goal Posts

गोलपोस्ट (Photo credit: KTDEE….)

 

क्या किसी पेशेवर सेवा प्रदाता का कार्य में कोई अंतर पड़ता है जब वह नौकरी में हो अथवा जब उसने अपनी खुद का प्रैक्टिस शुरू किया हो? मेरा मानना यह रहा है कि नौकरी करते हुए हम प्रायः अपने एक नियोक्ता को अपनी सेवाएँ देते हैं जबकि प्रैक्टिस में हम कई मुवक्किलों के लिए अपने आप को उपलब्ध रखते हैं| यह एक आदर्श स्तिथि है| जब हमारे पास पर्याप्त संख्या में बंधे हुए मुवक्किल हों तो हम उनके बीच अपना समय प्रबंधन करते हैं| उस समय में हमारे लिए नौकरी और स्वतंत्र कार्य में कोई अंतर नहीं होता है|

 

यह स्तिथि उस समय बदल जाती है जब हमारे पास अपनी अपेक्षा से कम मुवक्किल हों| यह अपेक्षा हमारी वास्तविक आर्थिक आवश्यकता भी हो सकती है और लोलुपता भी| उस समय में हम संघर्षरत रहते हैं| हमारी स्तिथि किसी भी दैनिक मजदूर से भिन्न नहीं होती| निश्चित रूप से लोलुपता की स्तिथि हमें मानसिक व् शारीरिक रूप से थका डालती है और हमें पेशेवर के स्थान पर पेशेवर मजदूर बना देती हैं| एक पेशेवर मजदूर अपने मुवक्किल के हर आदेश पर नृत्य करता हैं, यद्यपि यह नृत्य – संरचना उसकी अपनी होती हैं परन्तु मुव्वकिल एक स्वामी की भूमिका में आ जाता हैं| मुझे लगता है कि यह अवांछनीय स्तिथि है और धीरे धीरे हमें पेशेवर के स्थान पर पेशेवर मजदूर बना देती है|

 

 

एक अन्य स्तिथि वास्तविकता में हम मुश्किल से ही देख पते हैं, वह है, व्यवसायिक पेशेवर| व्यवसायिक पेशेवर, वह पेशेवर है जो पेशे में मात्र पारिश्रमिक ही नहीं देखता बल्कि अपने कार्य में से लाभ भी कमाने के बारे में सोचता है| इस मामले में कुल आय के दो भाग होते हैं; पारिश्रमिक और लाभ| ज्यादातर इन मामलों में, आप अपने पारिश्रमिक से अधिक सोचने की स्तिथि में आ चुके होते हैं| परन्तु, आर्थिक स्तिथि और अनुभव से अधिक यह हमारी मानसिक सोच और संघर्ष की मानसिकता को दर्शाता है| यधि हम व्यवसायिक पेशेवर बनना चाहते है तो हमें अपने में यह मानसिकता पहले ही दिन से उत्पन्न  करनी होती है| इस प्रकार के पेशेवर मॉडल में हमें सफल होने में कुछ अधिक समय अधिक लग सकता है परन्तु यदि हमने पहले दिन से यह मॉडल नहीं अपनाया तो हमारे शुरुवाती मुवक्किल हमारे पूरे पेशेवर जीवन में हमारे व्यवसायिक मॉडल में सफल नहीं होने देंगे|

 

सबसे बड़ी बात यह है कि हमें व्यावसायिक पेशेवर बनने की स्तिथि में इस बात का भी ध्यान रखना होता है कि हमारे मुवक्किल का कार्य सदा होता रहे और हमारे होने और न होने से भी उस पर कोई नकारात्मक प्रभाव न पड़े| एक “ज्ञान उद्यमी” के लिए यह  स्तिथि प्राप्त करना एक बड़ी बात है| सबसे बड़ा खतरा उस साथी से ही महसूस होता है जो हमारी कार्य प्रणाली का हिस्सा है| इस दर को जीतना ही हमारी व्यवसायिक पेशेवर सफलता की कुंजी है|

 

आम आदमी पार्टी संसदीय दल के लिए चुनौती


Arvind Kejriwal and friends

Arvind Kejriwal and friends (Photo credit: vm2827)

नवोदित आम आदमी पार्टी को दिल्ली चुनाव के रोचक परिणामों से उत्पन्न चुनौती का सामना कर पाने के लिए मेरी शुभकामनायें|

चुनाव परिणामों को देखने के बाद मेरी यह धारणा प्रबल हुई कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस अहंकार का शिकार हुई|

साथ ही भाजपा सही समय के तुरंत बाद सत्तापक्ष और विपक्ष के विरुद्ध उत्पन्न जन आक्रोश को समझने में सफल हुई| साथ ही भाजपा ने उचित समय पर न केवल चुनावी रणनीति में बदलाव किये वरन समय पूर्व ही चुनाव उपरांत की संभवनाओं पर भी मंथन किया|

भाजपा ने सही छवि के व्यक्ति को मुख्यमंत्री पद के प्रत्याशी बनाया| भाजपा ने अपने प्रमुख प्रतिद्वंदी के रूप में आआपा की पहचान की और उसकी छवि बिगाड़ने के सारे प्रयास किये अथवा उनमें भाग लिया| भाजपा के पास क्षेत्र वार समीकरणों, मतदान परिणामों और उनके दूरगामी प्रभावों का पूरा आंकलन था|

आप देख सकते है कि रामकृष्णपुरम से आआपा प्रत्याशी शाज़िया इल्मी को बेहद प्रभावी तरीके से चिह्नित किया गया| उन पर लगाये गए आरोप भले ही कहीं से भी आये हों, परन्तु भाजपा में उन्हें प्रभावी तरीके से प्रचारित किया| भाजपा ने इल्मी को आआपा के तथाकथित असल चहरे के रूप में पेश करने का प्रयास किया जिसे सोशल मीडिया पर बार बार शेयर किया गया|

इल्मी का उस क्षेत्र से चुना जाना संघ परिवार के लिए आत्महत्या करने जैसा होता क्योंकि उस क्षेत्र में विश्व हिन्दू परिषद् का मुख्यालय है और मुस्लिम आबादी का कोई बड़ा प्रभाव नहीं है| भाजपा हिन्दू बाहुल्य क्षेत्र से “पढ़ी लिखी मुस्लिम महिला” को जीतने देकर, देश भर के कट्टरपंथी हिन्दू समाज को नया सन्देश नहीं जाने दे सकती थी| हिन्दू बाहुल्य क्षेत्र से “पढ़ी लिखी मुस्लिम महिला” का जीतना कई नए सन्देश देता –

अ)    सुशासन के बढ़ा हुआ महत्त्व,

आ)  हिन्दू मुस्लिम खाई को भरना,

इ)      हिन्दू समाज में मुस्लिम समाज की सकारात्मक छवि

ई)      मुस्लिम महिला और समाज को विकास और खुली सोच का आदर्श

उ)     सांप्रदायिक राजनीति का अंत

मतदान के दिन उसके पोलिंग एजेंट पूरी तन्मयता से हर मतदाता को चिन्हित कर रहे थे और उसके मूड को भांपने का प्रयास कर रहे थे| उन्हें तीसरे पहर तक यह सही जानकारी थी कि किस पोलिंग बूथ पर किसको कितना मतदान हुआ है| भाजपा के बंधे हुए समर्थकों को शाम से ही बुला बुला कर मतदान कराया गया|

आप देख सकते हैं कि बहुत से चुनाव क्षेत्रों में अंतिम समय में हुए मतदान से ही भाजपा ने जीत हासिल की है| देर शाम के इस मतदान ने अन्य चुनावी रणनीतिकारों को सकते में डाल दिया था|

मतगणना के दिन जब यह तय हुआ कि समस्त परिश्रम के बाद भाजपा पूर्ण बहुमत के पास नहीं पहुँच रही है तो उन्होंने बहुत शीघ्र उन्हें अपनी आगे की रणनीति के पासे चलने प्रारंभ कर दिए हैं| मुझे भाजपा की प्रशंसा करने चाहिए कि उसने दिल्ली में दंभ का प्रदर्शन नहीं किया और मंझे हुए राजनीतिक दल की तरह अपने कदम उठाने का निर्णय किया है|

 इस समय भाजपा ने सबसे बड़ा दल होने के बाद भी सरकार बनाने की पहल करने से मन कर दिया है| हम इस समय बाजपेयी जी की तेरह दिन की सरकार से इसकी तुलना नहीं कर सकते| उस समय भाजपा अपनी सरकार को शहीद कर कर हिन्दू जनता को यह सन्देश दे रही थी कि अन्य सारे दल उसके विरुद्ध साजिश कर रहे हैं| आज अगर भाजपा सरकार बना कर सत्ता लोलुप होने की छवि नहीं बनाना चाहती| दूसरा सरकार बनाने के लिए होने वाली जोड़तोड़ उसे आआपा के मुकाबले में बेहद कमजोर नैतिक पायदान पर ले आएगी| अगर जल्द ही चुनाव होते हैं तो उसे अपने सारे राजनैतिक दाँव पेच चलाने का पूरा समय मिल जायेगा| यदि यह चुनाव लोकसभा चुनावों के साथ होते हैं तो उस समय दिल्ली के स्थानीय मुद्दों और आआपा के सत्तर स्थानीय घोषणापत्रों पर राष्ट्रीय मुद्दे छाये रहेंगे| उस समय भाजपा दिल्ली में मोदी – केजरीवाल मुकाबले में मोदी की शक्ति को बढ़ा कर देखती है|

यह भी देखना है की भाजपा किस प्रकार सरकार बनाने की जिम्मेदारी से भागने का दोष संभालती है|

 आआपा के किये यह अभी नयी शुरुवात है और अभी उसका राजनैतिक अन्नप्राशन होना है| उसके लिए सौभाग्य की बात है कि वह दूसरा बड़ा दल है| अगर वह सरकार बनाती है तो सत्ता लोलुपता के स्तर पर उसमें और अन्य दलों में कोई अंतर नहीं रह जायेगा| सरकार बनाने के बाद उसके उसके ऊपर अपने घोषणापत्र लागू करने का दबाब होगा जिसे बिना पूर्ण बहुमत लागू करना कठिन है| लेकिन उसे यह भी नहीं दिखाना है कि वह विरोध की राजनीति में इतनी रम गयी है कि आज सत्ता से भी भाग रही है|

आआपा पर यह चुनौती है कि वह किस तरह भाजपा को सरकार बनाने के लिए प्रेरित करे| उस से भी बड़ी चुनौती यह है कि किस तरह से आआपा इस विधानसभा के भंग होने की स्तिथि में जनता को यह सन्देश देती है कि गलत प्रकार की राजनीति ने दिल्ली में दोबारा चुनावों की स्तिथि पैदा कर दी है|

 यदि आआपा किसी अन्य दल की सरकार को चलने देकर बेहद सकारात्मक विपक्ष की भूमिका अपना सकती है| आआपा भाजपा के घोषणापत्र से वह मुद्दे जनता को बता सकती है जिनसे उसकी सहमति है| खुले मंच से यह घोषणा की जा सकती है कि यदि भाजपा अपने घोषणा पत्र में से चिह्नित घोषणाओं पर पहले तीन महीने के भीतर अमल का भरोसा दे तो आआपा उसकी सरकार को अन्य मामलों पर मुद्दों के आधार पर समर्थन दे सकती है|