उन दिनों राम जन्मभूमि आन्दोलन जोरों पर था| जगह जगह कार्यक्रम जयश्रीराम से शुरू होते और जय भारत पर समाप्त होते थे| जयहिन्द सरकारी विद्यालयों का नारा था और नये निजी विद्यालय जयभारत की ओर सरक रहे थे| जयहिंद राष्ट्रभक्त और जयभारत हिन्दूराष्ट्रभक्त होने से जुड़ रहा था; मगर खुल कर कोई सामने नहीं आता था|
प्रायः, जयहिन्द के साथ उद्घोषित किया जाने वाला जयभारत; जयहिंद घोष के प्रति ब्राहमणवादी संस्कृतनिष्ठ पूर्वाग्रह का प्राकट्य है| इसके अतिरिक्त उसकी कोई आवश्यकता नहीं है| कई बार जयहिंद को चंद्रशेखर आजाद, भगतसिंह और सुभाषचंद्र बोस जैसे समाजवादी विचारधारा वाले क्रांतिकारियों से जुड़ा होने के कारण भी पूंजीपति हिन्दुत्वादी पसंद नहीं करते| वैसे आजकल इतिहास का पुनर्लेखन करते हुए इस क्रांतिकारियों को हिन्दुत्वादियों ने अपना लिया है, परन्तु उनके शिविर में जयभारत जयहिंद के समकक्ष रखने की विवशता हास्यास्पद है|
उन दिनों राष्ट्रवादी लोग क्रिकेट के मैच, राष्ट्रीय उत्सवों और सभाओं में भारत माता की जय का नारा बुलंद करते थे| भारतमाता जनमानस में निराकार, निर्गुण, मातृभूमि का नाममात्र और भावनामात्र थीं और आज भी हैं| जिसका सावरकर के निराकार निर्गुण पितृभूमि से सिद्धांत रूप से विभेद तो है, परन्तु अधिक अंतर नहीं है|
दूसरा तबका हिन्दूराष्ट्रवादी था जो तब तक भारतमाता की जय नहीं बोलता था जब तक अनंतउत्तर के समक्ष सिंहसवारपताकाधारी माता का चित्र सामने न हो| कई बार भ्रम होता कि आजाद हिन्द फ़ौज की भारत माता और हिन्दुराष्ट्रवादी की भारत माता में उतना ही भीषण अंतर है जितना वेदांत की निर्गुण और सगुन शाखा का|
सगुण के श्रृद्धालू प्रतीकों में इतने बंध जाते हैं कि उन्हें निराकार निर्गुण विश्वास प्रायः नास्तिकता या अधर्म के तुल्य लगते हैं; जबकि वह खुद अपने विश्वास की सीमायें जानते हैं|
आज भारत में “वन्देमातरम कहना होगा” और “भारत माता की जय” करना होगा का वाद विवाद उसी राष्ट्र प्रेम और राष्ट्रद्रोह के सगुण अंधविश्वास में फंस गया है|
lekhan shaili achchhi hai…. sagun aur nirgun ka antardwand bhi bhavpurna hai…..
पसंद करेंपसंद करें