सिकंदराराऊ में होली के कड़ाहों के अलग अंदाज थे| हुलियारों की अलग अलग टोलियाँ शहर में गाती – बजाती गुलाल उड़ाती और रंग खेलती घूमतीं| मगर सबसे बड़ा आकर्षण रंग के बड़े बड़े कडाहों का था, जो शहर के अलग अलग इलाकों में रखे जाते थे|
इन कड़ाहों का होली पर इस्तेमाल के अलावा कोई और काम न था| ये हर बरस होली से पहले निकलते, साफ़ होते, मौज – मस्ती करते और फिर तहखाने में जाकर सोये रहते| ये कड़ाहे कुंभकर्ण के पुराने चेले चपाटे लगते| इन कड़ाहों को ज़रा सा हिलाने में भी दो चार लोग लगते और साफ़ करने का काम भी किसी त्यौहार से कम न होता| लोग इन की सफाई के लिए भी दिन तिथि तय करते, मोहल्ले में बुलावा लगाते|
कड़ाहे की गहराई – चौड़ाई इसके मालिक के बड़प्पन और इसमें घोले गए रंग का गाढ़ापन उसके दिल में समाज के प्रति लगाव का गाढ़ापन बताना| बढ़िया गाढ़ा पक्का रंग हफ़्तों तक लोगों के दिल दिमाग और शरीर पर चढ़ा रहता| टेसू का तैयार रंग गुनगुना ही कड़ाह में डाला जाता| बाद में लाल हरे रंग भी न जाने कब घोल दिए जाते| हुलियारे अभी इन कड़ाहों में खुद उतर जाते तो कभी थोड़ी ताकत और प्रेम से उतार दिए जाते| अगर जोर जबरदस्ती के बीच किसी का शरीर कड़ाहे के किनारों से टकरा जाता तो मन लिया जाता कि मर्जी का मामला नहीं है और वहां मौजूद बड़े तुरंत बीच में आ जाते| शायद ही कभी किसी के चोट लगी हो|
घूमना –फिरना, रंगना – रंगाना, खाना – पीना चलता रहता| गुजिये, अंदरसे नमकीन आदि चर्चा में रहते| छोटे शहर में सब लोग जानते कि किस घर में क्या बनता है और किस घर में पकवान का स्वाद उम्दा है| मगर होली खाने के साथ पीने का त्यौहार भी है| आज लोग शराब या भंग से काम चला लेते हैं मगर तब तक ठंडाई और कांजी का जबर दौर था| ठंडाई मंहगा और शाही शौक है| दूध, बादाम, केसर, सौंफ़, गुलाबजल की उम्दा ठंडाई पीने और पिलाने के लिए जिगर चाहिए| मगर शौक़ीन घरों में हमने बेहद बड़े बड़े भगौनों में ठंडाई का गंगा की तरह बहते देखा है| दरवाजे पर आये दुश्मन को भी मांग कर ठंडाई पीते और मेजबान द्वारा हाथ जोड़कर पिलाये जाते देखा है| भांग वाली ठंडाई की के चर्चे भी जोरदार रहते| कांजी भी कम नहीं हैं|
गाजर कांजी का चर्चा अपना जोर रखता| इसमें मौसम की तरावट और उर्जा का अपना योगदान होता है| बड़े बड़े मटकों में कांजी का आचार तैयार होता| जब तक प्रेम से कांजी न बने, इसका स्वाद नहीं आता| हमारे घरों मटकों में कांजी पड़ता| अगर कोई एक बार पीकर दोबारा न मांगे तो घर की औरतें थोड़ा सा खुद चखकर देखतीं कोई कमी तो नहीं आ गई|
होली; मिलने, खेलने, खाने और पीने का त्यौहार है| रंगना और भंगना इसका सिर्फ एक छोटा सा हिस्सा है| इस साल बहुत दिन बाद होली के बाद लम्बा सप्ताहांत है.. आइये.. रंगे, भंगे… गुलाल उड़ायें|
“I’m pledging to #KhulKeKheloHoli this year by sharing my Holi memories atBlogAdda in association with Parachute Advansed.