अतिशय सकार की नकारात्मकता


सकारात्मकता हम सभी की प्रिय है| नकरात्मक व्यक्ति, विचार, विमर्श, वस्तु, किसी को पसंद नहीं आते| पत्र पत्रिकाओं में प्रकाशित आलेख वर्षों से बता रहे हैं कि किसी प्रकार की नकारात्मकता को निकट नहीं आने देना चाहिए| सकारात्मकता के प्रचार प्रसार में विश्वभर के प्रशिक्षकों, प्रेरक वक्ताओं, धर्मगुरुओं, राजनेताओं, की अपार सेना लगी हुई है| अगर इनके प्रचार पर ध्यान दिया जाये तो लगता है विश्व पल भर में बेहद सुखद बनने जा रहा है| कुछ धर्मगुरु अपने प्रवचनों में ईश्वर को नकारात्मकता की रचना करने के लिए दोषी ठहराने के मात्र चौथाई क्षणभर पहले ही अपनी वाक् – प्रवीणता को लगाम दे देते हैं| मानों सकारात्मक होना ही सृष्टि का उद्देश्य है|

विश्व भर में आग्नेयास्त्र वर्षाने वाले एक बेहद बड़े राजनेता पैसे लेकर आपको सकारात्मकता का पुण्य प्रसार करते मिल जायेंगे| विश्वभर के आतंकवादी, शोषक, राजनेता, पूंजीवादी, साम्यवादी, सम्प्रदायवादी, धर्मगुरु, मंदिर, मस्जिद, गिरजे, गुरूद्वारे, मदिरालय, वैश्यालय सब अपने प्रति होने वाले नकारात्मक प्रचार से दुखी हैं| हाल में एक महान समाजशास्त्री समाचारपत्रों में छपने वाले, रेडियो पर बजने वाले, टेलीविजन पर दिखने वाले, उस सभी समाचारों से परेशान थे जिसमें अपराध, शोषण, दमन, हत्या, बलात्कार, आतंकवाद, गरीबी, बेचारी, महंगाई, विपदा, आपदा, आदि मनुष्यमात्र को ज्ञात होते हैं| महान समाजशास्त्रियों का मत है – गैर कामुक प्रेम, आर्थिक विकास, हरियाली, मुस्कान, महाराज्यमार्गों, गगनचुम्बी इमारतों, हँसते बच्चों, खिलखिलाती युवतियों और मस्त युवकों के बारे में ही समाचार, विचारविमर्श होना चाहिए|

वर्तमान समय की विश्व सरकारें अपने कृत्य – कुकृत्यों के बारे में जनता की राय मांगते समय किसी नकरात्मक सम्भावना का विकल्प ही नहीं देतीं| प्रस्तावित कार्यों के लिए सुझाव जानते समय पहले की सकारात्मक सुझाव का एक मात्र विकल्प दिया जाता है| कभी कभी रचनात्मक सरकारें सकारात्मक और रचनात्मक दो विकल्प भी देतीं है| उदहारण के लिए अगर सरकार बहादुर एक दिन में दो सेर मीठा खाना चाहें तो उन्हें रसगुल्ला, बर्फी, गुड़, शहद के सकारात्मक सुझाव दें, यह न कह दें कि इतना मीठा खाने से मधुमेह हो न हो मगर कै, उल्टी – पल्टी, आदि का खतरा हो सकता है| अगर आप रचनात्मक सुझाव देना चाहें तो (जैसा बहुत से बाजारू पेय में होता है,) दो सेर मीठे में उल्टी की दवा मिलाकर पीने का  सकारात्मक सुझाव दे सकते हैं|

अभी हाल में एक सज्जन ने पैदल लम्बी तीर्थयात्रा पर जाने के विचार किया| बोले सलाह दीजिये, हमने थकान, बीमारियों और आयु से सावधान करते हुए उनके दैनिक पदयात्रा लक्ष्य को कम करने का निवेदन किया| बोले, तुम नकारात्मक प्राणी हो, ईश्वर का नाम लो और यहाँ से पधारो| बाद में सप्ताह भर की यात्रा के बाद ही वह चिकित्सालय की शरण जा पहुँचे|

किसी भी विषय आलोचना या समालोचना और आने वाली नकारात्मक परिस्तिथियों को नकार नहीं माना जाना चाहिए| अगर व्यकित अपनी या अपने विचार की आलोचना को नकारात्मक मान कर उसपर ध्यान नहीं देता तो उसकी यह अति सकारात्मकता नकारात्मक परिणाम देती है| इसका अर्थ यह भी नहीं कि नकारात्मक विचार को सिर पर चढ़ा लिया जाए| हल सकारात्मक उपाय ढूढने में है|

गहराना: पुनरावलोकन 2016


गहराना – विचार वेदना की गहराई मध्यम गति से पाठकों को भला लगने लगा है| पिछले वर्ष के तीन  हजार से बढ़कर इस वर्ष साढ़े चार हजार पाठकों ने इसे पढ़ा| पिछले वर्ष इसके चार हजार पृष्ठों के बदले इस वर्ष आठ हजार पृष्ठ पढ़े गए| गहराना के आधे पाठक भारत और लगभग आधे यूनाइटेड स्टेट्स से आते हैं| ब्लॉग पर 274 ब्लॉग पोस्ट में से 74 इस वर्ष प्रकाशित हुई|

ॐकारेश्वर – ममलेश्वर


मध्यप्रदेश का खंडवा जिला पवित्र नदी नर्मदा का विशिष्ट कृपापात्र है| नर्मदा किनारे ॐकारेश्वर ज्योतिर्लिंग इसी जिले में पड़ता है| हनुमंतिया से लौटते हुए अचानक ॐकारेश्वर में स्तिथ मध्यप्रदेश पर्यटन के नर्मदा रिसोर्ट में रुकने का कार्यक्रम बना| नर्मदा रिसोर्ट के प्रभारी श्री नितिन कटारे हमें तुरंत ही साग्रह ॐकारेश्वर मंदिर ले गए| शयन आरती शुरू हो चुकी थी| हमारे पूरे प्रयास के बाद भी हमें आरती देखने को नहीं मिली, आरती जरूर ले पाए| आरती करना, आरती देखना और आरती लेना तीनों एक ही मूल घटना के अलग अलग परिणाम है जो पल भर की देरी के कारण बदल जाते हैं| जब हम पहुंचे तब आरती का अंतिम पद गाया जा रहा था| जिस समय हम यहाँ पहुंचे तब शयन आरती हो चुकी थी|

भगवान् शिव उज्जैन के महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर से यहाँ रात्रि विश्राम के लिए पधार चुके थे| उनका शयनकक्ष तैयार था| उनके बैठने और सोने के स्थान पर चौपड़ बिछी हुई थी, जिससे भगवान् सोने से पहले परिवार के साथ क्रीड़ा का आनंद ले सकें| सुबह ब्रह्ममुहूर्त में भगवान् पुनः प्रस्थान कर जायेंगे| सृष्टि चलाना विकट कार्य है| मैं मन ही मन भगवान् की अनुपस्तिथि पुनः में आने का वचन देता हूँ| आरती लेने के बाद मस्तक पर चन्दन का त्रिपुण्ड धारण कर कर वापिस हो लेता हूँ|

पर्यटन निगम के प्रयास से मुख्य पुरोहित ने हमसे वार्तालाप किया| ॐकारेश्वर मंदिर वास्तव में नर्मदा नदी के बीच मान्धाता नाम के द्वीप पर स्तिथ है| इस द्वीप पर राजा मान्धाता और उनके पुत्रों द्वारा तपस्या की कथा मिलती है| उनकी तपस्या के कारण भगवान् शिव यहाँ ज्योतिर्लिंग के रूप में प्रगट हुए|

भोजन के बाद मध्यरात्रि तक हम उस शांत नगर में भ्रमण करते रहे| प्रातः मैं पुनः ॐकारेश्वर ज्योतिर्लिंग का दर्शन करता हूँ| भगवान् के प्रस्थान के बाद सूना सूना सा है| लगता नहीं कुछ विशेष है| लोग उसी प्रकार पूजा अर्पण कर रहे है जैसे किसी सामान्य मंदिर में होती प्रतीत होती है| अब ममलेश्वर जाना है| ममलेश्वर मुख्यभूमि पर है| बिना ममलेश्वर दर्शन ॐकारेश्वर दर्शन पूरे नहीं होते| यह प्राचीन मंदिर है| कुछ लोगों की मान्यता है कि यह मूल ज्योतिर्लिंग है तो अन्य के अनुसार दोनों ही मूल हैं| इसका प्राचीन स्थापत्य मुझे अन्य ज्योतिर्लिंग मंदिरों का स्मरण दिलाता है| पण्डे – पंडितों का दक्षिणा के लिए संपर्क करते हैं| तभी मुझे एक तख़्त पर हजार के लगभग मिट्टी के छोटे छोटे शिवलिंग दिखते हैं| मैं उनमें से एक पंडित को बुलाकर उनकी कथा पूछता हूँ| यह कथा सुनाने के बीस रूपये से उनकी बोनी तो हो गई मगर उसके मुख पर बेरोजगारी की चिंता बरकरार है|

हमें अब इंदौर के लिए निकलना है|