समाज में संस्कृत


प्राचीन भारतीय भाषा संस्कृत को लेकर भारतीय विशेषकर उच्चवर्ग मानसिक रूप से लगाव रखता है| जिन लोगों को किसी भी भारतीय भाषा में बात करने में शर्म आती हैं वो भी संस्कृत का जिक्र आते ही अपने ह्रदय में राष्ट्र, धर्म, संस्कृति, और संस्कार के झंडे बुलंद करने लगते हैं| मगर अगर भारतीय जनसंख्या के अनुपात में देखें तो जनसँख्या का नगण्य हिस्सा के लिए ही संस्कृत  मातृभाषा है| मुट्ठी भर भारतीय इसे समझ बोल सकते हैं| बहुसंख्य के लिए संस्कृत गायत्री मंत्र या किसी और गुरुमंत्र की भाषा मात्र है| अधिकांश “काले अक्षर भैस बराबर – यजमान” पंडितजी के सही गलत उच्चारण में बोली गई संस्कृत में वेद – पुराण मन्त्रों से अपना इहलोक और परलोक “सुधार” लेते हैं और ॐ जय जगदीश हरे या कोई फ़िल्मी आरती गाकर या सुनकर संतुष्टि प्राप्त करते हैं|

सरकारी हिंदी और धार्मिक संस्कृत की भारत में दशा इनके पोंगा प्रचारों, अनुष्ठानों और समारोहों के कारण जनता से कोसों दूर है| सरकारी हिंदी का बनावटीपन उसकी विनाशगाथा है| मगर संस्कृत का दुर्भाग्य है कि यह धर्म के ठेकेदारों के कब्जे में है और विद्यालयों और विश्वविद्यालयों में भी इसके शिक्षक संस्कृत को धर्मग्रंथों से अलग कर कर नहीं देख पाते| उनके लिए संस्कृत वेद पुराण की भाषा से अधिक कुछ नहीं है| भर्तहरि बाणभट्ट, जयदेव, जैमनि, कालिदास, आदि उनके लिए संस्कृत का नहीं, सामान्य ज्ञान – अज्ञान का विषय है| आचार्यों के दीर्घबुद्धि में यह नहीं आता कि जब भाषा को साहित्य से अलग कर दिया जाय तो वह बूढी हो जाती है और जनता से कटकर मृत|

मगर संस्कृत की दुनिया में सब कुछ पंडिताऊ अंधकार ही नहीं है, जन साधारण का उजाला भी है:

देखिये सुनिए नीचे दिए गए चलचित्र –

 

 

 

 

नीमराणा फोर्ट पैलेस


नीमराना जाने के मामले में हुआ यूँ कि सब कुछ इत्तिफाक से होता चला गया| एक प्रतियोगिता के चलते एक ब्लॉग पोस्ट यहाँ लिखी गई| जिसमें मैंने पद – पर्यटन यानि घुमक्कड़ी पर अपने विचार रखे थे:

पद – पर्यटन का अर्थ यह नहीं है कि हम घर से लेकर अपने गंतव्य की यात्रा पैदल करें| इसके कई पहलू है| अधिक पैदल यात्रा, बेहद कम सामान, पर्यटन स्थान से अधिक जुड़ाव|

उसके बाद एक प्रसिद्ध पर्यटन पत्रिका के रेस्पोंसिबल टूरिज्म सम्मलेन के लिए बुलावा आया और वहाँ जो कुछ पढ़ा सीखा उस पर भी ब्लॉग पोस्ट यहाँ लिखी गई| अब उन दोनों पोस्ट पर पुरुस्कार स्वरुप नीमराणा जाने का वाउचर मिल गया| मजे की बात यह कि हमारे लिए तारीख तय करना बहुत मुश्किल हुआ, आखिरकार एक पुराने वादे के चलते एक जरूरी मीटिंग में न जाने का फैसला किया गया| खान मार्किट पर नीमराना शॉप में गर्मजोश सवाल के बदले हमें जो महल (कमरा) लेने की उदास सलाह दी गई, वही हमने चुन लिया| वैसे यह चुनाव सही रहा|

मार्च के पहले सप्ताहांत हम बस पकड़ कर नीमराणा जा पहुंचे| राष्ट्रीय राजमार्ग से होटल तक एक पुराने मित्र ने टैक्सी का प्रबंध करवाया था| भारी भरकम विकास के बीच मौजूद छोटी से कस्बाई आबादी से होकर हम एक पुराने किले में प्राचीन शानदार किले में मौजूद अधुनातन शानदार रिजोर्ट पहुंचे|

पुखराज महल

जी हाँ, यही नाम था – पुखराज महल –  जहाँ हम रुके थे| पंद्रहवीं शताब्दी में बने भाग का सबसे ऊपरी और महत्वपूर्ण महल| तीन कमरों (जिनमें से एक को स्नानागार में बदला गया है), एक बालकोनी, एक टेरेस के साथ नीमराणा फोर्ट, शहर और आसपास का शानदार नजारा| प्राचीन आभा देता हुआ फर्नीचर, सजावट और आधुनिक स्नानागार|

पुखराज महल: आधिकारिक फ़ोटो

पुखराज महल: आधिकारिक फ़ोटो

नीमराणा फोर्ट पैलेस का हर कमरा अपने आप में अलग है| उस से दिखाई देने वाला नजारा भी कुछ हद तक बदल जाता है| पुखराज महल से आप स्विमिंग पूल ही नहीं, लगभग पूरा रिसोर्ट ही देख सकते हैं| यहाँ से स्विमिंग पूल, डाइनिंग हॉल, ओपन एयर थिएटर और अन्य सुविधाएँ आदि सब पास ही हैं| कमरों की साज सज्जा आपको एक दिन के महाराजा होने का पूरा अनुभव देने के लिए काफी है|

नीमराणा फोर्ट के नए हिस्से और आधुनिक निर्माण अपने पुरानेपन को आधुनिकता के साथ संजोने का प्रयास है|

हम भी दिनभर पूरे किले में घूमते रहे| सामान्य किलों के विपरीत यहाँ हमें अपनी मर्जी से कहीं भी घूमने, बैठने और खड़े होने की आजादी थी| बहुत से लोग तो लगा कि इसी रिसोर्ट में रुक कर भारतीय वास्तुशास्त्र, इतिहास, भूगोल, कला और संस्कृति की जानकारी ले लेना चाहते हैं| दो तीन लड़के लड़कियां तो शायद फोटोग्राफी में अपना कैरियर यहीं बना लेना चाहते हैं| यह आसन फोटोग्राफी के लिए बढ़िया स्थान है|

हर शनिवार को कुछ न कुछ सांस्कृतिक कार्यक्रम होता है| उस दिन तेज आंधी और बारिश के कारण कार्यक्रम खुले में न होकर बंद कमरे में हुआ| उसके बाद भोजन, गाला डिनर, का साप्ताहिक आयोजन था| यह भी आज सामान्य भोजन कक्ष में हो रहा है|

अगले दिन विंटेज कार से नीमराणा कस्बे का चक्कर लगाया और दिल्ली आ गए| विंटेज कार के ड्राईवर के अलावा हर कोई यहाँ बहुत अधिक औपचारिक था| यह बड़े होटलों में होता है|

यह औसत भारतीय के लिए महंगा मगर एक सुखद अनुभव था|

जयहिंद बनाम…


उन दिनों राम जन्मभूमि आन्दोलन जोरों पर था| जगह जगह कार्यक्रम जयश्रीराम से शुरू होते और जय भारत पर समाप्त होते थे| जयहिन्द सरकारी विद्यालयों का नारा था और नये निजी विद्यालय जयभारत की ओर सरक रहे थे| जयहिंद राष्ट्रभक्त और जयभारत हिन्दूराष्ट्रभक्त होने से जुड़ रहा था; मगर खुल कर कोई सामने नहीं आता था|

प्रायः, जयहिन्द के साथ उद्घोषित किया जाने वाला जयभारत; जयहिंद घोष के प्रति ब्राहमणवादी संस्कृतनिष्ठ पूर्वाग्रह का प्राकट्य है| इसके अतिरिक्त उसकी कोई आवश्यकता नहीं है| कई बार जयहिंद को चंद्रशेखर आजाद, भगतसिंह और सुभाषचंद्र बोस जैसे समाजवादी विचारधारा वाले क्रांतिकारियों से जुड़ा होने के कारण भी पूंजीपति हिन्दुत्वादी पसंद नहीं करते| वैसे आजकल इतिहास का पुनर्लेखन करते हुए इस क्रांतिकारियों को हिन्दुत्वादियों ने अपना लिया है, परन्तु उनके शिविर में जयभारत जयहिंद के समकक्ष रखने की विवशता हास्यास्पद है|

उन दिनों राष्ट्रवादी लोग क्रिकेट के मैच, राष्ट्रीय उत्सवों और सभाओं में भारत माता की जय का नारा बुलंद करते थे| भारतमाता जनमानस में निराकार, निर्गुण, मातृभूमि का नाममात्र और भावनामात्र थीं और आज भी हैं| जिसका सावरकर के निराकार निर्गुण पितृभूमि से सिद्धांत रूप से विभेद तो है, परन्तु अधिक अंतर नहीं है|

दूसरा तबका हिन्दूराष्ट्रवादी था जो तब तक भारतमाता की जय नहीं बोलता था जब तक अनंतउत्तर के समक्ष सिंहसवारपताकाधारी माता का चित्र सामने न हो| कई बार भ्रम होता कि आजाद हिन्द फ़ौज की भारत माता और हिन्दुराष्ट्रवादी की भारत माता में उतना ही भीषण अंतर है जितना वेदांत की निर्गुण और सगुन शाखा का|

सगुण के श्रृद्धालू प्रतीकों में इतने बंध जाते हैं कि उन्हें निराकार निर्गुण विश्वास प्रायः नास्तिकता या अधर्म के तुल्य लगते हैं; जबकि वह खुद अपने विश्वास की सीमायें जानते हैं|

 आज भारत में “वन्देमातरम कहना होगा” और “भारत माता की जय” करना होगा का वाद विवाद उसी राष्ट्र प्रेम और राष्ट्रद्रोह के सगुण अंधविश्वास में फंस गया है|