कड़ाहे वाली होली


सिकंदराराऊ में होली के कड़ाहों के अलग अंदाज थे| हुलियारों की अलग अलग टोलियाँ शहर में गाती – बजाती गुलाल उड़ाती और रंग खेलती घूमतीं| मगर सबसे बड़ा आकर्षण रंग के बड़े बड़े कडाहों का था, जो शहर के अलग अलग इलाकों में रखे जाते थे|

इन कड़ाहों का होली पर इस्तेमाल के अलावा कोई और काम न था| ये हर बरस होली से पहले निकलते, साफ़ होते, मौज – मस्ती करते और फिर तहखाने में जाकर सोये रहते| ये कड़ाहे कुंभकर्ण के पुराने चेले चपाटे लगते| इन कड़ाहों को ज़रा सा हिलाने में भी दो चार लोग लगते और साफ़ करने का काम भी किसी त्यौहार से कम न होता| लोग इन की सफाई के लिए भी दिन तिथि तय करते, मोहल्ले में  बुलावा लगाते|

कड़ाहे की गहराई – चौड़ाई इसके मालिक के बड़प्पन और इसमें घोले गए रंग का गाढ़ापन उसके दिल में समाज के प्रति लगाव का गाढ़ापन बताना| बढ़िया गाढ़ा पक्का रंग हफ़्तों तक लोगों के दिल दिमाग और   शरीर पर चढ़ा रहता| टेसू का तैयार रंग गुनगुना ही कड़ाह में डाला जाता| बाद में लाल हरे रंग भी न जाने कब घोल दिए जाते| हुलियारे अभी इन कड़ाहों में खुद उतर जाते तो कभी थोड़ी ताकत और प्रेम से उतार दिए जाते| अगर जोर जबरदस्ती के बीच किसी का शरीर कड़ाहे के किनारों से टकरा जाता तो मन लिया जाता कि मर्जी का मामला नहीं है और वहां मौजूद बड़े तुरंत बीच में आ जाते| शायद ही कभी किसी के चोट लगी हो|

घूमना –फिरना, रंगना – रंगाना, खाना – पीना चलता रहता| गुजिये, अंदरसे नमकीन आदि चर्चा में रहते| छोटे शहर में सब लोग जानते कि किस घर में क्या बनता है और किस घर में पकवान का स्वाद उम्दा है| मगर होली खाने के साथ पीने का त्यौहार भी है| आज लोग शराब या भंग से काम चला लेते हैं मगर तब तक ठंडाई और कांजी का जबर दौर था| ठंडाई मंहगा और शाही शौक है| दूध, बादाम, केसर, सौंफ़, गुलाबजल की उम्दा ठंडाई पीने और पिलाने के लिए जिगर चाहिए| मगर शौक़ीन घरों में हमने बेहद बड़े बड़े भगौनों में ठंडाई का गंगा की तरह बहते देखा है| दरवाजे पर आये दुश्मन को भी मांग कर ठंडाई पीते और मेजबान द्वारा हाथ जोड़कर पिलाये जाते देखा है| भांग वाली ठंडाई की के चर्चे भी जोरदार रहते| कांजी भी कम नहीं हैं|

गाजर कांजी का चर्चा अपना जोर रखता| इसमें मौसम की तरावट और उर्जा का अपना योगदान होता है| बड़े बड़े मटकों में कांजी का आचार तैयार होता| जब तक प्रेम से कांजी न बने, इसका स्वाद नहीं आता| हमारे घरों मटकों में कांजी पड़ता| अगर कोई एक बार पीकर दोबारा न मांगे तो घर की औरतें थोड़ा सा खुद चखकर देखतीं कोई कमी तो नहीं आ गई|

होली; मिलने, खेलने, खाने और पीने का त्यौहार है| रंगना और भंगना इसका सिर्फ एक छोटा सा हिस्सा है| इस साल बहुत दिन बाद होली के बाद लम्बा सप्ताहांत है.. आइये.. रंगे, भंगे… गुलाल उड़ायें|

“I’m pledging to #KhulKeKheloHoli this year by sharing my Holi memories atBlogAdda in association with Parachute Advansed.

होली २०१४


 

 

रंग हम भारतियों के जीवन में हमेशा ही महत्वपूर्ण होते हैं| रंगीन कपड़े, रंगोली, रंगीन फूल मालाएँ, रंगीन मिजाज नेता सब हमारे जीवन के रंगमंच को इन्द्रधनुषी बनाते हैं| होली तो रंग का त्यौहार है| होली पर आप कोई भी रंग नहीं प्रयोग कर सकते हैं| रंग का चयन न सिर्फ आपकी सेहत के लिए महत्वपूर्ण है वरन आपके व्यक्तित्व की भी झलक दे सकता है|

हमारे यहाँ होली का चलन है कि आप जिस से जलते हों, चिड़ते हों, जो आप से ज्यादा समझदार हो, जो आप से आगे निकल गया हो, जिस से आप पिछड़ गए हों, जिस के कपड़े आप के कपड़ों से अच्छे हों, जिसका पति आपके पति से ज्यादा सुन्दर हो, जिस की पत्नी आप की पत्नी से ज्यादा चतुर हो, जिस का नया घर हो, जिस के नई राजनीतिक पार्टी हो, जो किसी दल – दल से बाहर हो, और जिसके पास बिना दारू वाले दोस्त हों; उस पर काला रंग लगाया जाये| उस के बाद अपने ही जैसे बौद्धिक, मानसिक, सामाजिक, राजनितिक और आर्थिक स्तर के कुछ लोगों के साथ.. मुँह काला, मुँह काला का नारा लगाया जाना चाहिए| बाकी लोगों को कर्ण प्रिय लगे इसके लिए बुरा न मानों होली है, होलिका मैया की जय, भारत माता की जय, वंदेमातरम् आदि नारे भी लगाये जा सकते हैं|

गहरे नील रंग का प्रयोग आपके व्यक्तित्व को सुधार सकता है, बशर्ते आप सवर्ण हों| नीला रंग आपको सभी समुदायों को साथ लेकर चलने वाला; अवसर की समझ रखने वाला, आपसी सामाजिक व्यवहार में विश्वास रखने वाला बना सकता है| परन्तु यदि आप गैर सवर्ण जाति से हों तो इस रंग से परहेज करें| इस रंग के प्रयोग से आपको कोई विशेष लाभ नहीं मिलेगा वरन लोग समझेंगे की आप जहाँ के तहाँ ही रह गए हैं|

यदि आप सवर्ण हिन्दू है तो आप हरे रंग का प्रयोग कर सकते है| यह रंग पर्यावरण के प्रति आपके प्रेम का उदगार है| हरे रंग का असर देर तक रहता है| यदि आप इस रंग के लिए मेहँदी या पालक का प्रयोग करें तो आपको अति बुद्धिमान भी समझा जा सकता है| परन्तु चीन देश से रंग आयात करने वाले लोग आपके ऊपर काले रंग का प्रयोग कर सकते हैं|

मैं मुस्लिम समुदाय को हरे रंग के प्रयोग की सलाह नहीं दूंगा भले ही यह चीन से आयत हुआ हो या घर पर पालक पीस कर बनाया गया हो| इस से अजीब से बू आती है और केसरिया रंग के सांड भड़क सकते है| बल्कि भारतीय मुस्लिम को तो २०१४ के पहले पांच महीने हरी तरकारी जैसे मैथी, पालक, सरसों साग, सेम आदि का सेवन भी नहीं करना चाहिए| आप केसरिया रंग का प्रयोग सावधानीपूर्वक कर सकते है|

सवर्ण हिन्दू होने की स्थिति में आप केसरिया रंग का प्रयोग भली भांति कर सकते है| इस से आपके देश भक्त, समझदार होने का सबूत मिलता है|

दिहाड़ी मजदूर, आदिवासी और गरीब लोग लाल रंग के प्रयोग से बचें| इस रंग के प्रयोग से सांड भड़क सकते हैं| होली के आसपास तो आपको चोट भीं नहीं लगनी चाहिए वरना उसका लाल रंग आपके जीवन के लिए संकट हो सकता है|

आखिरी और महत्वपूर्ण सलाह है| किसी भी स्तिथि में टेसू के रंग का प्रयोग न करें वर्ना कोई भी आपको टेसू समझ सकता है|

होली की चुनावी शुभकामनाएं!!