विश्व-बंदी ६ अप्रैल


उपशीर्षक – भक्ति विषाणु 

सरकार को करोना के साथ भक्ति विषाणु से भी लड़ना पड़ रहा है| मीडिया भी कम विषाणु नहीं| उत्तर प्रदेश के कई जिलों की पुलिस के ट्विटर हैंडल्स पर कुछ सरकारपरस्त मीडिया चेनल को निशानदेह करकर असत्य और भ्रामक खबर न फ़ैलाने का अनुरोध दिखाई दिया| भले ही इस प्रकार के ट्विट बाद में हटा लिए जाए परन्तु यह सरकार की बढ़ती चिंता का द्योतक है| बलरामपुर की एक भाजपा नेत्री के विरूद्ध दिए जलाने के साथ हवा में गोलीबारी कर डालने के लिए कार्यवाही की गई – यह अलग बात की माफीनामे के साथ शायद उन्हें छोड़ दिया गया| देश दुनिया में बीमारी फ़ैल रही है और संवेदनहीन समर्थक भक्त बनकर अपने नेता को भी उपहास का पात्र बना दे रहे हैं|

सब से अधिक चिंता की बात अस्पतालों का बीमार घोषित कर दिया जाना है| मुंबई के एक नामी गिरामी अस्पताल में तीस से अधिक चिकित्सक और चिकित्साकर्मी बीमार हो गए हैं| अब अस्पताल को आम लोगों के लिए बंद किया गया है| देश में अन्य कई अस्पतालों के बारे में भी ऐसी खबरें हैं| आवश्यक साजोसामान की कमी लगातार चिंता का विषय है| तबलीगियों और विदेश से वापिस आए लोगों के बाद दिखा जाये तो बीमारों का बड़ा समूह चिकित्सा से जुड़े लोग हैं| सरकारी अस्पताल में भीड़ की अधिकता  और संसाधन की कमी के चलते उपकरण और दवा की किल्लत समझ आती है| मगर प्रसिद्ध निजी अस्पतालों में ऐसा होना चिंता का नहीं अपितु निंदा का विषय है|

देश भर में तबलीग की आड़ में मुस्लिम विरोधी बात हो रही है और मुस्लिम को चिकित्सकों का विरोधी बताया जा रहा है| परन्तु हिन्दू मकान मालिकों और पड़ोसियों द्वारा स्वधर्मी चिकित्सकों के विरुद्ध गाली गलौज की बातें भी लगातार सामने आ रही हैं|

आज पुलिस ने मोहल्ले में फिर से मार्च किया| वैसे यहाँ लोग कम ही निकल रहे हैं परन्तु पूर्ण रूप से सुरक्षित नहीं कहा जा सकता|

मौसम में आज काफी गर्मी महसूस हुई| प्रदूषण रहित माहौल में सूर्य अपने पूर्ण आभामंडल के साथ प्रकाशमान है| हवा की ठंडक तेजी से कम हो रही है| अगर जल्दी धूल भरी आँधियाँ नहीं आतीं तो गर्मी बहुत महसूस होगी|

Enter your email address to subscribe to this blog and receive notifications of new posts by email.

विश्व- बंदी ४ अप्रैल


उपशीर्षक – निशानदेही 

आज लोदी रोड पुलिस थाने से फ़ोन आया| पति-पत्नी से पिछले एक महीने आने जाने का पूरा हिसाब पूछा गया| पूछताछ का तरीका बहुत मुलायम होने के बाद भी तोड़ा पुलिसिया ही था| कुछ चीज़े शायद स्वाभाव से नहीं निकलतीं या शायद मेरे मन में पुलिस कॉल की बात रही हो तो ऐसा महसूस हुआ| मेरा अनुभव है कि दिल्ली पुलिस शेष उत्तर भारत की पुलिस से कहीं अधिक जन सहयोगी है| मेरे जबाब में बस्ती निज़ामुद्दीन का ज़िक्र तक नहीं था तो उसने सीधे ही मुझ से पूछ लिया| मैंने अपना आवागमन मार्ग समझा दिया तो उसे थोड़ी संतुष्टि हुई| मगर फिर भी शंका के साथ उसने हालचाल और अतापता पूछ लिया| फिर भी उसे चिंता थी कि मेरा मोबाइल उस टावर की जद में कैसे आया तो तकनीकि और भौगोलिक जानकारी के साथ संतुष्ट करना पड़ा|

वैसे परिवार में सब पंद्रह दिन से घर में ही बंद हैं| मेरे अलावा कोई भी दूध सब्जी लेने के लिए भी सीढ़ियाँ नहीं उतरा| मोहल्ले के बाहर मेरी अंतिम यात्रा भी २० मार्च को हुई थीं| वह तारीख भी पुलिस वाले के रिकॉर्ड में भी थी| ऐसा इसलिए हुआ कि मैं बस्ती निज़ामुद्दीन से मात्र कुछ सौ मीटर से ही तो गुजरा था| मोबाइल टावर आपकी मौजूदगी तो दर्ज करते ही हैं| घर भी तो बहुत दूर नहीं है निजामुद्दीन से|

मोबाइल फोटोग्राफी का एक वेबीनार देखा| जोश में दो तीन फ़ोटो खींचे गए और विडियो बनाए गए| तो

मकान मालिक रोज हालचाल के लिए फ़ोन करते हैं| आज बैंक तक गए थे| पूछा तो कहने लगे बहुत जरूरी काम था| क्या दिन आए हैं – बैंक जाने के लिए भी सफाई देनी पड़ती है| वो घर के प्रांगण में ही टहलने का उपक्रम करते हैं वर्ना रोज लोदी गार्डन जाते थे|

घर में लिट्टी-चोखा बनाया गया| यहीं समय है कि नए नए पकवान बनाए खाए जाएँ| परन्तु घुमने फिरने की कमी के कारण अतिरिक्त व्यायाम का भी ध्यान रखना पड़ रहा है|

इन दिनों आसमान का नीलापन दिल चुरा लेने वाला है| चाँद पूरे रंग ढंग में चमकता है| तारों ने भी अपनी महफ़िल मजबूती से जमा ली है| हल्की ठंडक में बाहर ही सो जाने का मन करता है| बचपन के वो दिन याद आते है जब हम छत पर सोते थे| अभी समझ नहीं आता कि छत पर सोना उचित हैं या नहीं| अजीब सी बेचैनी महसूस होती है|

विश्व- बंदी २ अप्रैल


उपशीर्षक – मूर्खता का धर्म युद्ध 

आज मानवता के संरक्षक भगवान विष्णु के अवतार श्री राम का जन्मदिन है| मानवता अपनी मौत मरना चाहती है| ताण्डव हो है| मैं मूर्खता का धर्म युद्ध देख रहा हूँ| कौन सा धार्मिक संप्रदाय ज्यादा मूर्ख है इस बात की होड़ चल रही है|

पहले भारत के प्रधानमंत्री की मानवतापूर्ण बात का तथाकथित वैज्ञानिक आधार खोजकर जनता कर्फ्यू की शाम तालियों, ढोल नगाड़ों बाजे ताशों के साथ देश ने अपना मजाक उड़वाया| इस से पहले गौमूत्र और गोबर के महाभोज आयोजित हुए कि इन दोनों पदार्थों के सेवन से विषाणु का असर नहीं होगा| फिर तबलीग वाले और उनकी मूर्खतापूर्ण वक्तव्य सामने आये जो काफ़िरों पर हुए इस खुदा के कहर में खुद बीमार पड़े और काफ़िरों से ज्यादा स्वधर्मियों के लिए ख़तरा बने| भारत के बाहर की ख़बरें भी दुःखदायी हैं| इस्रायल में ऑर्थोडॉक्स यहूदियों पर सरकार को पुलिस कार्यवाही करनी पड़ी और ड्रोन, हेलीकॉप्टरों और स्वचालित हथियारों का प्रयोग करना पड़ा| अमेरिका में एक पंथ ने बीमारों के आग्रह किया की बीमार होने पर दूसरों पर खांसने और थूकने का हमला करें|

अधिकतर धर्म बड़ी बीमारियों को ईश्वर की मर्जी (यहूदी, ईसाई, मुस्लिम) या नए – पुराने पापों का फल (हिन्दू, बोद्ध, जैन, सिख) मानते हैं| कुल मिला कर हर धर्म का अन्धविश्वासी बीमारी में मरकर स्वर्ग का द्वार अपने लिए खोलना चाहता है| कुछ लोग अपने सहधर्मियों के लिए यह “सरल” मार्ग उपहार में देना चाहते हैं तो अन्य काफ़िरों/अविश्वासियों/कमुनिस्ट आदि को पाप का फल या प्रायश्चित का अवसर उपहार में देना चाहते हैं|

इन धार्मिक अंध-विश्वास के नाम पर बहुत से लोग चिकित्सकों और स्वस्थ्य कर्मियों पर हमला कर रहे हैं कि हमारी जाँच और इलाज न करों| दूसरी तरफ वो लोग भी हैं जो चिकित्सकों और स्वस्थ्य कर्मियों पर इसलिए हमला कर रहे हैं कि उनके मरीज को देखने में देरी हो रही है|

सब डरे हुए लोग अपना बचाव चाहते हैं| मेरे जैसे कुछ घर में “डरकर” बंद बैठे हैं| तो कुछ सड़क पर सिगरेट पीते हुए सोचते हैं कि बीमार (भले ही बीमार को अपनी बीमारी का पता तक न चला हो) घर बैठे| कुछ महानुभाव इलाज के अभाव में बीमारों को मार डालने तक की बात कर रहें हैं| यह इतना घाटक है कोई बीमार अपनी बीमारी बताने में भी डरने लगे| तेलंगाना के स्वास्थ्य मंत्री को करोना हुआ है मगर दो अन्य मंत्री आज मंदिर में राम नवमी के सार्वजानिक पूजन कर कर ईश्वर प्रसन्न करते नजर आए|

सबसे घटिया वह लोग हैं जिन्हें करोना का इलाज कर रहे अपने किरायदार चिकित्सकों और स्वस्थ्य कर्मियों को घरों से निकाल रहे हैं| बहुत के पड़ोसियों ने चिकित्सकों और स्वस्थ्य कर्मियों को घर लौटने से मना कर दिया| इन मकान मालिकों और पड़ोसियों का कोई धर्म नहीं क्योंकि इनके पास अच्छा पैसा, उच्च जाति, उच्च वर्ग और कर देने का उलहना है|

शाम ठीक बीती| काम धंधा करना है पर इस माहौल में कार्य में चित्त लगाना कठिन हो रहा है| ब्लॉग के अलावा सामाजिक मीडिया के अपने को बाहर कर रहा हूँ| सही–गलत ईश्वर जाने|