न, यशोदा हरि पालने न झुलावै


आजकल प्रसूति गृहों, महिला चिकित्सालयों और जच्चा बच्चा केन्द्रों में भी पालने नहीं होते| महंगे चिकित्सीय उपकरणों के बोझ से दबा चिकित्सा तंत्र शायद इसे अनावश्यक खर्च मानता होगा| मेरे बचपन तक पालने, भले घरों में तो थे ही, चिकित्सालयों में दिखाई देते थे| मुझे बचपन का अपना लकड़ी का नक्काशीदार पालना आज भी याद है, हम तीनों बहन भाई उस में कुछ दिन रहे और बाद में वह शानदार पालना नष्ट हो गया| माँ कई बार काम करते समय अपनी कलाई या बांह से पालने की रस्सी बांध लेती थी, जिससे पालना बिना किसी अतिरिक्त प्रयास के झूलता रहे| धीरे धीरे पालने का चलन ख़त्म हुआ|

आज न माँ बच्चों को पालने में सुलाती है, न पालना झुलाते हुए लोरी गाती है| माँ भी बच्चों को अपने बिस्तर पर सुलाना पसंद करती है| आज माएं शायद बच्चों से अधिक करीब हैं| बच्चे माँ, नानी दादी, धाय या किसी और की गोद में होते हैं या उनकी बगल में सोए रहते हैं| मजे की बात है कि आजकल दादी नानियाँ भी पालने के लिए जोर नहीं डालतीं| आखिर क्या हुआ कि एक और गौरवशाली भारतीय परम्परा नष्ट हो गई|

भारत में रोजगारपरक पलायन, छोटे घर का चलन और सयुंक्त परिवार का टूटना तीन ऐसी घटनाएँ थीं कि माँ बच्चों के अधिक निकट आने लगीं और बच्चे उनके अकेलेपन के साथी बनने लगे| यह सब न सिर्फ माँ के अकेलेपन का इलाज था बल्कि कई बार नापसंद या हिसक पति से राहत भी देता था| इससे बच्चों का क्या लाभ हुआ?

भारतीय विशेषज्ञों की बात आजकल के स्वदेशी जमाने में कोई सुनता नहीं है| इसलिए हम पश्चिमी विशेषज्ञों की बात करेंगे|

अमेरिकन एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स[1] पहले छः महीनों के लिए माँ को अपने बच्चे के साथ एक ही कमरा साझा करने की सलाह देता है। हालांकि यह संस्था माँ को बच्चे के साथ एक ही बिस्तर पर सोने की सलाह नहीं देती| उसके अनुसार, बच्चों को अपना खुद का क्षेत्र और अपनी नींद के लिए बिस्तर चाहिए| संस्था एक स्थिर पालने की सलाह देती है| यह भारत में चलन में रहे झूलने वाले पालनों से थोड़ा अलग है| संस्था के मुताबिक यदि आप पालना नहीं खरीद सकते या उसे रखने की जगह न हो तो बस्सिनेट लेने की सलाह दी जाती हैं|

यह तय है कि कपड़े से बने अस्थाई पालने जन्म के प्रारंभिक कुछ एक दो महीने में बच्चे को गर्भ जैसी सुरक्षा का अहसास देते हैं परन्तु उसके बाद वह उसके विकास क्रम में बाधा बनते जैसे करवट लेने में कठिनाई, रीढ़ को सीधा करना और रखना न सीख पाना|

फ़िनलैंड में १९३० से (तब फ़िनलैंड बहुत गरीब देश था) सरकार प्रत्येक बच्चे को जन्म के समय कार्डबोर्ड का एक डिब्बा देती है|[2] इसमें उसकी जरूरत की बहुत सी चीजें होती हैं जिन्हें बच्चा अपने शुरुआती जीवन में प्रयोग करता है| सामन निकालने के बाद यह कार्डबोर्ड का डिब्बा बच्चे का पालना होता है| यह माना जाता है कि फ़िनलैंड में शिशु मृत्युदर कम रखने में इस डिब्बे का बहुत योगदान है|

माना जाता है कि पालने में सोने वाले बच्चे जल्दी ही स्वतंत्र और विकिसित व्यक्तित्व बनने लगते हैं|

[1] https://www.webmd.com/parenting/baby/baby-prep-17/buying-baby-furniture

[2] https://www.bbc.com/news/magazine-22751415

हत्यारे तीमारदार!!


क्या कोई तीमारदार वाकई बीमार के मरने पर गुस्सा हो सकता है? ऐसा करने वाला पागल होना चाहिए या बेहद डरपोक| बीमारों के मरने पर डॉक्टर को पीटने वाले समाज की पतली गलियों में रहने वाले आवारा कुत्ते जैसे है| जिस प्रकार उन आवारा कुत्तों को पिटने का डर लगा रहता है, तीमारदारों को सामाजिक बुराई का डर लगा रहता है| डॉक्टर को पीटने में इनका मरीज से प्रेम नहीं हो सकता क्योंकि मरीज तो कष्ट से मुक्त हो गया| उसके जीवन चक्र का एक चक्र समाप्त| शायद मोक्ष भी मिला हो|

हमारे तीमारदार को लगा रहता है – समाज क्या कहेगा, ठीक से इलाज नहीं कराया? सही जगह नहीं ले गए| पैसा नहीं खर्च किया होगा| अधिकतर तीमारदार का हल्ला यही होता है कि साले डॉक्टर जब पैसा फैंक रहे थे तो मरीज कैसे मर गया?

हमें इलाज कब चाहिए? हमें तो खर्च की फेहरिश्त चाहिए तो समाज के मुंह पर मार सकें| डॉक्टर पर हमला करने वाले तीमारदार अपनी रकम का जादू असफल होने का गुस्सा डॉक्टर पर उतार रहे होते हैं|

कोई कर्तव्यनिष्ठ डॉक्टर मरीज को क्यों मारेगा? कर्त्तव्यविमुख डॉक्टर के लिए तो खैर मरीज सोने का अंडा देने वाली मुर्गी है| डॉक्टर तो इस जिद्दोजहद में लगे रहते हैं कि मरीज ठीक हो न हो मगर जिन्दा रहे| अगर मरीज जिन्दा रहे, आता जाता रहे, तो डॉक्टर का महीने का खर्च भी निकलता रहे| डॉक्टर को पता है इंसान चाहता क्या है – जिन्दगी| भले ही वो जिन्दगी कद्दू हो जाए| देश भर में लाइलाज बीमारियों के सालों महीनों से मराऊ पड़े मरीजों का लेखा जोखा करा लीजिये| बिना किसी सफलता की आशा के बाद भी उन्हें जिन्दगी की पगडण्डी पर घसीटा जा रहा है| आखिर क्यों? समाज का डर, क़ानून का कमीनापन, तीमारदारों का भोलापन और सबसे अंत में डॉक्टर का लालच|

वास्तव में डॉक्टर पर ऊँगली उठानी भी है तो पूछिए कि दस साल एक मरीज को वेंटिलेटर पर क्यों लटका रखा है? एक गोली के जगह अठारह गोली एंटीबायोटिक क्यों लिख दी? बिना मतलब के महीने महीने अलाना फलाना टेस्ट क्यों हो रहा है? बेचारा डॉक्टर दवा कंपनी का दबाव तो फिर भी सह ले मगर मरीज के मामा की गालियाँ कैसे सहे?

घसीट घसीट कर जिन्दगी जीता मरीज विज्ञान या चिकित्सक से अधिक समाज की असफलता है| इस पर कोई नहीं बोलना चाहता| अपने चिकित्सकों पर अविश्वास कीजिये – लम्बे इलाज पर अविश्वास कीजिये| कभी कभी यह भी सोचिये कि कहीं आपका डॉक्टर मरीज को जबरन जिन्दा रखने के सहारे आपका परिवार तो नष्ट नहीं कर रहा| मगर उसपर अपने मरीज की मौत का इल्जाम नहीं लगाइए|

मरती हुई नदी अम्मा


क्या आप एक पात्र में गंद या गन्दा पानी लेकर अपनी माँ के सिर पर डाल सकते हैं?

अगर आपका उत्तर नकार में है तो आप घटिया किस्म के झूठे हैं| अगर आप एक भारतीय हिन्दू हैं तो आप झूठे ही नहीं महापापी भी हैं| ईश्वर अनजाने में किये गए पाप को तो माफ़ कर भी दे मगर जानते बूझते अनजान बनने से तो काम नहीं चलेगा| ईश्वर के माफ़ करने से क्या माँ दिल से माफ़ करेगी|

नदियाँ, जिन्हें सारा भारत माँ कहता है और जिनका देवी कहकर मंदिरों में पूजन हो रहा है, उनके माथे ऊपर कूड़ा करकट कौन डाल रहा है?

माँ के दुर्भाग्य से यह सब उसकी अपनी धर्म संताने कर रही हैं| हभी हाल में माँ यमुना के किनारे पर उनके पूजन के नाम पर प्रदूषण करने वाले एक स्वनामधन्य हिन्दू धर्मगुरु ने तो अपनी गलती मानने और अदालत द्वारा लगाये गए जुर्माने को देने से इंकार कर दिया| सुबह सुबह नदियों में आचमन करने जाते पूंजीपति अपने कारखानों में प्रदुषण पैदा करते हैं और उसे बिना साफ़ सफाई के नदियों की गोद में डाल देते हैं| बहुत से तो इनता अच्छा करते हैं कि कारखाने में या उसके पास धरती की कोख में अपनी पैदा की गई गंद डाल देते हैं|

अगर किसी माँ का इतना अपमान होगा तो उनका मन मलिन न होगा| क्या वो माँ ये न कहने लगेगी कि ईश्वर उसे ऐसे संतान से मुक्ति दे? क्या वो अपने लिए मृत्यु की कामना न करने लगेगी?

शायद अब नदियाँ ईश्वर से प्रार्थना कर रहीं हैं, हमें पानी मत देना मौला|