शिशुओं की ऑनलाइन पढ़ाई


इस सप्ताह चार साल की बेटी को पहली बार ऑनलाइन पढ़ाई करनी थी तो मुझे लगा, यह कैसे होगा? बच्ची बैठेगी कैसे? अपनी शिक्षिका को टेलिविज़न अभिनेत्री की तरह तो नहीं समझेगी? क्या आपसी समझ बन पाएगी? क्या अनुशासन बन पायेगा?

वह पिछले जनवरी तक छः महीने पढ़ने गई थी| उसके बाद हमने घर बदला और जब तक कहीं उसका दाखिला होता राष्ट्रीय तालाबंदी हो चुकी थी| lockdown| दाखिले की बकाया कार्यवाही इस साल पूरी की गई| इस पूरे साल उसने घर पर पढ़ने और अपने भाई को ऑनलाइन पढ़ते देखने में समय बिताया| इस पूरे साल उसने स्कूल जाने के साथ ऑनलाइन पढ़ाई करने के भी सपने देखे| उसने खेल खेल में करोना को रोज मारा और हम सबकी हिम्मत बनाये रखी|Online Education|

पहले दिन वह उतना ही उत्साहित थी, जितना आजकल के बच्चे बाहर घूमने जाने के लिए और पहले के बच्चे दावत में जाने के लिए होते थे|

बच्ची ने पहली रात सुबह छः बजे का अलार्म लगवाया था परन्तु हमने इसे चुपचाप सात बजे कर दिया था| बच्ची साढ़े छः बजे उठ बैठी थी|  उत्साह देखते ही बनता था| एक ऐसा समय जब बच्चों को किसी नए व्यक्ति या बच्चे से मिलने का अवसर नहीं मिल रहा, यह एक शानदार अवसर था| बहुत जल्दी नहाकर तैयार थी| आज के दिन के लिए उसने नए कपड़े खरीदे थे| नई कलम, नई पुस्तक – पुस्तिकाएं, नया अनुभव|

बिना किसी  सहायता के उसने लैपटॉप चालू कर लिया था और लिंक खोलने के लिए हल्ला मचा रही थी| अचानक उठी और घर के मंदिर में सरस्वती को प्रणाम करने पहुंची| शायद उसकी माँ ने कहा था| आकर उसने लैपटॉप और पुस्तकों की समझ अनुसार पूजा की| मैं कलम के लिए याद दिला दिया| कर्मकांडों से दूर संस्कृति के यह चिन्ह संतोष देते हैं|

अभी तो नौ बजे थे| विद्यालय की ओर से सुबह दस बजे के लिए समय तय किया गया था| घड़ी धीरे धीरे चल रही थी कि बच्ची को कोई कठिनाई न हो| अगला एक पल उतना लम्बा था कि “-इन्तहा हो गई इन्तजार की” जैसा कोई फ़िल्मी गाना गाया जा सकता था| ऐसे ऐसे साठ मिनिट अभी बीतने थे|

उसके बाद लैपटॉप का चक्का घूमा| तब पढ़ाई शुरू हुई|

लगता नहीं था कि यह उसका पहला दिन है| विडिओ कॉल के सभी अनुभव उसके काम आ रहे थे| जिस उम्र में मैंने टेलिविज़न नहीं देखा था, रेडियो छूने के अनुमति नहीं थी, ट्रांजिस्टर पर भी केवल आवाज कम ज्यादा करने का काम मिलता था, वह लैपटॉप पर ऑनलाइन पढ़ने लगी थी| पर यह ऐसा वक्त था कि इसे उपलब्धि नहीं कहा जा सकता था|

अगले चालीस मिनिट उसे अपने अनदेखे सहपाठियों के साथ सह-अस्तित्व, सहयोग, सहभागिता का परिचय देना था| उनके साथ प्रतिस्पर्धा करनी थी और बहुत कुछ सीखना था|

अचानक उसने मुझसे पूछा, हाथ कैसे उठाते हैं? यह मेरे लिए नया था| पता होने के बाद भी मैंने अभी तक हाथ उठाने के बटन का प्रयोग नहीं किया था| मुझे लगा था कि वह भी साधारण तरीके से हाथ ऊपर कर देगी| मगर उसे तकनीक की अच्छी समझ थी|

हर पीढ़ी अपने कठिन समय से इसी तरह मुकाबला करती होगी|

बिचौलिया – 2


समाज बिचौलियों के विरुद्ध क्यों है| इसके ऐतिहासिक कारण है| पहले समय में बिचौलिए का काम गाँव या शहर में एक दो लोग करते थे और उनके बीच कोई प्रतियोगिता न थी| एकछत्र व्यापार का  ऊँचा लाभ था| कुछ हद तक इस तरह देखिए- हस्तशिल्पी अपना शिल्प एक हजार में बिचौलिए को देता है जो बड़े ब्रांड दो हजार में लेकर दस हजार में उपभोक्ता को देते हैं| सब इस “लूट” को जानते हैं परन्तु क्योंकि इन मामलों में उपभोक्ता बड़ा व्यक्ति है तो वह समय और वितरण तंत्र के खर्च और आवश्यकता समझते हुए मांगी गई कीमत दे देता है| इन मामलों में बिचौलिया अपने ब्रांड और दुकान की चमक भी जोड़ देता है तो उपभोक्ता थोड़ा खुश भी रहता है|

परन्तु यदि यह मामला नमक का हो तो उत्पादक से दस पैसे का नमक लेकर गाँव तक पहुँचते पहुँचते जब दस बीस रूपये का हो जाता है| यह खलता है| खासकर तब, जब बिचौलिए ने कोई अतिरिक्त सुविधा न जोड़ी हो जैसे – नमक पीसना, उसमें न जमने देने वाले रसायन मिलाना, पैकिंग करना, या अपनी ब्रांड वैल्यू जोड़ना| बल्कि बोरीबंद दानेदार नमक तो घर लाकर धोना भी पड़ता था| अगर गाँव के विक्रेता के पास अवसर हो और प्रतियोगिता न हो तो वह इसके चालीस रुपए भी वसूल सकता है|

भारत बिचौलियों का इतिहास पहले भी खराब रहा है| वितरण तंत्र वैश्य समुदाय के रूप में आदर पाता रहा, परन्तु उत्पादक और सेवा प्रदाता शूद्र कहलाते रह गए| अरब और अंग्रेज भी वितरण तंत्र को परिष्कृत करते करते शासक बन बैठे| व्यापार यानि वितरण यानि बिचौलिया आज भी स्थानीय से लेकर वैश्विक व्यापार का केंद्र है|

बिचौलिया विरोधी यह अनुभव भावना के रूप में आज भी कायम है| उदहारण के लिए दवाओं के मामले में सब जानते हैं कि दस पैसे मूल लागत की दवा उपभोक्ता को दस रूपये से लेकर सौ रूपये तक मिलती है| गाँव से एक रुपये किलो में चलने वाली सब्ज़ी शहर में उपभोक्ता को चालीस रुपए से अस्सी रुपये में पड़ती है| हम यह भी नहीं समझते कि बिचौलिया वितरण तंत्र का आवश्यक अंग है| हम वितरण तंत्र के खर्च नहीं देख पाते पर मुनाफ़े को देखते और चिड़ते हैं| जैसा मैंने पिछली पोस्ट में लिखा था, बड़ी कंपनियां अपने लाभ के लिए इस वितरण तंत्र को आत्मसात कर रही हैं और बिचौलिया विरोधी हमारी भावना का अस्त्र के रूप में प्रयोग कर रही हैं|

साथ में मानसिकता की भी बात है| जिन उत्पादों पर मूल्य लिखा हो हम उन्हें ऊँचे दाम पर सरलता से खरीद लेते हैं ख़ासकर ऐसे उत्पादकों का उत्पाद जिसका अच्छा प्रचार किया गया हो| क्योंकि हमें लगता है कि हम सीधे उत्पादक से खरीद रहे हैं| जब भी वितरण तंत्र हमें उत्पादक के साथ जुड़ा हुआ दिखता है तो हम सरलता से उत्पाद महंगे दाम पर खरीद लेते हैं|

दिल्ली संशोधन विधेयक


दिल्ली संशोधन विधेयक पर आपत्ति दर्ज आखिर क्यों की जाए? मुझे इसकी कोई आवश्यकता नहीं लगती| जिन्होंने जो बोया वो काटा| दिल्ली वालों, दिल्ली में रहने वालों और दिल्ली में आते जाते रहने वालों की लोकतंत्र में कोई आस्था नहीं| दिल्ली की आस्था तो सत्ता है, सत्ता दिल्ली का धर्म कर्म सब रहा है| दिल्ली वाले किसी को पाँच गाँव की चौकीदारी न दें ये तो सत्ता सुख देने की बात है|

दिल्ली को राज्य बनाने की मांग जनसंघ – भाजपा की थी| मगर सत्ता के फेर में उप-राज्य से समझौता किया| मगर दिल्ली को भाजपा ने ऐसी शानदार सत्ता दी कि जल्द ही दिल्ली की सत्ता तो क्या विपक्ष में भी उनका नामलेवा न रहा| कांग्रेस सत्ता में आई और शान शौकत के साथ राज किया| तथाकथित विपक्ष में बैठकर भाजपा हड्डियाँ चबाती रही| विपक्ष के नाम पर एक अस्तित्वहीनता का माहौल बना जिसमें आन्दोलन-जीवियों को विपक्ष का काम करना पड़ा आज भी आन्दोलन जीवी ही दिल्ली में विपक्ष का काम कर रहे हैं और उनकी जिम्मेदारियां बढ़ी ही है| भाजपा (संघ की बात नहीं कर रहा) विपक्ष में भी इतना सोती है कि वर्तमान विपक्ष के राष्ट्रीय नेता राहुल गाँधी भी शर्मा जाएँ| वैसे भी शीला जी इतना काम दिल्ली में कर गयीं कि किसी नेता को और अधिक काम की गुंजाईश नहीं दिख रही| केजरीवाल ने दिल्ली में इनता खैरात कर दिया कि अम्बानी के खजाने खाली हो जाएँ| भाजपा के लिए अगले दस साल दिल्ली में सत्ता पाना कठिन है| अब जिसे खट्टे अंगूर की बेल समझा जाए उसे कौन अपने बागीचे में सजाता है? तो दिल्ली राज्य या उपराज्य भाजपा के लिए बेकार है|

केजरीवाल दुःख दिखा रहे हैं मगर उनसे कोई सहानुभूति नहीं| इसलिए नहीं की उनका दिल्ली में काम बेकार है| मगर इसलिए कि दूरदर्शिता उनसे दूर रहती है| प्रधानमंत्री का सोचकर वह मुख्यमंत्री पद साधने लगते हैं| जम्मू कश्मीर को जब राज्य से गिरा कर केंद्र शासित क्षेत्र में बदला गया तो क्या बोले थे केजरीवाल, सबको पता है| सोचा न होगा कि कल उनके झौपड़े पर भी अंगारा गिरेगा| केंद्रीय भाजपा को लगता है कि जब मन होगा विधेयक पलट कर दिल्ली सत्ता में बैठ जायेंगे| जो नारद लोग विधेयक पर नारायण नारायण कर रहे हैं वो पूछना या सोचना भी नहीं चाहते कि सालों पहले भाजपा को पूर्ण राज्य क्यों चाहिए था और आज पूर्ण केंद्रशासन क्यों चाहिए| मगर केजरीवाल को जम्मू कश्मीर की आह लगी है, बिना बात समझे सोचे आह-वाह करने लगते हैं|

कांग्रेस का क्या किया जाए उनका खुला खेल फरुखाबादी था तो भाजपा का खुल्लम-खुल्ला खेल अहमदाबादी है| आप राष्ट्रपति शासन लाते थे यहाँ राज्य का दर्जा ही ख़त्म| देखिये आगे क्या होता है – बंगाल केरल का नंबर भी आता होगा| सत्ता के खेल में विभीषण बनिएगा तो स्वायत्ता क्यों कर मिलेगी? अपनी अपनी लंका बनाइये और करते रहिए अपनेअपने रामभजन|