आर्यावर्त और अफ़गानिस्तान


सामाजिक माध्यमों में लिखी हुई बातों से यह लगता है कि गैर-मुस्लिम समाज में अफगानिस्तान के मुस्लिम समुदाय को लेकर बड़ी चिंता है| सब उन्हें तालिबान के जंगल राज से बचाना चाहते हैं| दो दिन पहले अमेरिका-परस्तों को लगता था तालिबान शत्रु है उन्हें कल के बम्ब धमाकों के बाद इस्लामिक स्टेट नामक संगठन शत्रु नज़र आता है| कल क्या खेल होगा पता नहीं|

विश्वराजनीति का यह खेल कितना और लम्बा चलेगा किसे पता? जब से मुग़ल साम्राज्य से काबुल छूटा, विदेशी साम्राज्यों की निगाह में खटकता रहा है| शुरू हुआ था विश्व का सबसे लम्बा कूटयुद्ध  – द ग्रेट गेम – पूरे भरतखण्ड पर कब्ज़ा करने का| 

अफ़ग़ानिस्तान – प्राचीन मद्र, गांधार और कम्बोज गणराज्यों का वर्तमान स्वरुप – प्राचीन आर्यावर्त के सोलह महाजनपदों में से तीन आज के अफगानिस्तान का भाग हैं|

इस मानचित्र का स्रोत विकिपीडिया है, ध्यान दें मानचित्र समय समय पर बदलते रहते हैं|

महत्त्व इस बात का अधिक है कि यह वह मूल भाग है जिसे अंधयुगीन यूरोप अपने मानचित्रों में इण्डिया समझता रहा| सिकंदर को यहाँ आने तक यह नहीं पता था कि जिस भारत को जीतना चाहता है वह तो यहाँ मात्र प्रारम्भ होता है| सच यह है कि यूरोपीय अपने मानस के उस मूल भारत को आज तक जीत नहीं सके| शुरूआती अरबों के लिए भी यह भाग ही हिंदुस्तान थे, शेष इलाके उनके ज्ञान वृद्धि के साथ उनके मानस हिंदुस्तान के शामिल हुए| 

यहाँ ध्यान रखने की बात यही कि भले ही भारत में आम धारणा है कि दिल्ली की और हुए मध्ययुगीन आक्रमण विदेशी थे, परन्तु लगभग सभी मुख्यः आक्रमण प्राचीन आर्यवर्त के भूभाग से ही हुए – यह अलग बात है कि हम आक्रमणक करने वालों के नए इस्लाम धर्म के कारण उन्हें विदेशी मान लेते हैं और उनके हिन्दू और बौद्ध पुरखों के आक्रमण को भारत की आपसी खींचतान| 

यहाँ यह कहते जाना समीचीन होगा कि इस्लाम पूर्व अफ़ग़ानिस्तान (संस्कृत शब्द अश्वकान फ़ारसी रूप – अफ़ग़ान) में शासन करने वाले दो महत्वपूर्ण वंश तुर्कशाही और हिन्दूशाही क्रमशः बौद्ध और हिन्दू थे| तुर्कशाही वंशों का एक प्रमुख शासक राणा श्रीकरि बौद्ध था| क्या आपने राणा शब्द को देखा, जो बाद में जाटों और राजपूतों में प्रयोग हुआ है?  काबुल के हिन्दूशाही राजा जयपाल द्वारा गज़नी के महमूद ग़जनवी का पतन होता है जो बाद में पुनः खड़ा होकर गुजरात और सिंध के इलाकों में तबाही मचाता है|  एक बात और ध्यान देने की है कि जिस कालखंड में तुर्कशाही, हिन्दूशाही और तोमर उत्तर भारत के बड़े भाग के शासक थे, वह कालखंड उत्तर भारतीय इतिहास से न जाने क्यों गायब है? किताबों से ऐसा क्यों प्रतीत होता है कि हर्षवर्धन के बाद सीधे चाहमना वंश का पृथिवीराज (पृथिवीराज चौहान) आ गया?

कहना न होगा कि आर्यावर्त में आपसी राजनैतिक लड़ाइयों ने हमारी बहुत क्षति की है| राज्य बढ़ाने को भारतीय क्षत्रियों का प्रमुख कर्तव्य तो माना गया पर दुर्भाग्य से हम चीन और यूरोप में राज्य बढ़ाने की जगह खुद आपस में लड़ते रहे|  परन्तु इन आपसी राजनैतिक लड़ाइयों और यौद्धिक क्रूरताओं को धार्मिक मतभेदों का जामा पहना कर साम्राज्यवादियों ने इसके स्वरुप को और बिगाड़ा| जिहाद और जज़िया संबंधी विवरण इस साम्राज्यवादी षणयंत्र में मसाले का काम करते रहे| 

धार्मिक कटुता की यह सब धारणाएं बढ़ाचढ़ाकर फ़ैलाने के पीछे साम्राज्यवाद और द ग्रेट गेम के षङयन्त्र भारत उपमहाद्वीप के जन मानस से बचाकर रखने की चाल भी रही है| द ग्रेट गेम के शुरूआती खिलाड़ी इंग्लैंड डच फ्रेंच जर्मन और रूस के राजा और राजपरिवार आपसी लड़ाई झगड़ों के बाबजूद रिश्तेदार थे और जानते थे कि द ग्रेट गेम को जीतने के बाद उन्हे आपस में लड़ने की जरूरत नहीं रहेगी| उनके इस द ग्रेट गेम को औद्योगीकरण और बदलती अर्थव्यवस्था ने सरल भी बनाया है तो उत्तर – साम्राज्यवाद ने नई चुनौती भी खड़ी कीं हैं| 

आज द ग्रेट गेम को हमारे धर्मों से कोई वास्ता नहीं, न धार्मिक लड़ाइयों से, उन्हें अपना राजनैतिक और आर्थिक साम्राज्य खड़ा करना है| यही कारण है कि द ग्रेट गेम के नए उभरे खिलाडी अमेरिका, रूस और चीन सभी तालिबान के लिए रास्ता साफ करने में लगे हैं| हम फ़िलहाल अपनी धार्मिक और उपधार्मिक कटुताओं के कारण आपस में अलग खड़े हैं और अमरीका के प्यादे हिन्दुकुश पर शासक हैं| 

इन तथ्यों को जानने का भी आज कोई मतलब नहीं, जब तक कि भारतीय उममहाद्वीप की आर्थिक और राजनैतिक शक्ति नहीं लौटती| पर इसको लौटने के लिए जरूरी है, हम मिलकर आगे बढ़ें|

तिजोरी में स्त्री


जब तब सामाजिक माध्यमों पर विद्वतजन एक क़िस्सा रुपी आलेख प्रस्तुत करते हैं| किस्सा कुछ यूँ है, किसी “आधुनिका” विद्वान संत द्वारा आधुनिक स्त्रियों के बारे में, खासकर उनके कपड़ों के बारे में टिपण्णी करने पर कड़ी आपत्ति दर्ज की| ज्ञान पराक्रमी संत ने “आधुनिका” से प्रश्न किया, पुत्री, आप लोहे को तिजोरी में रखेंगी या हीरे को| “आधुनिका” ने उत्तर दिया, हीरे को ही तिजोरी में रखेंगे| तब विद्वत संत ने समझाया कि बेटियां अनमोल होती हैं, इसलिए उन्हें संभाल कर रखा जाता है, यह बार स्त्रियों को भी समझनी चाहिए| इस के बाद कुछ आलेख सा आता है| कुल जमा यह, आधुनिका जी समझ जाती हैं और किस्सा ख़त्म सा हो जाता है|
किस्से के बाद एक होड़ जाती हैं, इस किस्से और उसके निष्कर्ष का समर्थन करने वालों की होड़ सी लग जाती हैं| संत महोदय के कोई नहीं पूछता, स्त्रियों को कितनी हिफाजत में रखना है| कोई यह भी नहीं पूछता कि क्या स्त्रियों वस्तु हैं कि तिजोरी में रखा जाए| अब, स्त्री को लोहे की तिजोरी में तो बंद नहीं नहीं कर सकते| आखिर तमाम काम भी तो करने करवाने भी तो हैं|  यहाँ दिखाई देता है, क्षमता, समझ और सामाजिक स्तर का खेल|

दूसरा किस्सा रुपी आलेख और भी है| एक देवी जी एक दिन विलायती घाघरे में कहीं जातीं हैं तो ऑटो वाला उन्हें मेडम कहकर बुलाता है| दूसरे दिन पंजाबी कपड़ों में तो उन्हें बहन जी कहता है| तीसरे दिन जब वह देवी जी साड़ी पहन कर जातीं हैं तो वह ऑटो वाला उन्हें माताजी कहता है| 

यह किस्सा खास हमारे दिल को छू गया कि जिस दिन बाल रंग नहीं होते तो लोग अंकल कहते हैं, जिस दिन दाढ़ी भी बढ़ी हो बाबा, जिस दिन सफ़ाचट दाढ़ी और कालिख़ पुते बाल हो तो भैया| पर यहाँ तो कपड़ों की महिमा थी| 

इस किस्से के एक प्रेषक एक दिन नई धज का सजधज कुर्ता पायजामा पहने हुए सूती साड़ी में लिपटी अपनी पत्नी के साथ नजर आए| हमने उन्हें भाईसाहब और उनकी पत्नी को माताजी कहकर सम्मान पूर्वक अभिवादन किया| माताजी चिढ़ कर बोली, अब यह क्या तरीका है? हमने कहा हमने एक संदेशा पढ़ा है कि साड़ी वाली कन्याएं माताजी नजर आती हैं, आप तो भरी-पूरी औरत है| इन किस्सेनुमा आलेखों के अग्रसारकों का पूरा दलबल मौजूद है| 

भारत के सामाजिक संचार माध्यमों में एक मौन आम सहमति दिखाई देती है| स्त्री की सुरक्षा ढके शरीर और “पूरे” कपड़ों में है| ऐसा नहीं कि कोई लड़कों को नहीं समझाना चाहता, परन्तु हमारे पास वह भाषा और व्याकरण नहीं है जिस से लड़कों को समझाया जाए| हम स्त्री के सम्मान की बात करते है तो परन्तु सम्मान के इस व्याकरण में माता या बहन रूप में सम्मान है, स्त्री रूप में उसका कोई सम्मान नहीं| हमारा कोई व्याकरण नहीं जो कहे कि पत्नी, प्रेमिका, परस्त्री आदि का भी कोई सम्मान है| इस देश में स्त्रियाँ अपने पति की प्रसंशा में कहती है;” मेरे ‘ये’ तो मुझे पूरा सम्मान देते हैं, मेरी इच्छा-अनिच्छा का ख्याल रखते हैं”| जिस दिन यह सम्मान और इच्छा अनिच्छा के प्रश्न प्रसंशा के विषय नहीं रहेंगे तब पत्नी को सामाजिक स्तर पर सम्मान की बात कहिएगा|

हम चाहते हैं, स्त्रियां मोटे कपड़ों में सिर से पैर तक ढकी रहें| अगर ऐसा न हो पाए तो उनके सास ससुर माँ बाप कहें, हमारी बहु-बेटियाँ नौकरी करती है तो फलाना कपड़ा मजबूरन पहनती हैं, वर्ना तो सिर से पल्लू नीचे नहीं गिरातीं| सिर पर पल्लू रखने की तारीफ़ में लम्बे घूँघट की दिली इच्छा जोर मारती रहती है|  अगर धर्म की घृणाएँ बाधाएं न बनतीं तो भारतीय औरतों को पर्दा, घूँघट, हिज़ाब और बुर्क़ा पहनाना ही सर्वधर्म समभाव कहलाता|

नवउत्सव


ये त्योहारों और दावतों का मुल्क है| जश्न हमारी आदत या शौक नहीं, लत है| त्योहारों की कमी नहीं हमारे पास – जब तक पैसा सिर पर चढ़ कर हमें गुलाम की तरह काम पर नहीं लगा देता, हम जश्न मनाते हैं, त्योहार मानते हैं| छुट्टी हो न हो, कुछ न भी कर पाएँ, शगुन ही हो जाए, कुछ मन रह जाए बच्चों का, कुछ ठाकुरजी (कृष्ण का बालरूप) का, कुछ हँस-बोल ले, वक़्त हो तो हंसी ठट्ठा हो ले| हिंदुस्तान और इसकी ज़िंदगी ऐसे ही चलती है| हाट-मेले तो हम मोहर्रम पर भी कर लेते हैं तो दशहरा, दाऊजी, चौथ-चौमासे पर भी| रावण जले जलेबी खाएं, पाप धोवे गंगा नहाएँ| क्या नहाने धोने, क्या बासी खाने, सब पर हमारा त्योहार हो जाए| 

भगदड़ में कुछ मेले ठेले, तीज त्योहार छूटे तो कोई नहीं विलायत से दो चार मना लिए| बसंत पंचमी पर कामदेव छोड़े, तो वैलेंटाइन पकड़ लिए| रुक्मणी छूटे तो राधा प्यारी, सबसे न्यारी जनक कुमारी| परशुराम ने माँ का गला काटा तो त्योहार, विलायत वालों ने माँ को गले लगाया तो त्योहार| कुछ न हो तो हमारे दो मुल्क जब अपना अपना झण्डा उतारते हैं शाम को तो आपसी घृणा का भी त्योहार कर लेते हैं हम| दुनिया भर का कुनबा जुटता है एक दूसरे ओर नारे लगाने फिर उसके बाद दोनों अपनी अपनी तरफ चल देते हैं चूर चूर नान खाने| हर शाम जब दुनिया डरती है कि अब लड़े तब लड़े, हमारे बाप अपनी अपनी औलादों से बोलते हैं, राजनीति मत झाड़, ये नेताओं के झगड़े है तू बिना चू चप्पड़ खाना खा| दुनिया भर के मुल्क हमारी खातिर हथियार बना बना कर पागल है और हम है कि ढूंढ रहे हैं कि यख़नी पुलाव, यख़नी बिरयानी और यख़नी ताहिरी के बनाने में क्या अंतर है?

घृणा के त्योहारों का भी तो इतिहास है: होलिका जलाते हुए, होलिका माई का जयकारा लगते हुए, किस ने सोचा कि हम किसी विरोध या घृणा को अंजाम दे रहे है| रावण जलता है तो उसका पांडित्य हमारे सिर चढ़ता है, हम तांडव स्त्रोत गाते हैं| ओणम के बारे में कोई पक्का तो बताए आज महाबलि की स्मृति है या वामन की या कोई घृणा है इसके पीछे| उत्सव तो महाभारत की जीत का भी रहा होगा, स्मृति तो जन्मेजय के नागयज्ञ की भी है| परमप्रतापी सम्राट अशोक कलिंग जीता, अहम् हारा, फिर एक दिन उसका आत्मसमर्पण दुनिया जीता, आज दुनिया में हमारा परचम कलिंग जीत का नहीं, अशोक के आत्मसमर्पण की विजय गाथा है| 

जो बीत गया, हमने मिट्टी डाल दी| हम तीज त्यौहार मेला जश्न करेंगें| कुछ नया और अच्छा खाएंगे| 

तो एक त्योहार और सही, एक आग और सही, एक ज़हर और सही, कुछ नीलकंठ और सही| कुछ तेरी करनी कुछ मेरी करनी, बातें करनी बातें भरनी| कितना लड़ेंगे? कहीं तो तू दर्द इतना दे कि दर्द दवा हो जाए, चल मिल बैठ कर थोड़ी सी पी जाए| छोड़ यार बहुत हुआ – कुछ चाय वाय सी पी जाए|