हलवा परांठा


हलवा परांठा एक ऐसा पकवान है जिसे ठीक से बनाया या खाया न जाए तो बेहद खराब लगता है| जिन लोगों ने इसे नहीं खाया है तो घर पर लूचई या लूची (मैदा की पूड़ी) को देशी घी में थोड़ा करारा सेक कर सूजी के हलवे के साथ खाकर अनुभव कर सकते हैं| बढ़िया हलवा परांठा देशी घी में ही बनता है| 

देशी घी के सूजी या रवा  हलवे के बारे में हम सब जानते हैं| परंतु, हलवा परांठा का परांठा घर पर बनना मुश्किल है| ऐसा इसलिए कि पहले तो इसका आकार बहुत बड़ा होता है और दूसरा यह तवे पर घी चुपड़ कर सिका हुआ परांठा नहीं है, बल्कि तला हुआ परांठा है| 

यहाँ यह बात समझने की है कि परांठा परतों से तय होता है न कि सिकने और तलने के ढंग से| यह बात कहते सुनते समय आप आलू कचौड़ी और आलू पराँठे का ध्यान कर सकते हैं| कायदे से आलू पराँठे में में पिट्ठी की परत है आलू कचौड़ी में पर्त नहीं| परतों वाली यही बात तवा परांठा, तंदूरी परांठा और कड़ाई वाले तले हुए पराँठे को परांठा बनाती है| 

वैसे हलवे पराँठे का परांठा दिल्ली की परांठा वाली गली के पराँठे के मुक़ाबले पूरी तरह से परांठा है| 

इसमें मैदा की बहुत सारी परतें होती हैं जैसे किसी भी सादे पराँठे में हो सकती हैं| मैदा के परते बार बार बनाना थोड़ा कठिन हो जाता है, इसलिए बड़े आकार का परांठा बनाया जाता है| आम तौर पर इस बार में आधा किलो तक मैदा ली जा सकती है| दुकानदार इसे काटकर हलवे के साथ तौल कर बेचते हैं| 

मुझे अलीगढ़ शहर का देशी घी वाला हलवा परांठा पसंद है| इसका पहला कारण है इसका लगभग कुरकुरा सिंका होना, ठीक ठाक संख्या में परतें रहता और देशी घी का प्रयोग| यह बात हलवे को लेकर भी है| हर दाना पूरी तरह घुला हुआ होता है| 

सभी जगह हलवा परांठा तौल कर बेचा जाता है| अगर आप पाव भर (250 ग्राम) हलवा परांठा लेते हैं तो लगभग एक बड़ा दौना भरकर हलवा और शेष परांठा मिलता है| परंतु हलवा परांठा को लेकर मेरी एक शिकायत हमेशा बनी रही| बड़ी बड़ी दुकानों में भी हलवा परांठा अखबार पर रख कर देते का चलन आज भी बना हुआ है| पहले यह पत्तल और दौने पर दिया जाता था| आज भी कोई हलवाई इसे थाली में देना पसंद नहीं करता| मुझे लगता है कि अगर थाली का प्रयोग नहीं करना है तो पत्तल का प्रयोग किया जाना चाहिए|

देशी घी वाला हलवा परांठा, हलवाई खाना, अलीगढ़ 5 फरवरी 2022
देशी घी वाला हलवा परांठा, हलवाई खाना, अलीगढ़ 5 फरवरी 2022

‘पुष्पा’ और ‘जय भीम’


पिछले महीनों में दक्षिण भारतीय फ़िल्मों “जय भीम” और “पुष्पा” की बड़ी धूम रही| यह तक कहा गया कि यह बॉलीवुड नामक हिन्दी फ़िल्म फॉर्मूला का अंत है| सोचा, अगर इतनी बड़ी क्रांति होने जा रही तो साक्षी बन लेना ही बेहतर है|
समय निकाल कर मैंने भी दोनों फिल्में देख ही लीं| जब से ओटीटी सेवाएँ शुरू हुई है, यह सुविधा तो हो ही गई है कि फ़िल्म के गंभीर पक्ष को समझने के लिए आप मनचाहे अल्पविराम ले सकते हैं| फ़िल्में बहुत गतिशील माध्यम है उनकी गति से सभी बातें समझ पाना मेरे लिए कठिन ही रहा है|
दोनों फिल्मों में सर्वप्रथम जो बात आकर्षित करती है वह है जमीन| दोनों फ़िल्में उस जमीन और जंगल के धरातल पर बनीं हैं, जहाँ वर्तमान समय का वास्तविक आम आदमी खड़ा है| यह वह वर्ग है जो पिछले बीस वर्षों से अचानक समाज और फिल्मों से काट कर रखा गया था| बड़ी चमक दमक वाले बहु-पटल सिनेमाघर इन की आर्थिक और सामाजिक हिम्मत से बाहर होने लगे थे| जिन बड़े परिसरों में यह सिनेमाघर खड़े हैं वहाँ जमीन से जुड़े किसी भी व्यक्ति हो जाने से संकोच होता है, कहीं दरबान महोदय लताड़ न दें|
यह बहु-पटल सिनेमाघर उच्च-मध्यवर्ग की पहुँच में ही रहे हैं|
पिछले बीस पच्चीस वर्षों में बॉलीवुड फ़िल्में भी उसी उच्चमध्य वर्ग को आम आदमी और दर्शक मानकर बनती रहीं| बॉलीवुड की बेहतरीन फ़िल्म संसाधन नव-धनाढ्य उच्च-मध्यवर्ग के जीवन और सपनों पर टिक गई| अनिवासीय भारतीय के भारत प्रेम, भारतियों के विदेश संबंधी सपने और जीवन, भारत के वैश्विक कारनामे, मुख्यधारा में प्रमुखता पा गए| कौन सा समाज सपने नहीं देखता| यह सपने मध्य और निम्नमध्य वर्ग ने भी बखूबी अपनाए| पिछले बीस वर्षों में भारतियों की यह विश्व विजय इतना आम हो चुकी है कि विश्व की हर बड़ी कंपनी का सबसे बड़ा नौकर एक भारतीय है| 

Business Standard Hindi
7 February 2022

इसके साथ आता है एक सामाजिक और आर्थिक किन्तु-परंतु| भारत सन 2008 की वैश्विक आर्थिक मंदी से भले ही बचा हो पर आर्थिक विकास उच्चमध्य वर्ग से नीचे नहीं उतर रहा है| सनद रहे, कायदे से भारत का उच्च और उच्च-मध्यवर्ग जनसंख्या का ऊपरी दस प्रतिशत ही है| बढ़ती हुई आर्थिक खाई और बढ़ता हुआ निम्न मध्यवर्ग (और हाल में अचानक पुनः बढ़ा निम्न वर्ग) भारत का सामाजिक और आर्थिक ताना बना समाज के निचले तबके के पाले में झुका रहा है|
साथ ही प्रचार माध्यमों की बढ़ती पहुँच, उपभोक्तावाद, बदलते सरकारी सरोकार इस बढ़ते हुए निम्न मध्यवर्ग को हाशिये पर रख देते हैं| यह माहौल भी बन गया है कि गरीबी, नकारात्मक पहलू, काले पक्ष आदि न दिखाएँ जाएँ| यह भी कहा गया कि सिनेमा मनोरंजन के लिए है, क्रांति के लिए नहीं| सामाजिक माध्यमों में प्रतिदिन होने वाली सूचना क्रांति, जनभावनाओं को पहुँचती ठेसें और बात बात की पुलिस कार्यवाहियाँ भी सिनेमा जैसे महंगे माध्यम के लिए बहुत छोटा मैदान शेष रहने देतीं हैं|

इसी सूचनाक्रांति का शानदार कलात्मक पहलू है – ओटीटी| आप कम खर्च, मनचाहे समय, मनचाहे एकांत और मनचाहे अल्पविरामों के साथ मनचाही फ़िल्म देख पाते हैं| यह माध्यम सीमित संसाधनों वाले निम्नवर्ग तक को बिना हीनभावना फ़िल्म देखने दे पा रहा है| फ़िल्मकारों के लिए सिनेमाघरों के बड़े नाज नखरों के बिना फिल्में जनता तक पहुँचा पाना भी संभव हुआ है| 

साथ ही यह कहना भी सतही होगा कि मात्र इसी वर्ग ने ही यह फ़िल्में देखी हैं| सात रोमांचक वर्षों में जाने अनजाने धरातल के विषय हमारे अचेतन को प्रभावित करते रहे हैं| आधार, मनरेगा, नोटबंदी, अप्रत्यक्ष कर, नागरिकता, कृषि कानून, शिक्षा शुल्क, रोजगार आदि छोटे बड़े घटनाक्रम सभी वर्गों को सपनों से इतर का धरातल देखने समझने की इच्छा प्रदान करते हैं| साहित्य का सत्य सदा ही पत्रकारिता के सत्य से बड़ा, प्रिय और आकर्षक होता है|
यह दोनों फिल्में हमारा सत्य के इसी साहित्यिक पहलू से सामना करातीं हैं| “जय भीम” के लक्ष्य और उद्देश्य स्पष्टतः सामने रहे हैं| यह उसके शीर्षक से स्पष्ट है| फ़िल्म की कथा समुचित गति से आगे बढ़ती है और रुचि पैदा करती है| अगर आजकल की भाषा में कहें तो फ़िल्म किसी भी आंदोलनजीविता में बहे अपने उद्देश्य तक पहुँचती है| किसी भावनात्मक अतिरेक और सामाजिक क्रांति की उद्घोषणा से इतना बची है कि अगर फ़िल्म का नाम “जय भीम’ न रखा होता तो फ़िल्म को किसी वाद से जोड़ना आम जनता के लिए कठिन होता|
कथानक का सामाजिक माध्यमों में हुआ सीमित विरोध और उसके समक्ष सत्य घटनाक्रम का अस्त्र फ़िल्म के पक्ष में खड़े होते हैं| यहाँ तक कि “कभी जातिगत भेदभाव नहीं रहा”, “पुरखों का दण्ड हमें क्यों”, “हम दलित के घर भोजन करते हैं” वाले सभी धड़े चुपचाप इस फ़िल्म के समक्ष आत्मसमर्पित हुए हैं| फ़िल्म बेहतरीन कथानक, सीमित नाटकीयता, सरल अभिनय के साथ अपने उद्देश्य तक पहुँच जाती है| यह न तो समानान्तर सिनेमा का उबाई परिदृश्य खड़ा करती है न व्यवसायिक सिनेमा की अतिनाटकीय नोस्टाल्ज़िया| 

दूसरी ओर ” पुष्पा” मूलतः व्यावसायिक फ़िल्म है जिसका कथानक जमीन और जंगल से जुड़ता है| कथानक गरीबी, रोज़गार संबंधी पलायन, महाजनी, माफ़िया, तस्करी, और भ्रष्टाचार संबंधी विषय मूल भारतीय परिवेश और में दिखती है| इसमें नाटकीयता की भरमार है, परंतु मुद्दा नहीं छूटता| अपराधिक परिवेश में रह रहे नायक के प्रति सहानुभूति आम जनता में अक्सर पाई जाती है| फ़िल्म इस ओर सीधा संकेत भी करती है, जब हम देखते हैं कि यह अपराधी बड़े मगरमच्छों के मुक़ाबले आमजन के साथ खड़ा है| यह फ़िल्म पुनः विशुद्ध व्यवसायिक अपराधियों के सामने जनता का अपराधी खड़ा करती है| यह घटना हिन्दी सिनेमा जगत के सामने वर्षों बाद गंभीर और विश्वनीय रूप से हो रही है| जनता इस बात से चमत्कृत होती है कि किस तरह जननायक की अपनी कमियाँ भी सामने आती हैं| फ़िल्म की छोटी छोटी उपकथाएँ मुझे बहुत आकर्षित करती हैं| फ़िलहाल इसकी दूसरी कड़ी का इंतज़ार रहेगा|

दोनों फ़िल्में आम जनता को अपने निकट मालूम होती है| यही इन फ़िल्मों की मूल सफलता है|
चलते चलते यह भी याद दिला दें कि हाल में बॉलीवुड हिन्दी फ़िल्म “शेरनी” को भी सफलता मिली थी और यह भी जंगल और जमीन से जुड़ी हुई फ़िल्म थी| 

एक देश बारह दुनिया


वर्ष 2021 के सबसे महत्वपूर्ण कथेतर साहित्य में बिना शक “एक देश बारह दुनिया” का नाम लिया जा सकता है| मेरे लिए 2021 यह किताब करोना के बाद समय बर्बाद और मन खराब करने का सबसे बड़ा कारण रही| यही कारण है कि इस किताब को दो बार पढ़ जाने और लेखक के पुनः पुनः आग्रह के बाद भी मैंने इसपर नहीं लिखा| फिर भी दिमाग कहता रहा- आधा घंटा और सही| 

यह किताब हमारी मोतियाबिंदी निगाह को वह चश्मा प्रदान करती है जिस से हम बहुत कुछ साफ देख सकते हैं| परंतु फिर भी नहीं देखेंगे| भारत में कृषि उत्पादन की सबसे महत्वपूर्ण भूमि – आधा हरियाणा और आधा पश्चिमी उत्तर प्रदेश विकास के नाम पर उगी आधी चौथाई बनी इमारतों और सड़कों की भेंट चढ़ गया| हो सकता है कुछ सालों में हम पुनः खाद्यान्न का आयात करेंगे| आखिर क्यों? जब हम राजधानी के इनते पास हो रहे कुविकास-प्रदूषण-कुव्यवस्था को नहीं देख रहे हैं तो शिरीष खरे तो दूर दराज में ही घूम रहे हैं|  

वित्त, व्यवसाय, वाणिज्य, समाज शास्त्र, राजनीति शास्त्र, और सभी अंड-बंड-संड में एक अँग्रेजी शब्द पढ़ाया जाता है जिसे “स`स`टे`ने`ब`ल ड`व`ल`प`में`ट”  कहते हैं| इस शब्द का धरातलीय अर्थ भारत के एक लाख सबसे महत्वपूर्ण लोगों (आयकर दाता, व्यवसायी, नेता, अधिकारी और मैं) में से कोई भी दिखा दे तो इस किताब की आवश्यकता को नकारा जा सकता था| फिर भी यह किताब देश के उन 84% लोगों को पढ़ लेनी चाहिए जिनकी आय सरकारी आंकड़ों के अनुसार वित्त वर्ष 2021-22 में करोना के नाम पर घटी हैं| जिन्हें लगता है कि उनकी आय करोना के कारण घटी है तो वह भाग्यशाली 16% प्रतिशत के बारे में अवश्य सोचें| पर यह किताब आय से भी संबंध नहीं रखती| 

किताब संबंध रखती है उन समझदारियों से जिसे आजकल विकास कहा जाता है|  मैं मानता हूँ, विकास के छोटे से छोटे क्रम अग्नि, पहिये और कागज के प्रयोग से भी कुछ न कुछ तबाही आई है| पर विकास का यह क्रम वर्तमान समय में बहुत खतरनाक हुआ है| विकास अब परीक्षित के नागदाह युद्ध से कहीं अधिक हिंसक हुआ है| प्रकृति आज पलटबार के लिए सर्वाधिक विवश है|
पश्चिमी देशों ने अपने खतरे को शांति से पूर्व की तरफ धकेल दिया है| धनबल और ज्ञानबल उनके साथ है| परंतु यह देखना है कि पुरातन विश्वगुरु सदा-सम्यक हम क्या कर रहे हैं| क्या हम संतुलन बैठा पा रहे हैं? हमारे ऐतिहासिक, भौगोलिक और सामाजिक कारक विकास के साथ मिलकर एक विनाशकरी भूमिका निभा रहे हैं| विकास हमारी आवश्यकता से कहीं अधिक भूख और लोभ हो चुका है| अब हम विकास नहीं कर रहे बल्कि खुद पर विकास थोप रहे हैं| 

यह किताब विकास कि हमारी भूख और अपने देश के प्रति  ऐतिहासिक, भौगोलिक और सामाजिक बेरुखी का चिट्ठा सामने रखती है| यह बहुत पास मुंबई से लेकर सुदूर छत्तीसगढ़ तक समस्याओं को टटोलती है|

इस तरह की जांच-परख एक समय में सामाजिक सरोकार रखने वाले समाचार पत्रों में छपती रहीं है| तस्वीर का दूसरा रुख देखने की मानवीय संवेदना धन और विकास के हाथों बिक जाने तक हम इन्हें अपने आसपास महसूस करते थे और इनके बारे में देखते पढ़ते भी थे| आज जरूरत है इन रिपोर्ट को पढ़ा जाये| आप इन्हें ठेठ पूंजीवादी नजरिए से पढ़ें या साम्यवादी नजरिए से, कोई फर्क नहीं पड़ता| पढ़ता इसलिए जरूरी है कि आपका अपना वाद भी इन सभी बातों का ध्यान रखने के लिए कहता है| यदि आप इन्हे पूंजीपतिवादी या भाग्यवादी नजरिए से पढ़ते हैं तो कुछ कहना बेकार है| 

आप वर्तमान भले न सुधरे या बिगड़े, भविष्य इस बात पर जरूर निर्भर करता है| आप राम और कृष्ण के मंदिर दोबारा बना सकते हैं, बमियान में बुद्ध पुनः खड़े हो सकते हैं, आप ब्रह्मांड कि सबसे बड़ी सरस्वती प्रतिमा लगा सकते हैं| इन सबके लिए जनांदोलन हो सकते हैं| परंतु वैदिक संस्कृति को सरस्वती सभ्यता मानने के एड़ी- चोटी से ज़ोर के बाद भी आप माता सरस्वती को नदी रूप में वापिस नहीं ला सकते| अगर आपको लगता है कि गंगा नर्मदा मात्र पुराणों और मंदिरों में न रह जाएँ तो इस प्रकार कि पुस्तकें आपके लिए सरस्वती का वरदान हो सकती हैं| 

यह पुस्तक मात्र नर्मदा के बारे में नहीं है| उन बारह विषयों कि बात करती है जो हमारे आसपास हैं, जिन्हें हम हाशिये पर छोड़ देते हैं| मैं अधिक लिखकर अपना और आपका समय नष्ट करने का इरादा नहीं रखता| 

फिर भी यह पुस्तक हम बिल्कुल न पढ़ें| करना धरना तो हमें कुछ है नहीं| हम मात्र करदान और मतदान के हेतु बने हैं जो बचे खुचे समय में भोजन और संभोग करते हैं| अत्र कुशलम तत्र अस्तु||

पुस्तक: एक दुनिया बारह देश – हाशिये पर छूटे भारत की तस्वीर 

लेखक: शिरीष खरे 

प्रकाशक: राजपाल एंड संस 

पृष्ठ संख्या: 199 

प्रकाशन वर्ष: 2021 

विधा: रेपोर्ताज

मूल्य: 258 

आईएसबीएन: 978-93-89373-60-8