कंपनियों द्वारा चुनावी चंदा देने के कानून में सुधार का समय


हाल में भारत सरकार के द्वारा कम्पनी कानून में सुधार के लिए सलाह देने के लिए गठित की गई समिति ने अपनी सिफारिशें सरकार को एक फरवरी २०१६ को सौप दीं| सरकार यद्यपि इन प्रस्तावों और सुझावों के अनुरूप कानून बनाने या कानूनी सुधार करने के लिए बाध्य नहीं है, परन्तु सभी सम्बंधित पक्षों (शायद निवेशकों को छोड़कर) का समिति में प्रतिनिधित्व होने के कारण और व्यापक सलाह मशविरे का तरीका अपनाये जाने के कारण इस समिति की सलाहों का अपना महत्त्व है| यह सिफारिश ऐसे महवपूर्ण समय में आयीं हैं, जब भारत सरकार “भारत में निर्माण” और “व्यावसायिक सरलीकरण” के सुनहरे नारों को जल्दी से जल्दी अमली जामा पहनाने की तैयारी में है| यह समिति और उसकी सिफारिशें भी इसी दिशा में एक कदम के रूप में देखी जा रहीं है|

समिति ने कंपनी कानून के लगभग सभी पहलुओं पर अपनी ठोस राय रखी है| परन्तु, आश्चर्यजनक रूप से कंपनियों द्वारा राजनितिक दलों को चंदा दिए जाने के विषय में सिफारिश देने से एक प्रकार से मना करते हुए व्यापक सलाह मशविरे की जरूरत बताई है| वैसे समिति ने विधि – आयोग की हालिया सिफारिशों पर अपनी बैठक में चर्चा करने की बात स्वीकार की है| एक उच्च स्तरीय समिति द्वारा व्यापक चर्चा के बाद भी किसी प्रकार की टिपण्णी से बचना कई कठिन संकेत देता है|

The Committee felt that a wider consultation with industry chambers, political parties and other stakeholders should be taken up by the Ministry before taking a final decision on changes recommended in the 255th Report.

  • कंपनी कानून समिति के शब्द

यह कदम भारतीय व्यवसाईयों, नौकरशाहों और पेशेवरों द्वारा राजनितिक दलों से टकराव न लेते हुए खुद को बचा कर रखने की ओर संकेत देता है| इस विचार हीनता को समझने के लिए हमें विधि आयोग की मूल सिफारिश को समझना होगा|

विधि आयोग ने पानी २५५ वीं रिपोर्ट में चुनाव सुधारों पर चर्चा की है| क्योंकि कंपनियों द्वारा राजनीतिक दलों को दिया जाने वाला चंदा चुनावों में भी खर्च होता है, विधि आयोग की यह रिपोर्ट इस चंदे के विषय में विस्तार से चर्चा करती है|

भारत में राजनीतिक दल सरकारी कंपनियों और विदेशी कंपनियों को छोड़कर किसी ऐसी कंपनी से चंदा ले सकते हैं जिसको बने हुए तीन से अधिक वर्ष हो चुके हों| यह अलग बात है कि हाल में दो प्रमुखतम राजनीतिक दलों को उच्च न्यायालय द्वारा विदेशी कंपनियों से चंदा लेने का दोषी माना गया था, उस विषय पर अलग से कार्यवाही चल रही है| गुपचुप ख़बरों के हिसाब से, दोनों दलों की राजनीतिक प्रतिद्वंदता इस मुद्दे पर मित्रता बनकर उभर रही है|

भारतीय कंपनियां के द्वारा राजनीतिक चंदा देने निर्णय इस समय कंपनी के निदेशक मंडल के द्वारा लिया जाना होता है| कंपनी के शेयरहोल्डर को, जो कि कंपनी के सामूहिक रूप से मालिक होते हैं और कंपनी के लाभ – हानि को झेलते हैं, इस बाबत बोलने या निर्णय लेने का कोई अधिकार नहीं है| यह बात निवेशकों के हितों के विपरीत जाती है, और भारतीय निवेशकों में जागरूकता की कमी को भी दर्शाती है| वर्तमान व्यवस्था में प्रमोटरों और निदेशकों (प्रायः पूंजीपति) द्वारा राजनीतिक चंदा देने के निर्णय का अधिकार विश्वभर में स्वीकृत कॉर्पोरेट गवर्नेंस के सिद्धांत के भी विरुद्ध है|

विधि आयोग ने इन सब बातों पर विचार करते हुए अपनी २५५ वीं रिपोर्ट में सिफारिश की है कि राजनीतिक चंदा देने का निर्णय कंपनी की वार्षिक आम सभा में शेयर धारकों द्वारा लिया जाना चाहिए| यह बहुत ही महत्वपूर्ण कदम होगा| यदि यह सिफारिश मान ली जाती है तो राजनीतिक चंदे का प्रस्ताव, कंपनी की वार्षिक आम सभा में विशेष कार्य के रूप में शामिल होगा और कंपनी प्रबंधन को राजनीतिक चंदा प्रस्ताव के सम्बन्ध अर्थात समर्थन में “व्याख्यात्मक विवरण” या स्पष्टीकरण देना होगा| समझा जा सकता है कि इस से कंपनी प्रबंधन को सम्बंधित राजनीतिक दल या दलों से बहुत कुछ जानकारी लेनी होगी| इस से भारतीय प्रजातंत्र में क्रन्तिकारी पारदर्शिता और जबाबदेही आयेगी| निश्चित रूप से राजनीतिक दल और निदेशक मंडलों पर कब्ज़ा रखने वाले पूँजीपति इस से बचना चाहेंगे|

हालांकि निवेशकों के लिए मात्र राजनीतिक चंदा देने का निर्णय लेने का अधिकार ही इस कानून का अकेला पहलू नहीं है, वरन निवेशकों और निवेश की सुरक्षा के लिए साथ में कुछ और उपायों की भी जरूरत है| किसी भी कंपनी की राजनीतिक चंदा देने से पहले कुछ खास शर्तों को भी पूरा करना चाहिए:

  • चंदा देने का प्रस्ताव करने वाली कंपनी को अपने निवेशकों को कम से कम पिछले तीन वर्षों में लाभांश दिया होना चाहिए|
  • कंपनी द्वारा अपनी आर्थिक देनदारियों में किसी प्रकार की चूक नहीं होनी चाहिए| कम से कम जनता द्वारा दी जमाराशियों पर ब्याज, मूल धन का बकाया, लाभांश देय, बैंक बकाया और सरकारी टैक्स आदि का समय पर नियमित भुगतान किया गया होना चाहिए|
  • कंपनी द्वारा पिछले वर्षों के बैलेंस शीट और वार्षिक रिटर्न रजिस्ट्रार कार्यालय में समय पर दाखिल किये होने चाहिए|
  • कंपनी के निदेशकों, प्रबंधन, प्रमोटरों आदि के राजनीतिक सम्बन्धों, जैसे सदस्यता, पद, आदि की जानकारी को निदेशक मंडल और निवेशकों के समक्ष बताया जाना चाहिए| यदि इनमें से कोई भी अगर किसी निर्वाचित पद पर रहा हो उसका भी विवरण होना चाहिए|
  • यदि चंदा देने वाली कंपनी के निदेशकों, प्रबंधन, प्रमोटरों आदि में से कोई अगले तीन वर्षों में चुनाव लड़ने की मंशा रखता हो तो उसे कंपनी की चुनाव में नामांकन से पहले उस कंपनी की आम सभा से पूर्वानुमति लेनी चाहिए|
  • चंदा लेने के इच्छुक राजनीतिक दलों द्वारा पिछले 6 वर्षों में जारी किये गए घोषणापत्र और अपनी उन घोषणाओं पर कार्यवाही रिपोर्ट भी निदेशक मंडल और वार्षिक आम सभा के समक्ष रखी जानी चाहिए|
  • गैर भारतीय निदेशकों और निवेशकों को राजनीतिक चंदे के विषय पर होने मतदान में भाग लेने की अनुमति नहीं होनी चाहिए|

यह सभी मुद्दे विधि द्वारा मानक के तौर माने जाने चाहिए, अथवा कम से कम कॉर्पोरेट गवर्नेंस की बड़ी बड़ी बातें करने वाली कंपनियों को उन्हें स्वयं ही अपने यहाँ लागू करना चाहिए| राजनीतिक दलों को कंपनियों द्वारा चंदा देने के विषय पर राजनीतिक इच्छा शक्ति से अधिक निवेशक जागरूकता और विमर्श की जरूरत है| प्रायः निवेशक कंपनी द्वारा दिये गए राजनीतिक चंदे को सामान्य व्यवसायिक निर्णय मानकर, उसपर प्रश्न नहीं उठाते|  समय बदल रहा है, यदि आम निवेशक के हितों की रक्षा नहीं की जाएगी, पारदर्शिता नहीं आयेगी तो देश में निवेश के प्रति सकारात्मक माहौल कैसे बनेगा|

हँसते इश्कियाते मुस्कुराते


मुद्दा तो यही है न, इश्क़ और हँसी पर लिखना है| वो भी अपने “बैटर हाफ” वाला इश्क़; यानि, वो इश्क़ जो होता है तो कोई बताता नहीं, नहीं होता तो सब बताते हैं| तो भाई, बैटर हाफ के साथ, इश्क़ की ईमानदार बात उन्हीं दिनों सो सकती है जब वो वास्तव में बैटर हाफ न हों|

दरअसल, बात उन दिनों की है जब न इश्क़ था, न इश्क़ की बातें, न शादी थी, न बेग़म| घर वाले जान के पीछे पड़े थे| और सारे नाते रिश्तेदार सब साजिश में शमिल थे| कहा गया, मिल लो, बाद में चाहो तो मना कर देना|

लाला की नौकरी में छुट्टी मिलना भी बोनस मिलने की तरह होता है| दोनों तरफ से कहा गया, हम आते हैं किसी इतवार| जिस शहर में मैं नौकरी करता था वहाँ, रहने का ठिकाना सब गड़बड़ था| तो मुलाकत के लिए कॉफ़ी हाउस तय हुआ| साथ में बता दिया गया कि लड़की हमारी चाय कॉफ़ी तक नहीं पीती, तो उसके लिए पानी, दूध या जूस का इंतज़ाम किया जाये| पहली बार कोई आ रहा था मुझे से मिलने और वो भी शिकार फांसने; उस पर खातिरदारी के भी नखरे उठाने थे|

दुआ – सलाम हाय – हेलो के बाद आप बैठिये आप बैठिये हुआ| मेजबानी करने की जिम्मेदारी मेरी थी| सेल्फ सर्विस कॉफ़ी हाउस में मैं सबके लिए पानी और कॉफ़ी लाकर रखने लगा| मेरी होने वाली सासू माँ अपनी बिटिया जी के चाय-कॉफ़ी तक को हाथ न लगाने के किस्से बता बता कर माहौल बनाने की कोशिश कर रहीं थी| मेरे पिताजी डर कर बैठे थे कि कहीं ये लड़की शादी के बाद घर में चाय – कॉफ़ी  पीना भी न बंद करा दे| सबके लिए कॉफ़ी लाते लाते मुझे डर लगा कि कहीं घर में नुक्सानदेय काली – पीली बोतलें न आने लगें| सर्विस काउंटर पर सेल्स गर्ल ने चुहल की, सर, शादी के बाद तो आपको बराबर के ठेके वाला ड्रिंक ही पीना पड़ा करेगा|

जब में होने वाली पत्नी जी के लिए मौसमी का ताजा जूस लेकर सर्विस काउंटर से वापिस मुड़ा, तो मेरे पिताजी मुस्करा रहे थे, ससुर साहब कॉफ़ी हाउस का मीनू उल्टा ही पढ़ रहे थे, उनका भाई मोबाइल में स्नेक खेल रहा था, मेरी बहन अपनी होने वाली भाभीजी को अजीब से देख रही थी| सासू माँ, अपनी साड़ी के पल्लू से वो कॉफ़ी साफ कर रहीं थी जो अभी तक नहीं गिरी थी|

मेरी सीट हाथ से जा चुकी थी, मेरी पसंदीदा कॉफ़ी हाथ से जा चुकी थी| उस दिन इश्क़ तो हुआ, समय की नज़ाकत देखकर हँसी बाद के लिए टाल दी गई|

मेरी सासू माँ आज भी कायम है कि उनकी बेटी चाय – कॉफ़ी नहीं पीती| ससुर साहब को लगता है शादी के बाद लड़कियों में कुछ परिवर्तन हो जाता है| पत्नी के ससुराल वाले जब तब इस किस्से को लेकर हम दौनों पर हँसते हैं|

मैं रोज पत्नी के लिए भी कभी कभी चाय – कॉफ़ी बनाता हूँ और मुस्कराहट के साथ सर्वे करता हूँ| पत्नी जी आज भी मेरे साथ हँस हँस कर दावा रखतीं हैं कि वो चाय कॉफ़ी नहीं पीतीं|

Share #LoveAndLaughter with the world and make it a better and happier place.

This post is a part of #LoveAndLaughter activity at BlogAdda in association with Caratlane

भौतिक विश्व का एक दिन


सतयुग में सभी श्रेष्ठजन भौतिकता से दूर रहते थे, ब्रह्मलोक में विचरण करते थे| उनके मन, मस्तिष्क, आचार, विचार एवम् चरण, रथ और भवन भूमि से दो अंगुल ऊपर रहते थे| श्रेष्ठजन आममानव की भौतिक पथरीली दुनिया पर कभी कभी उतरते थे… किसी बहुत भाग्यशाली, या किसी बहुत दुर्भाग्यशाली दिन|

कलियुग में सभी श्रेष्ठजन भौतिकता से दूर रहते हैं, साइबरलोक में विचरण करते हैं| उनके मन, मस्तिष्क, आचार, विचार एवम् चरण, रथ और भवन भूमि से दो अंगुल ऊपर रहते हैं| श्रेष्ठजन आम मानव की भौतिक पथरीली दुनिया पर कभी कभी उतरते हैं… किसी बहुत भाग्यशाली, या किसी बहुत दुर्भाग्यशाली दिन|

बचपन में नानाजी कहानी सुनते थे जिसमें राक्षस मरता नहीं था क्योंकि उसकी जान एक तोते में थी| आज हम मानव शायद नहीं मरेंगे क्योंकि हमारी जान मोबाइल में है| सुबह सुबह उठते मोबाइल देखना हमारी आदत में है| मगर वो एक भिन्न दिन था| जनवरी के आखिरी इतवार की खुशनुमा सुबह, “ईश्वरीय पुकार” इतनी तेज थी कि मोबाइल देखने का समय न था और न ही साथ मोबाइल ले जाने का| सुबह सुबह “आसन” पर बैठे हुए अन्य दिन के मुकाबले अधिक सुकून महसूस हुआ| मन एक पुराना गाना अपने आप गुनगुनाने लगा| सोचा; आज टहलने जाते समय मोबाइल को साथ न ले जाया जाए| जब पत्नी ने टोका तो मोबाइल का डाटा ऑफ कर कर मोबाइल को जेब की गहरे में उतार दिया| एक विचार जिसने दिन बदल दिया|

दुनिया गजब की ख़ूबसूरत है; उसे मोबाइल कैमरे की निगाह के बिना भी देखा जा सकता है – केवल अपने लिए| सड़क के गड्ढे अपनी अलग कहानी कहते हैं, जो मोबाइल देखते हुए नहीं सुनी जा सकती| यह सब उस दिन टहलते समय आने वाले विचार हैं| बहुत दिनों बाद, मैंने कोई सेल्फी नहीं खींची; न तो साथ मोबाइल था – न ही किसी स्टेटस अपडेट की इच्छा|

घर लौटकर अपने बेटे से बात की; उसने मुझे एक शानदार कहानी सुनाई – एक कार्टून कहानी| उसने मुझे बताया की जब आप छोटे हो जाओगे तो आपको भी कार्टून पसन्द आने लगेंगे और आप वो टीवी पर लड़ाई – झगड़ा देखना बंद कर दोगे| सुबह टहलने से सो मन की प्रसन्नता था वो अब चेहरे पर मुस्कान बन कर उतर आई|

पत्नी के लिए चाय बनांते समय खोती चाय के बदलते रंग मैं मुझे रंग बदलती दुनिया की रंगत दिखी| पत्नी ने पूछा, क्या बात है आज ख़ुश लग रहे हो – मैंने कहा हाँ, मोबाइल से दूर हूँ और टहलने जाते से पहले मोबाइल का डाटा और वाई – फाई बंद कर दिया है| उनके चेहरे पर हल्की  सी चिंता की रेखाएं नुमाया हुईं मगर तुरंत ही बोलीं, चलो कम से कम एक दिन तो घर में रहकर घर में रहोगे| मैं अभी उन्हें असमंजस भरी सवालिया निगाह से देख ही रहा था कि उन्होंने आगे बढ़कर बोसा ले लिया|

मगर वो इतवार भी क्या इतबार जिसमें किसी क्लाइंट या बॉस का फ़ोन न आये| बॉस ने बताया कि उन्होंने एक मेल भेजा है, और उसका इन्टीमेशन व्हाट्सएप भी किया है| मुझे पता है, यह हमारा रूटीन संवाद है| यह संवाद हम दोनों को यह संतोष देता है कि अपने लक्ष्य के लिए दिनरात हफ्ते के सातों दिन चौबीसों घंटे अपने काम के लिए जान तक लड़ा देते हैं|

आज दुनिया में रोज की तरह बहुत कुछ हुआ, लोगों के स्टेटस फेसबुक से क्या से क्या हो गए, ट्विटर पर कुछ अजब सा गजब दिनभर ट्रेंड करता रहा; मेल-बॉक्स में जरूरी समझे जाने वाले बेकार के सन्देश आते रहे; मगर बालकोनी की गुनगुनी धूप में आज कुछ अलग बात महसूस हुई| बहुत दिनों बाद खानें में धनियापत्ती का जायका खुलकर आया|

मैंने पत्नी से कहा; “चलो, एक मिठुआ पान खा कर आते हैं| चलो चार कदम राजीव चौक तक पैदल जाते हैं|” बहुत दिन बाद किसी से अगले मोड़ दो मोड़ मुड़ने तक का रास्ता पूछा| रास्ते भर हम एक दुसरे को पुराने चुटकुले सुना कर हंसाते रहे| बहुत दिन बाद, हमने एक दुसरे को मोबाइल पर कोई जोक शेयर नहीं किया था| घर लौटकर हमने एक साथ एक फिल्म देखी|

शाम को अपनी भूली – बिसरी पुरानी डायरी में लिखा:

जिन्दगी में एक गुनगुनी धुप, शीतल पवन, खुशबूदार फूल सब हैं| मगर हम गुलाम हैं अपनी तरक्की के| आज मैंने एक आजाद जिन्दगी जी है| आज जिन्दगी का डाटा ऑन था|

This post is a part of Write Over the Weekend, an initiative for Indian Bloggers by BlogAdda.