चाँद का टुकड़ा.. मुहाँसे का मुखड़ा..


वो पुराना गाना… चौहदवीं का चाँद हो या आफ़ताब हो…

आफ़ताब क्यूँ…. चाँद… हमेशा चाँद… चाँद सा मुखड़ा…

शीतल स्वभाव… चाँदनी सा शीतल… शरद पूर्णिमा का चाँद और उसकी चाँदनी… सबको हर्षित कर देने वाला भाव…

आसमान में चौहदवीं का चाँद हो, सामने आगरा का ताजमहल और साथ में तुम… सिर्फ तुम… सिर्फ तुम…

वो मासूम सवाल… क्यूँ कहते हो चाँद? चाँद में तो दाग है…

हूँ… चाँद में दाग है… और तुम…. तुम्हें भी तो मुहाँसे हो जाते है…

ओये!! जंगल बुक के भगीरे… वो कभी कभी होते है… तुम्हारी तरह रोज रोज नहीं होते…

ये मुहांसे भी अजीब चीज हैं यार… जब भी आते है सौदर्य शास्त्र की चर्चा को करुण रस बना देते हैं… प्रेम रस को कभी रौद्र तो कभी वीभत्स में बदल देते हैं… कम से कम जिसको मुहांसे हो जाते हैं उसे तो ऐसा ही लगता है…

हँसते खेलते युवा जीवन में करुण रस हैं, मुहाँसे… मुहाँसे सौन्दर्य में वीभत्स रस का रौद्र रूप हैं…

मुहाँसे!! जब पहली बार हुए तो किसी ने कहा, जवान हो रहे हो|

मुहाँसे!! जब दूसरी बार हुए तो किसी ने कहा, तला – भुना खाने से बचो|

मुहाँसे!! जब तीसरी बार हुए हो, कुछ करते क्यों नहीं?

मुहाँसे!! अब तो किसी से पूछ लो मुहाँसे… आपका पता बता देता है|

मुहाँसे!! अब मुहाँसे हो या न हो उनके निशान बने ही रहते हैं| मुहाँसे आते जाते रहते है| नहीं, आते रहते हैं, आते रहते हैं, आते ही रहते हैं…

मुहाँसे के साथ आती रहती हैं चिंताएं… सलाहें… मशवरे…

ये लगाओ… उसे खाओ… ऐसे नहाओ… वैसे बहाओ…

दिन में एक सौ उन्नीस बार गुलाब जल से मुँह धोया करो… आधा सेर करेले का रस स्वाद लेकर पिया करो… हरे रंग की गोल लौकी खाया करो… मुल्तानी मिट्टी का लेप चेहरे पर लगाओ… साबुन पर प्रतिबंध लगाओ… धूल मिट्टी दूर भगाओ… धूप से मुँह छिपाओ… घर में नीम का पेड़ लगाओ… और किसी की बात पर न जाओ…

अगर किसी की सलाह न मानो… और मुहाँसे… और ज्यादा मुहाँसे… और भी ज्यादा मुहाँसे…

मुहाँसे बीमारी हैं या महामारी…

हर बार माँ को चिंता होने लगती है… हल्दी, चन्दन, केसर, नीम, दूध – मलाई और बेसन… सारी रसोई चेहरे पर सज जाती है… मास्टर शेफ का शो, अगर हो तो मुहांसे से भरे…. नहीं नहीं डरे चेहरे के ऊपर जरूर होता है…

मुहाँसे आतकंवादी हैं… बाजार बढ़ाने की कोई कैपिटलिस्ट साजिश… खुली लूट का बाजारू षड्यन्त्र…

मुहाँसे… राहत का नाम नहीं लेने देते… और बाजार में मुहाँसे का आतंक बिक रहा है… क्रीम… पाउडर… पैक… फ़ेसवाश… टिशु… नाम और बेनाम उत्पाद उत्पाद उत्पाद…

एक मुहांसा आपके चेहरे पर दाग लगा सकता है और शेयर बाजार में उछाल ला सकता है…

अगर मुहाँसे ठीक हो जाये तो कहानी फिर से ख़ूबसूरत हो जाती है… राजस्थानी पेंटिंग बनी – ठनी की तरह… और जिन्हें भारतीय चित्रकला के बारे में नहीं पता तो उनके लिए मोनिलिज़ा की तरह…

ओह!! क्या राज है… तुम्हारी इस चिकनी चुपड़ी जवान पार्लर पलट त्वचा का…

जब तुम इतनी ख़ूबसूरत हो तो तुम्हारी माँ… कितनी खुबसूरत होंगी… कभी मिलवाओ न…

क्या करोगे मिलकर?? हूँ…??

गाना गाऊंगा.. चौहदवीं का चाँद हो या आफ़ताब हो….

 

यह पोस्ट इंडीब्लॉगर के द्वारा आयोजित प्रतियोगिता के लिए लिखी गयी है| सम्बंधित लिंक है:
bit.ly/GPABlogLinkIndiBloggerActivity और bit.ly/GarnierPureActiveNeemWebsite

 

प्रेम निवेदन


यह बसंत – वैलेंटाइन का प्रेमयुग नहीं है जिसमे इश्क़ इबादत था| ये वो वक़्त है जिसमें लवजिहाद और प्रेमयुद्ध है| सरफिरो के लिए प्रेम पूजा नहीं असामाजिकता है, यौन है, वासना है, बलात्कार है|

एक हिन्दू – एक मुसलमान| एक कायस्थ – एक शेख़| एक शाक्त – एक शिया| एक मंदिर – एक मस्जिद| एक संस्कृतनुमा हिंदी – एक फ़ारसीनुमाउर्दू| एक भैया – एक भाई| एक गाय – एक बकरा| एक गोभी – एक गोश्त| एक नौकरी – एक धन्धा| एक कंप्यूटर – एक कॉमर्स| एक मूँछ – एक दाढ़ी| एक चाकू – एक छुरा| एक ये – वो| एक यहाँ – एक वहाँ| एक ऐसा  – एक वैसा|

हमारे बीच में एक सड़क है जो जिसके फुटपाथ कभी नहीं मिलते, न ही सड़क के किनारे बने घर|

दो घर आमने सामने, जिनका हर रोज सूरज निकलते आमना सामना होता है| उनके बीच सड़क पच्चीस फुट और पच्चीस साल चौड़ी है| हर सड़क के बीच डिवाइडर रहता है, कई बार एक ऊँची दीवार रहती है, जो किसी को दिखती नहीं है, हर किसी को महसूस होती है| यह दीवार दिल में बनती है और सड़क पर जा खड़ी होती है| हर सड़क के बीच डिवाइडर रहता है, कई बार गहरा समंदर रहता है| समंदर ख्यालों में रहता है और दिल उसमें डूब जाता है|

प्यार समर्पण है, प्यार त्याग है मगर प्यार न तो आत्म – समर्पण है, न भागना है|

मगर वो प्रेम क्या जिसे जाहिर भी न किया जाये| प्रेम में इंकार हो या न हो, इजहार तो होना ही चाहिए| हम जानते है कि हम एक दूसरे को प्रेम करते है| न बोलना कई बार बहुत ज्यादा होता है और बोलना कम| मगर समाज बहरा होता है, क़ानून अँधा|

कई बार लगता है दो घर बहुत दूर हैं और उनके बीच में जो समंदर है उसमें तैरते हुए और दूर चले जायेंगे| उनके बीच में एक पुल बना देना चाहिए| उन्हें रस्सी से बाँध दिया जाना चाहिए| उनके बीच में लक्ष्मण रेखा नहीं लक्ष्मण झूला चाहिए|

बस तय किया है, इस वैलेंटाइन तय किया दोनों घरों को मजबूत रस्सी से बाँध कस कर बांध दिया जाए, हमेशा के लिए|

अपने एनसीसी के दिन याद आ रहे हैं| उन दिनों सीखा था कि किस तरह से दो उंची बिल्डिंगों या पेड़ों के बीच में रस्सियों का पुल बनाया जाये, जिससे कि दोनों के बीच आना जाना हो सके| इस नेक काम में भरोसे के दो लोगों की जरूरत है जिन्हें इस तरह के पुल बनाना आता है और जो सामने वाले घर की छत पर जा कर इस नेक काम को अंजाम दे सकें| अब यह तय है कि तीन मंजिल ऊँचे दोनों घरों के बीच में एक रस्सी का मजबूत पुल बना दिया जाये, अपना एक लक्ष्मण झूला|

वैलेंटाइन डे के दिन सुबह अपनी खास शेरवानी पहने मैं| रस्सी के उस पुल के बीच, बीचों बीच मैं… एक छोटा सा छोटा सा गुलदस्ता हाथों में, ताजा सफ़ेद गुलाब और तरोताजा लाल गुलाब का गुलदस्ता| वहाँ से उनके मोबाइल पर एक कॉल.. अब प्लीज छत पर आ जाओ..| और आसमान में उड़ती हुई बहुत सारी लाल और सफ़ेद पतंगों के बीच हवा में झूलते हुए रस्सियों के मजबूत झूले पर एक प्रेम निवेदन|

टिपण्णी : यह पोस्ट http://cupidgames.closeup.in/. के सहयोग से  इंडीब्लॉगर द्वारा किये गए आयोजन के लिए लिखी गई है|

कन्ने भाई!!


कन्ने भाई जब बचपन में बड़े होने लगे तो उन्हें सिगरेट के धुंए से छल्ले बनाने की जबरदस्त महारत हुई, मगर साहब सिगरेट का धुआं हवा में विलीन होता देख कर कन्ने भाई को जीवन की क्षणभंगुरता का अहसास होता और उनका उसूल बन गया जो करना है वो आज नहीं अभी कर लो, इसी वक्त| सब जानते हैं कन्ने भाई दिल के बहुत साफ़ हैं और घर, घर तो इतना साफ़ रखते हैं कि मजाल क्या उनके घर के कूड़ेदान में भी आपको बित्तीभर कूड़ा मिल जाए|

कन्ने भाई यारों के यार हैं| उनकी खासियत है पान से इश्क़ और गंदगी से बड़ी नफरत| गंदगी देखकर उनको इतनी घिन चढ़ती है कि वो उसपर थूके बिना नहीं रहते| एक बार नगरमहापालिका का गंदा घिनौना कूड़ेदान दूर से देख कर ही उन्हें इतनी घिन मची कि उन्होंने खुद अपने पैर पर ही थूक दिया| जब भी कोई पुराना यार मिले और फिजूल की कोई बात छिड़े तो फिर तो कन्ने भाई सड़क किनारे थूक थूक कर अपने गुस्से का इजहार करते है| इसका फायदा ये है कि अपनी पाक साफ़ मीठी जुबान से कोई गलत शब्द भी नहीं बोलना पड़ता और नफरत भी बाहर निकलती रहती है|

एक बार कन्ने भाई, मिनिस्ट्री में काम से गए| कुछ लें दें की बात रही होगी| बस वहां से निकले और और सीढ़ियों पर अपनी घिन का इजहार कर दिया| कामचोर चपरासी ने बकझक की तो उसको सफाई अभियान का ऐसा ज्ञान दिया कि उसने अपना तबादला दुसरे ऑफिस में करा लिए|

कन्ने भाई, महानगर में रियल एस्टेट के किंग नहीं तो किंग मेकर तो जरूर हैं| शहर की हर गली हर कूचे में उनके निशान लगे हैं| निशान लगाने के लिए उन्हें कोई निशाना नहीं लगाना होता जहाँ मन हुआ जब हुआ जितना हुआ, निशान लगा दिया| निशान लगाने के उनके अपने अचूक तरीके हैं|

कन्ने भाई को बस आवारा कुत्तों से बड़ा डर लगता है| हुआ यूँ कि कन्ने भाई को दक्षिणी इलाके में एक बढ़िया प्लाट दिखाई दिया| मौके की जगह थी| सोचा जरा प्लाट में जाकर उसका ठीक से मुआयना किया जाये और अपना निशान भी लगा दिया जाये| कन्ने भाई निशाना लगा ही रहे थे, मगर गलती से उन्होंने ठीक उसी जगह निशाना लगा दिया, जहाँ उनके पीछे खड़े आवारा कुत्ते ने अभी अभी अपना निशान लगाया था| बैठे बैठे के इंजेक्शन लगवाने का झंझट लग गया| तब से कन्ने भाई निशाना लगाने से पहले आस पास देख लेते है कि कहीं कोई आवारा कुत्ता तो नहीं है| एक बार किसी पागल सिपाही ने उन्हें इंडिया गेट के पास निशाना लगाते हुए पकड़ लिया था| सिरफिरे को लगा होगा कि कहीं कन्ने भाई अब इंडिया गेट में कोई कॉलोनी न बनवा दें| उस वक्त कन्ने भाई के साले ने उस सिपाही को सौ रुपये देकर बात संभाली मगर लालची सिपाही… शायद उस सिपाही को मालूम नहीं था कि कन्ने भाई को कोई गलत बात बर्दाश्त नहीं है| वो रिश्वत ले और कन्ने भाई थूकें भी नहीं|

जब कन्ने भाई सत्तासीवीं बार दीवार फ़िल्म देख कर लौट रहे थे तो एक दीवार पर लिखा था, पेशाब करना मना है| कन्ने भाई ने कभी अपने बाप की नहीं सुनी, ये कौन कद्दू था? कन्ने भाई ने ऐसा निशाना लगाया कि बस| बाद में कन्नी भाभी, उन्हें लिए लिए पीर फ़कीर कराती फिरीं, सुना है वो किसी पूजास्थल की दीवार थी| तब से कन्ने भाई को हर जगह अवैध कब्जा करने वाले देवी देवता पीर फ़कीर से नफरत सी हो गई है| अब कन्ने भाई, इन्हें बिलकुल नहीं बख्शते|

बात जो भी हो कन्ने भाई ने जहाँ भी निशान लगाया हो, किसी न किसी दिन उस जगह के सितारे जरूर बुलंद हुए| इसकी लम्बी कहानी फिर कभी|

टिपण्णी: यह पोस्ट The Great Indian Litterbug – Times of India के सहयोग से इंडीब्लॉगर द्वारा किये गए आयोजन के लिए लिखी गई है|