दिल्ली का प्रदूषण पर्व


दिल्ली में साल भर प्रदूषण का स्तर ख़तरे की सभी सीमाओं से कई गुना ऊपर रहता है| लेकिन दिल्ली वाले ठहरे आँख के अंधे कान के कच्चे| न कोई सही चीज आसानी से दीखे, न कोई सही बात आसानी से सुनाई दे| जब तक प्रदूषण से सूरज दिखना बंद न हो जाए तब तक दिल्ली वालों को प्रदूषण समझ नहीं आता| यह उच्चतम प्रदूषण भी दिल्ली वालों के लिए एक पर्व हो गया गया है| बच्चों की स्कूल से छुट्टी, अमीरी में कहीं बाहर घुमने निकल जाना, या एयरप्योरिफायर लगाकर घर में मस्त फ़िल्में देखना| अब तो यह सालाना जलसा हो गया है कि होगा ही होगा| दिल्ली सरकार और भारत सरकार इस पर्व पर कुछ मनोरंजक समाधान पेश करेंगे| यही सब है, और क्या?

वैसे तो प्रदूषण दिल्ली वालों की दीखता नहीं और दिख भी जाए तो हमारे पास बहुत सारे हास्यास्पद समाधान है| जैसे – पंजाब हरियाणा वाले पिराली जला रहे हैं हैं; दिल्ली के गरीब लोग कचरा जला रहे हैं; भवन निर्माण मजदूर धूल उड़ा रहे हैं| हद होती हैं दिल्लीपन की|

प्रदूषण का यह प्रदूषण उच्चस्तर दिल्ली से सामान्य स्तर प्रदूषण से २० से ३०% अधिक ही होता है| सामान्यतः दिल्ली का प्रदूषण स्तर ३०० होता है और दिल्लीवालों का प्रदूषण सहनशीलता स्तर ४०० होता है, जो वैज्ञानिक रूप से पर्यावरण की मृत्यु का परिचायक है| यह प्रदूषणस्तर दिल्लीपन को हास्यास्पद बनाता है| इस स्तर पर दिल्ली की जनता, राज्य सरकार और कभी कभी दिल्ली की भारत सरकार भी जग जाती है| यह जगना इस तरह का है कि कोई नशेड़ी नींद से जागकर नशे में बक बक कर रहा हो|

दिल्ली प्रदूषण के सामान्य प्रमुख कारक भी कम हास्यास्पद नहीं है:

  1. दिल्ली का स्थलमध्य होना: भारत के अधिकतर बड़े शहर समुद्र के काफ़ी निकट हैं, इसलिए प्रदूषण दिल्ली में फंस जाता हैं|
  2. जनसंख्या: प्रति वर्ग किलोमीटर में रहने वाला जनसंख्या घनत्व दिल्ली में इतना अधिक है कि दिल्ली शहर वर्ग प्रतिकिलोमीटर अधिक कार्बन डाई ओक्साइड छोड़ता है| दिल्ली में घरेलू प्रदूषण करक गैस स्टोव, फ्रिज, कूड़ा, हीटर, वातानुकूलन, आदि का घनत्व भी काफ़ी अधिक है|
  3. कूड़ादान: दिल्ली कूड़े का प्रबंधन आजतक ठीक से नहीं कर पाती| यहाँ स्वच्छता का मतलब है किसी मैदान में पेड़ के सूखे पत्तों पर झाड़ू लगाते हुए फ़ोटो खींचना|
  4. जनयातायात साधन: दिल्ली वाले सरकार से यह नहीं पूछते कि बसें इतनी कम क्यों हैं? कॉलोनियों के अन्दर रिक्शे क्यों बंद हैं? मेट्रो का अंतराल कम क्यों हैं? दिल्लीपन में शरीफ़ दिल्ली वालों को मजबूर करता है कि दस हज़ार माहना से भी अधिक खर्चा अपने सर पर डालो और कार ले आओ, भले ही द्वार पर खड़ी रहे| सुरक्षा की संवैधानिक और सार्वभौमिक जिम्मेदारी भी सरकार का उत्तरदायित्व कम से कम दिल्ली में नहीं खड़ा करती|
  5. आस पड़ोस का प्रदूषण: दिल्ली को विकास चाहिए, दिल्ली को सुविधाएँ चाहिए मगर इस विकास की कीमत अदा करने की जिम्मेदारी झारखण्ड, छत्तीसगढ़, या कोई और पिछड़ा राज्य उठाये| मगर भाई प्रदूषण तो हवा के साथ आएगा ही| और विकास की मार झेलता हुया ग़रीब रोजगार की तलाश में दिल्ली ही तो भागेगा ही|

मगर कोई नहीं पूछता की वास्तविक क्या हैं, इनका क्या निदान है और उसमें खुद उसका क्या योगदान होगा और सरकार की अब तब और आगे की उत्तरदायिता क्या है?

खैर छोड़िये, प्रदूषण पर राजनीति करते हैं जब तक दिल्ली वाले खुद प्रदूषण से न मर जाएँ|

बापू की दिल्ली बिल्ली


गबरू नौजवान अपनी शाहना अकड़-धकड़ के साथ चला आ रहा है| उसकी चाल में गजब की मस्ती है मगर चहरे पर लगता है कि बदलते वक़्त ने थोड़ी पस्ती ला दी है| दूर सामने मैदान में दो तीन बूढ़े किसी बात पर संजीदगी से गुफ्तगू कर रहे है| बाद पेचीदा लगती है; नौजवान ने मन ही मन सोचा| वो दूर से ही मामला समझना चाहता है मगर काला कुहासा कुछ देखने नहीं देता| गौर से देखने पर महसूस होता है, बूढ़े मिलकर खों खों खांस रहे है| खांसना भी दिल्ली शहर में गुफ्तगू करने के सलीकों में शुमार होने लगा है|

“क्या इसी कालिख भरे मुल्क के लिए जिए मरे थे?” नौजवान बूढों की तरफ़ बढ़ते हुए सर झटकता है|

उसे अपनी तरफ आता देख बूढ़े शांत होने लगे| पीढ़ियों में सोच का फ़र्क यूँहीं तो नहीं जाता|

“क्या बापू! आज क्या कोई हड़ताल है?” नौजवान ने कुछ परेशानी और कुछ हमदर्दी से पूछा|

मजबूत कद काठी वाला बूढ़ा खों खों कर हंसने लगा|

“अब न वोट क्लब है न जंतर मंतर। हड़ताल करने पर पड़ते हैं हंटर।“ जैकिट वाले बूढ़े ने उदास लहजे में कहा|

“मामला क्या है, कुछ नहीं तो बापू अपनी समाधि पर ही जाकर बैठ जाइएगा|” नौजवान ने मजाकिया मगर इज्जतदार लहजे में कहा|

“आप क्यों नहीं कोई धमाका कर लेते, बरखुरदार?” मजबूत कद काठी वाला बूढ़ा बोला|

“ब्राउन ब्रिटिश से क्या लड़ें? साँस लेना दूभर हो चुका है| अब तो फ़िजाओं में स्वदेशी गर्द और गंदगी है|” नौजवान मायूस लहज़े से कहने लगा| दिल के दर्द से कहिये कि फैफड़े के दर्द से, नौजवान के गले से खों खों के दबी आवाज़ धमाके होने लगे| तीनों बूढों की खाँसी और बढ़ गई|

बापू धरने पर बैठने की जगह ढूंढ रहे थे कि बिना साँस फुलाएं बैठ सके। जगह न मिली दिल्ली में| बिल्ली बने और मास्क पहन लिया ज़नाब।

Delhi pollution (c) vikram nayak

सुपर का उत्सव #CelebratingSuper


कुछ बदलाव सुखद होते हैं| सुखद बदलाव तात्कालिक लाभ के लिए नहीं किये जाते बल्कि उनके पीछे दीर्घकालिक भावना रहती है| यह जरूरी नहीं की हर बदलाव जो हमें सुखद लगता हो वो दीर्घकालिक तौर पर सुखद ही हो| पिछली दो तीन शताब्दियों में होने वाला औद्योगिक विकास सुखद तो रहा पर दीर्घकालिक रूप से सुखद नहीं है| यह बात समझने में मानवता को समय लगा है| दुर्भाग्य से आज भी हम में से अधिकांश लोग जब विकास की बात करते हैं, तब हम दीर्घकालिक विकास की बात नहीं करते| इस तरह का तात्कालिक विकास भले ही आज की पीढ़ी को सुख दे परन्तु आने वाली पीढ़ियों के लिए दुःख के पहाड़ खड़े कर रहा है|

तात्कालिक विकास से उत्त्पन्न समस्याएं मानवता को कष्ट देतीं हैं, परन्तु प्रायः वह मानव जो उस अंध-विकास का ध्वजवाहक होता है – वह अपने कार्यों के दुष्परिणाम न देख पाता है न भुगत पाता है| आज समय आ गया है कि जो लोग तात्कालिक विकास के पीछे है, उस से लाभान्वित होते हैं वह  अपनी जिम्मेदारी समझें और उठायें| कॉर्पोरेट सोशल रेस्पोंसिबिलिटी (CSR) इस दिशा में एक कदम है| परन्तु यह अपर्याप्त होगा अगर यह भी दिशाहीन रहे|

विकास यात्रा में बहुत सी चीजें आज जरूरी हैं – जैसे यातायात साधन| परन्तु यह जरूरी नहीं कि हर घर पर कार हो, न यह जरूरी है कि कार से प्रदुषण पैदा हो, न यह जरूरी है कि कार हर समय प्रयोग की जाए| लेकिन यदि कोई कार्य होगा तो उसके अच्छे बुरे परिणाम होंगे ही| यदि कार से कोई प्रदूषण होता है तो उस का निवारण करने के लिए शायद हर कार के साथ एक बड़ा पेड़ शहर में हो| यह एक उदाहरण है, जरूरी नहीं कि पेड़ ही प्रदूषण से बचाएं कोई तकनीक हो जो प्रदूषण को दूर करने में मदद्गार हो| क्या यह हो सकता है कि प्रदुषण फ़ैलाने वाले वाहनों, यंत्रो, तंत्रों, कल और कारखानों के साथ प्रदूषण रोकने के तकनीकि उपाय लगा दिए जाएँ? हर नाक के ऊपर मास्क न होकर हर चिमनी के ऊपर मास्क हो|

आप सारे कारखाने मास्क से नहीं ढक सकते तो आपको इस उपाय की भी जरूरत है| खासकर जब आप किसी कारखाने के मालिक नहीं है तब तक तो आप उसमें प्रदूषण नियंत्रक यंत्र नहीं लगा सकते| यह काम या तो मालिक का है या सरकार का| कारखाने ही क्या आज हर घर से प्रदूषण पैदा होता है| हमारी एलपीजी गैस के चूल्हे घर के सुरक्षित माहौल में कार्बन मोनो ऑक्साइड जैसे जहर का उत्पादन होता है| हमारे कमरों में हरपल प्रतिपल छिड़का जाने वाला रूम फ्रेशनर भी प्रदूषण है –एक प्रदूषण के जबाब में दूसरा प्रदूषण|

अब प्रदूषण इतना है कि हम और आप उस से बचने के लिए तात्कालिक उपाय भी कर रहे हैं| आजकल दुनिया भर के कई शहरों में जगह जगह एयर प्योरिफायर लग रहे हैं| जन मन और धन के हिसाब से यह उचित कदम हो सकता है –समुचित कदम नहीं| परन्तु अच्छे प्रयास के रूप में इसकी सराहना होनी ही चाहिए|

ज्येष्ठ वैशाख (मई जून) के महीने में दिल्ली में बहुत गर्मी होती है| आजकल तात्कालिक उपाय है कि घर कार और कार्यालय में वातानुकूलन हो| वातानुकूलन अपने आप में गर्मी बढ़ाने का काम करता है| इस क्रिया में स्वयं ऊष्मा उत्पन्न होती है| हमारी पारंपरिक वास्तुकला इस प्रकार विकसित हुई कि घर हवादार हों और स्वाभाविक रूप से ठण्डे बने रहें| हमने उस तकनीक में विकास नहीं किया जो शायद अधिक सरल होता| यदि हर पक्के मकान दूकान कार्यालय की छत पर एक रूफ-टॉप गार्डन हो जाये और साथ में रेन-वाटर हार्वेस्टिंग की व्यवस्था हो तो गर्मी, पानी और पर्यावरण की समस्या को थोड़ा कम किया जा सके| जिन लोगों के पास अपनी छत नहीं है वो भी योगदान दे सकते हैं| बालकनी में गमले तो हो ही सकते हैं| अभी एक कंपनी ने दिवाली के मौके पर अपने स्टोरों से पौधों के बीज बाँटने का अच्छा कदम उठाया| बहुत लोगों ने पौधे लगाये होंगे| हम और आप भी अपनी बालकनी को प्राकृतिक सौंदर्य दे सकते हैं|

यह सब छोटी छोटी चीजें है, मगर अच्छे कदम है| मन में आशा भरते हैं| कुछ तो हो रहा है – #CelebratingSuper