विश्व-बंदी १६ अप्रैल


उपशीर्षक – यमदूत

मौन उदास भय के कितना बेहतर है यह जान पाना कि दुनिया काजल की कोठरी जितनी काली नहीं है| देश में ३२५ जिले में करोना का कोई मामला नहीं आया है, ७० जिले ख़तरे से बाहर आते हुए लगते है| मगर डरता है दिल, देश में ७३६ ज़िलों में से १७० ज़िले नक़्शे पर लाल रंगे गए हैं – दिल्ली के सभी नौ रत्न और पूरे का पूरा राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र|

रोज दरवाज़ा खटकने पर ये आशंका होती है कि यमदूत तो नहीं| सुबह सुबह देशी गाय का अमृत माना जाने वाला दूध देने आने वाला दूधवाला भी समझता है, मैं उसे और वो मुझ में यमदूत के दर्शन करने की चेष्टा कर रहा है| मुझे नहीं मालूम कि मेरे कर्मफल का तुलन पत्र क्या कहता है| खाने पीने का सामान लेने या तो आप जाएँ या किसी को बुलाएँ – हिम्मत का काम लगता है| दवा लेने गया था तो दुकान का कारिन्दा बोला, यूपीआई कर दीजिए नगद ले तो लेंगे पर डर लगता है| ख़बर है एक पिज़्ज़ा देने वाले को विषाणु ने जकड़ा है सौ लोग अपने घर की निगाह्बंदी में हैं| रहम हो दुनिया पर|

करोना काल में में जीवन ने बदलना शुरू किया है| पहले यूपीआई का प्रयोग नहीं करता था अब हम नगद न देना चाहते हैं न लेना चाहते हैं| मन में ख़राब विचार न आएं इसके लिए झाड़ू बुहारू करते समय काम में मोबाइल के एप पर कान में हेडफ़ोन लगाए किताबें सुनता हूँ – पूरे ध्यान से| गाने पहले भी कम सुनता था अब भी कम सुनता हूँ – सुगम संगीत एकाग्रता की दरकार नहीं रखता _ ख़राब विचार आते जाते रहते हैं| साल में एक आध फ़िल्में देखने का हुआ ये है कि एक महीने की गिनती ही तीन पर है| खाने के शौक का ये कि हर हफ्ते में दो बार नए प्रयोग हो रहे हैं| यूं तो मैं हर दिन सोचता हूँ शाकाहारी और माँसाहारी के झमेले को छोड़ सर्वभक्षी बना जाए| मरना तो यूँ भी है| भला हो करोना विषाणु का कि दिल ने पक्का कर दिया है कि अगर यह जैविक हमला है तो अगला जैविक हथियार आलू पालक मूली बैगन है ही आएगा तो हम कुछ भी खाएगा| अन्न खाना पहले ही शास्त्रोक्त नहीं है शाकाहार में भी कंद मूल फल का ही विधान है|

नाइयों के पास जाने के ख़तरे को देखते हुए अपने सिर पर खुद से मशीन पहले ही चला चुका हूँ|

आगे आगे देखिए होता है क्या?

Enter your email address to subscribe to this blog and receive notifications of new posts by email.

 

विश्व-बंदी १५ अप्रैल


उपशीर्षक – मध्यवर्गीय असंवेदना 

केंद्र सरकार और अधिकतर राज्य सरकारें भले ही सम्यक दृष्टिकोण से करोना से लड़ने का प्रयास कर रहीं हों, विपक्ष भले ही सरकार के साथ खड़ा हो, परन्तु यह लड़ाई को वर्ग-भेद, धर्म-भेद, और शायद जाति भेद से प्रभावित हो रही है| अफ़सोस यह भी है कि धर्मान्धता और धर्म-भेद भले ही खुल कर सामने आया है, परन्तु वर्गभेद अधिक ख़तरनाक रूप से इस लड़ाई को प्रभावित कर रहा है|

भारत सहित दुनिया भर में शुरू से ही करोना ने हवाई यात्राओं के माध्यम से प्रवेश करते हुए मुख्यतः उच्च मध्यवर्ग और मध्य वर्ग को अधिक प्रभावित किया है, परन्तु इससे हो रही लड़ाई निम्न वर्ग के विरूद्ध असंवेदना के साथ शुरू हुई है|

रोग के खतरनाक वाहक होने के उच्चतम खतरों के बाद भी, उच्च मध्यवर्ग विदेशों से अपने घर वापिस आने में सरकारी सहायता और विमान प्राप्त करने में सफल रहा| इस वर्ग का एक बड़ा तबका लॉक डाउन के बावजूद सम्बंधित राज्य सरकारों की सहायता से हरिद्वार से अहमदाबाद और वाराणसी से आन्ध्र प्रदेश वापिस पहुँचाया गया|[i] यह सभी लोगों जहाँ रह रहे थे वहाँ इनके पास उचित रहना, खाना, देखभाल और इनका पूरा ध्यान रखने की व्यवस्था थी| परन्तु यह परिवार से दूर थे, इन्हें परिवार और परिवार को इनकी चिंता थी| क्या भारत के निम्न वर्ग के पास परिवार और पारिवारिक जिम्मेदारी नहीं है?

परन्तु पहले जब दिल्ली और बाद में सूरत और मुंबई के निम्न वर्ग ने घर वापिस जाने की अनुमति, सुविधा और सहायता मांगी तो उन्हें सरकारी लाठीचार्ज का सामना करना पड़ा| अफसोसनाक रूप से दिल्ली से एक बहुत बड़ा निम्न वर्गीय समुदाय पैदल ही घर की चल दिया| कौन सात दिन तक भूखा प्यासा पैदल लुधियाना और दिल्ली से चलकर बरेली या पटना जाता है? केरल से बिहार तक की यात्रायें दुनिया भर के समाचारों में दर्ज हुईं| जिस समय यह सब हो रहा था, निम्न वर्ग में करोना के संक्रमण का कोई मामला सामने नहीं आया था| मैं मानता हूँ, खतरा था और परन्तु बेहद सरल उपाय भी| यात्रा से पहले और बाद में जाँच और बहुत जरूरत होने पर कुछ दिन निगाहबंदी|

भारत में कुलीन ब्राह्मण भी अगर निम्नवर्गीय हो तो तीसरे दर्जे का नागरिक होता है| यह बात अलग है कि धर्म और जाति के नाम पर वो अपने आप को कुछ भी समझता रहे|

खैर, मुंबई में कल की घटना के लिए एक पत्रकार को ट्रेन चलने की अफवाह फ़ैलाने के लिए गिरफ़्तार किया गया है| भावनाओं का दुष्प्रयोग किसी ने भी किया हो भावनाएं है और उनका विष्फोट कष्टप्रद होगा| इसलिए उचित कदम उठने चाहिए|

Enter your email address to subscribe to this blog and receive notifications of new posts by email.

 

[i] https://m.jagran.com/uttar-pradesh/varanasi-city-twenty-buses-carrying-900-pilgrims-from-south-india-left-for-varanasi-20188325.html

https://m.timesofindia.com/city/ahmedabad/1800-people-stranded-in-uttarakhand-to-return-to-gujarat-in-28-buses/amp_articleshow/74862565.cms

https://www.bhaskar.com/amp/db-original/news/amit-shah-vijay-rupani-latest-updates-on-gujarat-pilgrims-return-from-haridwar-rishikesh-over-coronavirus-lockdown-127094521.html?__twitter_impression=true

https://newsd.in/gujarats-1800-pilgrims-return-from-haridwar-by-luxury-buses-in-amid-lockdown-amit-shah-vijay-rupani/amp/?__twitter_impression=true

विश्व-बंदी १४ अप्रैल


उपशीर्षक – लम्बा लॉक डाउन 

यह कितना अजीब है कि पूरा देश कैद में हैं और आजाद नहीं होना चाहता| प्रकृति किसी छोटी बात का भी इतना बड़ा बदला इंसानियत से ले सकती है तो इंसान के बड़े बड़े गुनाह…| कहते हैं भगवान की लाठी में आवाज नहीं होती इसलिए शायद हमें नजला, जुकाम, दमा, दिल और दिमाग की हजारों बीमारियाँ चुपचाप मरतीं रहती हैं| हमारी सड़कों पर एक साल में इतने लोग मरते हैं कि दुनिया भर के सारे जंगली जानवरों ने भी कभी नहीं मारे होंगे| मगर हमें सामूहिक मौत से डर लगता है| अगर आशंकाओं की बात करें तो अभी बहुत कम लोग मरे हैं – आशाओं की बात करें तो शायद हम बीमारी के इस तूफ़ान की सिर झुका कर निकलने देने में कामयाब रहेंगे|

आज लॉक डाउन ३ मई तक के लिए बढ़ गया| प्रधानमंत्री के संबोधन मित्रों, भाइयों, साथियों से होकर देशवासियों तक उतर आए| मैं उनके संकल्प में आशा और मन में हताशा देखता हूँ| अगर देश के प्रधानमंत्री को दसियों बार हाथ जोड़ने पड़ते हैं तो यह उनके समर्थकों, अनुयायियों और समालोचकों के लिए चिंता का विषय होना चाहिए| मैं प्रधानमंत्री को कभी देवदूत, अवतार पुरुष या महामानव नहीं मानता परन्तु भारत के प्रधानमंत्री को अपनी जनता के सामने इतना हाथ जोड़ना पड़े, यह निराश कर देने वाला है| मैं अक्षमताएं समझता हूँ परन्तु सदा की तरह उनके समर्थकों से बहुत निराश हूँ| लोग किसी एक समूह की तरफ इशारा करकर अपना पल्ला झाड़ लेते हैं परन्तु इस बीमारी से निपटने का पहला नियम अपना बचाव है, अगर आप किसी के संपर्क में नहीं आते तो पूरी आशा है कि आप बीमार नहीं पड़ेंगे| अगर आप बीमार पड़ रहे हैं तो पहली गलती आपकी या आपके किसी निकट व्यक्ति की है| और यह बात तब तक सही है जब तक बात कम्युनिटी ट्रांसमिशन से आगे नहीं बढ़ जाती|

मुंबई बांद्रा स्टेशन पर घर वापिस जाने के लिए हजारों लोगों की भीड़ लग गई है| यह आशंका पहले भी थी और कहा जा रहा है कि मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के सामने यह बात पहले भी रखी थी| यद्यपि मैं मानता हूँ कि उन्हें इस समय घर वापिस भेजना कम खतरनाक नहीं है| परन्तु यदि वो लोग अगर इक्कीस दिन पहले वापिस भेज गए होते तो १४ दिन का आवश्यक क्वॉरंटीन पूरा करने बाद अपने घर में होते और कृषि कार्य में मदद कर रहे होते| साथ ही बड़े शहरों, उनके अस्पतालों और अन्य संसाधनों पर अनावश्यक दबाब भी कम हो जाता| मुंबई में मौजूद लोगों की निराशा इस बात से भी है कि जो लोग २१ दिन पहले पैदल निकले थे वो लोग एक हफ्ते की यात्रा और १४ दिन के क्वॉरंटीन के बाद एक दो दिन में परिवार के साथ होंगे| इस समय यह स्पष्ट है कि अगर ३ मई को भी लॉक डाउन खुल जाए तब भी इनमें से आधे मजदूरों को रोजगार मिलने की संभावना बेहद कम है| मैं मानता हूँ कि अगर लॉक डाउन को ३ मई से आगे बढ़ने की अगर हल्की भी आशंका है तो उन्हें स्वास्थ्य जांच के बाद वापिस जाने की अनुमति दे देनी चाहिए| दोहरी आश्वस्ति के लिए उनके गंतव्य पर पहुँचने पर उन्हें एक हफ्ते के लिए क्वॉरंटीन में रखा जा सकता है| जिन्हें इन मजदूरों से सहानुभूति नहीं है अपने उन मित्रों से पूछे जो भारत सरकार द्वारा विदेशों से निकाल कर लाये गए या अपने अपने देश लोटे हैं|

कल्पना करें आप लॉक डाउन से पहले वाली रात अनजान शहर के महंगे विलासिता पूर्ण होटल में फंस गए हैं, कमाई के साधन तुरंत बंद हो जाते हैं और आपके अपने शहर में आपके बूढ़े माता-पिता एक अदद पत्नी, दो छोटे बच्चे बिना आपके न सही मगर आपकी चिंता में आपकी कुशलता की कामना में रोज दरवाजे पर एक दिया जला रहे होते| हो सकता है कि आपके क्रेडिट कार्ड की लिमिट बहुत हो पर ४० दिन… के साथ इसकी कल्पना तो कीजिए|

सरकार को तुरंत वास्तविकता आधारित निर्णय लेना होगा|

Enter your email address to subscribe to this blog and receive notifications of new posts by email.