अहोई कथा – दिवाली व्यथा


दिवाली का त्यौहार कहने को पांच दिन चलता है, मगर इसकी धूमधाम तैयारी पितृपक्ष के साथ ही प्रारंभ हो जाती है| पितृपक्ष के शांत दिनों में बनाई गई योजनाओं की फुलझड़ियाँ नवरात्र आते आते अपने फूल बिखेरने लगतीं हैं| सबसे पहला काम होता है – साफ़ सफाई, रंगाई – पुताई, नया सामान आदि| हर कोई अपनी सामाजिक स्तिथि के अनुसार अपनी आर्थिक मर्यादा को लांघना चाहता है|

दिवाली पर सबसे अधिक भागदौड़ मेरे जैसे लोगों के लिए रहती है| हम अपनी जड़ों से कट नहीं पाए है, इसलिए हर साल अपने घर पहुँचते हैं, दिवाली मनाने| मैं होली – दिवाली तो घर पहुँचता ही हूँ, हफ्ता – दस-दिन पहले भी घर जाना होता है| दो दिन पूरी लगन से घर साफ़| कभी दीमक का प्रकोप होता तो कभी चूहों का| इस बार मेरे सफाई अभियान के दिन इत्तिफ़ाकन अहोई अष्टमी पड़ी| सोचा न था, कि यह संयोग मुझे तो रात सोने नहीं देगा|

अलीगढ़, घर का भंडारघर, अन्दर कौने की दीवार और उसके आगे कई संदूक, चूहों को बदबू, ताजी हवा कई दूर ठहर गई थी| सामने की दीवार पर टिमटिमाता बल्ब संदूक और दीवार के बीच पर्याप्त रोशनी देने में असमर्थ था| संदूक और दीवार के बीच चूहों का घौंसला| कागज के टुकड़े, कपड़े की कतरनें| बदबू यहीं से आ रही थी शायद| मैंने डस्टकार्ड के सहारे उस सब को फैंकने का निर्णय लिया| कूड़े के ढेर पर देखा, चूहे के छोटे छोटे बच्चे बिखरे पड़े थे| अचानक उदास सी ठंडक मेरे चारो ओर फ़ैल गई| छोटे छोटे बच्चे| दोपहर की गर्म धूप उनके लिए तेज थी, रौशनी असह्य| मुझे दो एक बच्चे मरे हुए मालूम होते थे तो अन्य अब मेरे कारण मरने वाले थे| अवांछित हत्याओं का कारण था मैं|

अहोई की कथा, मेरे कानों में पड़ रही थी| मैं जानता था, यह भ्रम है| एक सेही का बच्चा गलती से मर जाता है| प्रकृति गलती की सजा देती है| मानव को क्षमा माँगनी होती है| अहोई – अनहोनी शब्द का रूप है| अनहोनी एक माता के रूप में, देवी रूप में पूजी जाती है| मैं रात भर जगा हुआ हूँ| पूजा – पाठ न करने के बाद भी उनके पीछे के सही गलत विचार समझना मेरी प्रकृति है| आज प्रकृति ने विचार दिया है|

दिवाली के सफाई के हम जीवों की हत्या तो नहीं कर देते| क्या हम खुद जैव संतुलन को नहीं बिगाड़ रहे| हम कीड़े – मकौड़े ख़त्म करना चाहते है| डरते हैं, वो बहुत न हो जाएँ| प्रकृति संतुलन बनाना जानती है| करोड़ों साल राज करने वाले डायनासोर एक झटके में हवा हो गए| कुछ लाख साल का मानव, पृथ्वी का मालिक| प्रकृति का हास्य मुझे सुनाई देता है| मैं दिन भर में मारे गए मकौड़े गिन रहा हूँ| मच्छरों की गिनती ही नहीं| दिवाली से पहले अहोई का पर्व क्यों आता है? सेही, जिसे शायद कोई मानव प्रेम नहीं करता, कोई नहीं पालना चाहता| प्रकृति के प्रतिनिधि के रूप में सेही सामने है|

अहोई कथा शायद यही कहती है| हमसे कोई अनहोनी न हो, हमारे साथ कोई अनहोनी न हो|

छोटे पहाड़ी शहर


पालमपुर - बढ़ते वाहन

पालमपुर – बढ़ते वाहन

अक्सर पर्यटक स्थलों पर भीड़भाड़ मुझे उनसे दूर कर देती हैं| अगर भीड़ का अकेलापन ही महसूस करना है तो दिल्ली मुंबई का कोई भी चौराहा क्या बुरा है| कम भीड़भाड़ वाले पर्यटक स्थलों के प्रति मेरा स्वाभाविक आकर्षण मुझे इस बार पालमपुर ले गया|

पहाड़, खुबसूरत शहर, रंगबिरंगे घर, अलग अलग रंग की टिन की छतें, पहाड़ों से नीचे उतरते और पहाड़ों पर ऊपर चढ़ते बादल, बार बार बरसात, जुलाई का पहला सप्ताह, हाल में पहुंचा हुआ मानसून, सब इस जगह को जन्नत बना रहा था|

मगर पहाड़ों पर या किसी भी पर्यटन स्थल पर बढ़ते हुए वाहन बड़ी समस्या हैं| संकरी सड़कों पर वाहनों की भीड़ उन्हें असुरक्षित तो बनाती ही है, वहां के सौंदर्य को भी नष्ट करती है|

मुझे लगता है कि पर्यटक स्थलों के बाहर ही वाहनों को रोक लिया जाना चाहिए और शहर में पारंपरिक साधनों, साइकिल, रिक्शा, घोड़े, खच्चरों का ही प्रयोग होना चाहिए|

छाया की अमूर्त अभिव्यक्ति


डॉ. छाया दुबे प्रकृति से अपना सम्बन्ध देखती है और प्रकृति उनकी अमूर्त रूप में उनके कैनवास पर उतरती है| उनसे बात करते हुए लगता है कि कैनवास उनके अकथ्य को रंग के रूप में उतारता है और उनकी अभिव्यक्ति का माध्यम बनता है|

IMG_20160428_122333[1]

प्रकाश उनकी अभिव्यक्ति को तेज प्रदान करता है और चटख रंगों के रूप में निखर कर आता है| सूर्य और जल उनके लिए सबसे महत्वपूर्ण साधन और साध्य है जिन्हें वो भिन्न रंगों के माध्यम से व्यक्ति करती हैं| इस कारण उनकी रचना प्रक्रिया में चिंता के रंग और लकीरें दिखतीं हैं मगर अवसाद नहीं दिखाई देता|

IMG_20160428_122630[1]

वो प्रकृति बचाने और पृथ्वी बचाने की बात आशावादिता के साथ करतीं है| उनसे बातचीत में लगता है कि भोपाल जैसे शहरों में जीवन और प्रकृति को लेकर अवसाद व्याप्त नहीं हुआ है सकारात्मक चिंताएं जरूर हैं| यह भाव उनकी कला को विशेषता देता है|

आश्चर्यजनक रूप से वो प्रकृति की चिंताओं के बीच उसके दोहन और शोषण की चमक – दमक को भी देख पातीं हैं| या कहिये, तमाम चिंताओं के बीच, प्रकृति के प्रति उनका सौन्दर्य बोध पूरे रोमानी अंदाज में मौजूद है|

IMG_20160428_123008_1461838195624[1]

नारी शोषण शोषण और प्रताड़ना जैसे विषय ही उनके यहाँ अवसाद नहीं भरते वरन वो उसे पूरी आशा और प्रकाश के साथ देखती है|

ईश्वर और दर्शन भी, उनके अंतर्मुखी स्वभाव को बहिर्मुखी बनाते हैं|

छाया दुबे के शब्दों में:

“ मेरे चित्रों का मध्यम मिश्रित रहा है| एक्रेलिक ऑइल, ड्राई पेस्टल, सभी का प्रयोग करती हूँ| मेरे काम में नुकीले फोर्सफुल स्ट्रोक, परिश्रम एवं प्रयास को दर्शाते हैं| और सॉफ्ट स्पॉट स्ट्रोक स्थिरता और संतोष का सूचक हैं| मेरे चित्रों में पीले रंग का विशेष महत्त्व है, जैसे पृथ्वी और जीवन के लिए सूर्य की ऊर्जा का महत्त्व है| सभी रंगों के तालमेल में सृष्टि का सौन्दर्य निहित है, इन रंगों के साथ मेरी इस यात्रा में संगीत का साथ अनिवार्य सा है; मानो संगीत के लय एवं भाव मानो मेरे स्ट्रोक को और लयात्मक एवं भावयुक्त एवं अर्थपूर्ण बनाते हैं|”

डॉ. छाया दुबे के चित्रों की प्रदर्शनी, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के त्रिवेणी कला संगम, २०५, तानसेन मार्ग, निकट मंडी हाउस मेट्रो स्टेशन, पर दिनांक 28 अप्रैल से 8 मई 2016 तक चल रही है|