नीमराणा फोर्ट पैलेस


नीमराना जाने के मामले में हुआ यूँ कि सब कुछ इत्तिफाक से होता चला गया| एक प्रतियोगिता के चलते एक ब्लॉग पोस्ट यहाँ लिखी गई| जिसमें मैंने पद – पर्यटन यानि घुमक्कड़ी पर अपने विचार रखे थे:

पद – पर्यटन का अर्थ यह नहीं है कि हम घर से लेकर अपने गंतव्य की यात्रा पैदल करें| इसके कई पहलू है| अधिक पैदल यात्रा, बेहद कम सामान, पर्यटन स्थान से अधिक जुड़ाव|

उसके बाद एक प्रसिद्ध पर्यटन पत्रिका के रेस्पोंसिबल टूरिज्म सम्मलेन के लिए बुलावा आया और वहाँ जो कुछ पढ़ा सीखा उस पर भी ब्लॉग पोस्ट यहाँ लिखी गई| अब उन दोनों पोस्ट पर पुरुस्कार स्वरुप नीमराणा जाने का वाउचर मिल गया| मजे की बात यह कि हमारे लिए तारीख तय करना बहुत मुश्किल हुआ, आखिरकार एक पुराने वादे के चलते एक जरूरी मीटिंग में न जाने का फैसला किया गया| खान मार्किट पर नीमराना शॉप में गर्मजोश सवाल के बदले हमें जो महल (कमरा) लेने की उदास सलाह दी गई, वही हमने चुन लिया| वैसे यह चुनाव सही रहा|

मार्च के पहले सप्ताहांत हम बस पकड़ कर नीमराणा जा पहुंचे| राष्ट्रीय राजमार्ग से होटल तक एक पुराने मित्र ने टैक्सी का प्रबंध करवाया था| भारी भरकम विकास के बीच मौजूद छोटी से कस्बाई आबादी से होकर हम एक पुराने किले में प्राचीन शानदार किले में मौजूद अधुनातन शानदार रिजोर्ट पहुंचे|

पुखराज महल

जी हाँ, यही नाम था – पुखराज महल –  जहाँ हम रुके थे| पंद्रहवीं शताब्दी में बने भाग का सबसे ऊपरी और महत्वपूर्ण महल| तीन कमरों (जिनमें से एक को स्नानागार में बदला गया है), एक बालकोनी, एक टेरेस के साथ नीमराणा फोर्ट, शहर और आसपास का शानदार नजारा| प्राचीन आभा देता हुआ फर्नीचर, सजावट और आधुनिक स्नानागार|

पुखराज महल: आधिकारिक फ़ोटो

पुखराज महल: आधिकारिक फ़ोटो

नीमराणा फोर्ट पैलेस का हर कमरा अपने आप में अलग है| उस से दिखाई देने वाला नजारा भी कुछ हद तक बदल जाता है| पुखराज महल से आप स्विमिंग पूल ही नहीं, लगभग पूरा रिसोर्ट ही देख सकते हैं| यहाँ से स्विमिंग पूल, डाइनिंग हॉल, ओपन एयर थिएटर और अन्य सुविधाएँ आदि सब पास ही हैं| कमरों की साज सज्जा आपको एक दिन के महाराजा होने का पूरा अनुभव देने के लिए काफी है|

नीमराणा फोर्ट के नए हिस्से और आधुनिक निर्माण अपने पुरानेपन को आधुनिकता के साथ संजोने का प्रयास है|

हम भी दिनभर पूरे किले में घूमते रहे| सामान्य किलों के विपरीत यहाँ हमें अपनी मर्जी से कहीं भी घूमने, बैठने और खड़े होने की आजादी थी| बहुत से लोग तो लगा कि इसी रिसोर्ट में रुक कर भारतीय वास्तुशास्त्र, इतिहास, भूगोल, कला और संस्कृति की जानकारी ले लेना चाहते हैं| दो तीन लड़के लड़कियां तो शायद फोटोग्राफी में अपना कैरियर यहीं बना लेना चाहते हैं| यह आसन फोटोग्राफी के लिए बढ़िया स्थान है|

हर शनिवार को कुछ न कुछ सांस्कृतिक कार्यक्रम होता है| उस दिन तेज आंधी और बारिश के कारण कार्यक्रम खुले में न होकर बंद कमरे में हुआ| उसके बाद भोजन, गाला डिनर, का साप्ताहिक आयोजन था| यह भी आज सामान्य भोजन कक्ष में हो रहा है|

अगले दिन विंटेज कार से नीमराणा कस्बे का चक्कर लगाया और दिल्ली आ गए| विंटेज कार के ड्राईवर के अलावा हर कोई यहाँ बहुत अधिक औपचारिक था| यह बड़े होटलों में होता है|

यह औसत भारतीय के लिए महंगा मगर एक सुखद अनुभव था|

मध्य प्रदेश में पर्यटन संभावनाएं


मध्य प्रदेश हाल के वर्षों में पर्यटन के क्षेत्र में सबसे अधिक विकास करने वाले राज्यों में बना हुआ है| हाल में संम्पन्न सिंहस्थ महाकुम्भ के अलावा भी मध्य प्रदेश में पर्यटन के लिए जाने वालों की संख्या बढ़ी है| मध्य प्रदेश में पर्यटन के विकास के लिए बहुत से प्रयास किये जा रहे हैं| जिनमें से एक २७ मई २०१६ को दिल्ली में आयोजित रोड शो भी है, जिसे मध्य प्रदेश पर्यटन निगम की असिस्टंट मैनेजिंग डायरेक्टर तन्वी सुन्द्रियाल की उपस्तिथि में आयोजित किया गया|

मध्य प्रदेश को हाल में ६ राष्ट्रीय पर्यटन पुरुस्कार मिले हैं और अभी भी पर्यटन विकास की अपर संभावनाएं हैं| मुझे उनमें से कुछ की चर्चा यहाँ करनी चाहिए:

  • ९ राष्ट्रीय उद्यान:
  • २५ वन्यजीव अभ्यारण्य:
  • ३ उनेस्को विश्व विरासत स्थल: खजुराहो, भीमबेटका, साँची;
  • जलक्षेत्र: इन्द्रासागर, बंसागर, तवा,
  • सांस्कृतिक कार्यक्रम: खजुराहो नृत्य महोत्सव, मालवा उत्सव, तानसेन उत्सव, अल्लाउद्दीन संगीत उत्सव;
  • २ ज्योतिलिंग: महाकालेश्वर, ओमकारेश्वर;
  • २ मुग़ल वास्तुशिल्प: भोपाल, बुरहानपुर;
  • वस्त्रशिल्प: बाघप्रिंट, चंदेरी और महेश्वर साड़ियाँ;
  • १ ब्रॉड गेज रेल रेस्टोरेंट (भोपाल –एक्सप्रेस) – विश्व में एकमात्र;
  • कारवां टूरिज्म – हॉलिडे ऑन व्हील;
  • जल महोत्सव – हनुवान्तिया (जल्दी ही – बरगी, चोरल, भेडाघाट संभावित)
  • फोटोग्राफी पर्यटन – बंसागर, गाँधी सागर आदि
  • बुद्धिस्ट सर्किट, हेरिटेज सर्किट, (स्वदेश दर्शन – भारत सरकार) नर्मदा – दर्शन;
  • प्रकाश – ध्वनि कार्यक्रम – ग्वालियर, ओरछा, खजुराहो, इंदौर, उज्जैन,

इस सब के साथ मध्य प्रदेश पर्यटन संबंधी निवेश को बढ़ावा देने के लिए स्टाम्प ड्यूटी, लक्ज़री टैक्स, आदि में छूट दे रहा है| मांडू, खजुराहो, ग्वालियर, भोपाल, जबलपुर, ओरछा, बुरहानपुर के किये अलग से मार्केटिंग योजना बनाई गई है| अब पर्यटन टोल फ्री १८०० – २३३ – ७७७७ से सरलता से सलाह ले सकते हैं| यात्रियों की सुविधा के लिए प्रमुख मार्गों पर हर ४० – ५० किलोमीटर पर सुविधाओं का विकास किया जा रहा है| प्रदेश में २२ होम स्टे शुरू हुए है और अन्य लोगों के जुड़ने की सम्भावना है|

रॉक गार्डन चंडीगढ़


इसे रॉक गार्डन क्यों कहते हैं? यह मेरा पहला सवाल था| इसमें बहुत कुछ हैं| चट्टानें भीं हैं और जल प्रपात भी मगर इसमें बहुलता से हैं मूर्तियाँ| मूर्तियाँ भी किसी चट्टान से नहीं बनीं हैं वरन अलग अलग चीजों से उन्हें बनाया गया है| शायद प्रारंभिक कल्पना में इसे पत्थरों की दुनियाँ बसाने की रही होगी या फिर इस अवैध (जी हाँ, वैध घोषित किये जाने तक अवैध) दुनियाँ को पत्थरों के सहारे छिपा लेने के कारण इसे रॉक गार्डन कहा गया हो|

जाड़ों की जिस शाम हम इसे देखने पहुंचे तो आखिरी कुछ मिनिट थे टिकेट मिलने के, हम आखिरी पर्यटक थे| शाम का धुंधलका एक तिलिस्म रच रहा था| लगता था किसी पुराने जंगली राज्य का भुतहा चित्रण किया गया हो| इधर किसी परी कथा के जैसे पतले रास्ते, बहता, टपकता पानी तो उधर चीनी मिट्टी के सेनिकों की फ़ौज| इधर चूड़ियों के जानवर तो उधर अनगढ़ प्राणी| अगर पता न होता तो दर के मारे शायद सांस छोड़ देते| बेमकसद सीढियां, टेड़ी मेढ़ी दीवारें, संकरे रास्ते, सूखे पेड़ों का आंगन| चीनी मिट्टी और कांच आदि की इस दुनियाँ में रोशनी का आना, जाना टकराना सब अजब नजारा पेश करता था| इस तिलिस्मी दुनियाँ में एक जीवन्तता थी| थोड़ी देर बाद जब हमें इस सब में आनंद और सकून मिलने लगा तो ध्यान आया की जाना भी है| लगभग हमारे साथ ही चल रहा एक जोड़ा इस तिलिस्मी माहौल में कुछ रोमानी साथ ढूंढ़ता लगता तो हम आगे बढ़ने लगते मगर फिर वो शायद अकेले रह जाने डर से जल्दी जल्दी हमारे लगभग बराबर आ जाते|

हमने तय किया कि दिन में इसे दोबारा देखा जाए| अगले दिन दोपहर बाद आने का निर्णय लिया|

जी हाँ! दुनिया बदल गई थी| रौशनी, भीड़, और शोर ने कल रात का तिलिस्म तोड़ दिया था| आज यह जंगल का भुतहा किला नहीं वरन पुराने गाँव का भीड़ भरा मेला था जिसमें जमीन से कटे शहरी हवा में उड़ते उड़ते देख रहे थे|  बहुत से लोगों को कबाड़ की यह बकवास समझ नहीं आती थी| अनगढ़ मूर्तियाँ उनके लिए कला की असफलता का नमूना थीं और चूड़ियों के टुकड़े गवईं| बहुत से लोग इसलिए यहाँ थे की यह जगह देखना चड़ीगढ़ देखने का पहला सबूत था, बहुत से लोगों ने एक दो सेल्फी के लिए बहुत महंगी टिकेट ली थी| यह धोखा भी गजब था| अगर आपके पास कला को समझने वाला दिमाग न हो और आप प्रसिद्धि के फेर में आ जाएँ तो यही होता है| नव धनपतियों और सॉफ्टवेयर मजदूरों की भीड़ अपने को दुनियाँ का सबसे अक्लमंद होने का जो यूटोपिया बना बैठी है उसे इस तरह की जगह पर निराशा होती ही है|

दिन के प्रकाश में दुनियाँ बदल गई थी| आज तिलिस्म नहीं था और मूर्तियाँ भीड़ के बीच शांत और थकीं हुई लगतीं थी| आप काम की बारीकी अच्छे से देख सकते थे| कबाड़ का इससे बढ़िया क्या सदुपयोग होगा, आप सोचते हैं|

अगर आपको कला देखनी हैं तो जाड़ों के शाम आयें| यहाँ का हर जर्रा बोलता है और बात करता हैं| आप इस से किसी परीकथा को समझ सकते हैं या किसी प्राचीन युद्ध का जायजा ले सकते हैं तो किसी भुतहा गाँव का भी| कलाकार की अपनी कला आपके लिए एक बड़ा वितान प्रस्तुत करती है, जिस से आप अपनी कल्पना लिख सकते हैं| आपके पास तकनीकि बारीकी को समझने का दिमाग है तो दिन की रौशनी बेहतर हैं| दिन में यह तिलिस्म सिर्फ कला बन जाता है| इसके रचयिता ने इसे रात में ही तो रचा होगा| आप भी रात में विचरें| मगर समय आपका साथ नहीं देता| इसके बंद होने का अपना सरकारी समय है|

देर शाम रॉक गार्डन  चित्र: ऐश्वर्य मोहन गहराना

देर शाम रॉक गार्डन
चित्र: ऐश्वर्य मोहन गहराना

दिन में  रॉक गार्डन  चित्र: ऐश्वर्य मोहन गहराना

दिन में रॉक गार्डन
चित्र: ऐश्वर्य मोहन गहराना