मुर्दा ख़यालात


तड़पते हुए पीले पन्नों पर उबलती सुर्ख़ स्याही का दरिया न बाँध;

सुन, मेरे मुर्दा ख़यालात में गुलज़ार का आना जाना हो जायेगा|

 

नीले रंग का समंदर को यूँ आसमां में न उलीच उँगलियों से;

सुन, सलमा सितारों सी साड़ी पहन के निकली मरना हो जायेगा|

 

बिना बहर की ग़ज़ल सी जिन्दगी में रेख्ता की रौनक़ न देख;

सुन, मरे दिल के इक झगड़े में फिर इश्क़ का रगड़ा हो जायेगा|

 

अगले जनम में हमारी मुलाकातों के झूठे वादे न कर इस कदर;

सुन, तेरी इबादतों में मेरे मरने का बेजार अफ़साना हो जायगा|

 

इंसान की तरह खोखले इस आसमान में सुराख़ की बातें न कर;

सुन, पत्थर उछाल तो तपाकर खूब जरा कि आफ़ताब हो जायेगा|

हे राम!!


हे राम!

याद होगा तुम्हें

छू जाना उस पत्थर का, पथराई अहिल्या का,

मुझे भी याद है – तुम्हारा अधूरा काम||

कभी कभी मौका मिलने पर,

धिक्कारते तो होगे तुम, अपनी अंतरात्मा को||

सहज साहस न हुआ तुम्हें,

लतिया देते इंद्र को, गौतम को,

गरिया देते कुत्सित समाज को,

उदहारण न बन सके तुम||

हे राम!!

तीन अंगुलियाँ मेरी ओर उठीं हैं,

और इंगिता तुम्हारी ओर||

 

जिंदगी


जब तुम चली गई 

जिंदगी से

हसीं ख्वाब देखता हूँ।

एक दिन आओगी

और पूछोगी तुम।

क्या हम जानते हैं 

एक दुसरे को।

मुस्कुरा जाऊंगा मैं

कह दूंगा नहीं।

और तुम 

सकूं की सांस लेकर।

गुम जाओगी

मेरी यादों में।

दोबारा।।