अशोक चाट भंडार, चावड़ी बाज़ार


मैं अक्सर चावड़ी बाज़ार मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर ३ का प्रयोग नहीं करता| वरना सौ की पत्ती का खर्चा पक्का है| फिर भी यह बात अलग है कि मैं जब भी चावड़ी बाज़ार जाता हूँ तो यहाँ अक्सर पहुँच ही जाता हूँ| यह हौज़ काज़ी चौक है और यहीं है अशोक चाट भंडार|

मेरा यहाँ से भावनात्मक लगाव है| दर-असल मेरे नानाजी चाट पकौड़ी के इतने शौक़ीन थे कि खुद से बनाना सीखा था उन्होंने| उनके हाथ का बनाया कलमी-बड़ा मैंने एक ही बार खाया था बचपन में कभी, आज तक वो बेहतरीन कलमी बड़ा भुलाये नहीं भूला| तो अशोक चाट भंडार की ख़ासियत यह है कि कलमी – बड़ा बनाने वाली इस से बेहतर दुकान, या कहिये इस के अलावा कोई और दुकान मैं नहीं जानता| वैसे हिन्दू अख़बार में इस दुकान से बेहतर दुकान बताने के लिए सालों पहले एक पूरी कथा छापी थी| खाने वाले दोनों जगह खाकर बहस को जिन्दा रखे हुए हैं| उस दूसरी दुकान के बारे में बात फिर कभी|

यहाँ का मेनू कोई बहुत बड़ा नहीं है, चाट-पकौड़ी की दुकानों का होता भी नहीं| मगर यहाँ स्वाद खास है और चाट तो स्वाद पर ही बिकती है| यहाँ खास बात है भारत की देशी रतालू यहाँ चाट में प्रयोग होता है| विदेश से आया आलू तो खैर है ही|

मेरी पहली पसंदीदा चाट है यहाँ – कलमी-बड़ा| यह दरदरी पीसी गई चना दाल से बनता है और इसीलिए इसे बनाना कठिन काम है| सका अपना कुरकुरा स्वाद मुंह में घुलता हुआ इसे हर-दिल-अज़ीज़ बनता है| बेहतरीन दही, अध्-उबले रतालू और हलके मसाले इसे यादगार स्वाद देते हैं| मैं आपको सलाह दूंगा, अपनी पसंद से दही- चटनी कम ज्यादा कराने की जगह दुकानदार पर छोड़ दीजिये| उसे हमसे बेहतर पता है|

इसके बाद कचौड़ी चाट का मजा लिया जा सकता है| ऐसा नहीं कि यहाँ कचौड़ी सामान्य कचौड़ी से अलग है, अलग है उसका परोसना| सब जगह कचौड़ी सब्जी या चटनी के साथ मिलती है और प्रायः नाश्ते का अहसास देती हैं| बाकि जगह से अलग यहाँ कचौड़ी नाश्ता नहीं वरन चाट है और दही, चटनी, मसाले के साथ मिलती है|

और हम हिन्दुस्तानियों की सबसे बड़ी साझा कमजोरियों में से एक यहाँ है – गोल-गप्पा, जिसके पानी पर दुनिया का हर पानी – पानी भरता है| यहाँ गोलगप्पे का पानी काफी मसालेदार है और आपकी हिन्दुस्तानी जीभ के लिए यह पूरी तरह सकूं देने वाला है|

आते रहेंगे इस सत्तर साल पुरानी दुकान में|

स्थान: अशोक चाट भंडार, हौज़ क़ाज़ी, चावड़ी बाज़ार, पुरानी दिल्ली,

भोजन: शाकाहारी

खास: कलमी-बड़ा, कचौड़ी चाट, गोल-गप्पे,

पांच: पांच

गोविंदा का छप्पन भोग


प्राचीन भारत में व्यवसायी धार्मिक हुआ करते थे आजकल धर्म व्यवसायिक हो गए हैं| लम्बे समय से कुछ धर्म-सम्प्रदाय मात्र अपने अनुयायियों के लिए उत्पाद बनाते और बेचते रहे हैं| इससे इनके आश्रम, मठ, मंदिर, मस्जिद के खर्चे निकल जाते थे| महंगे प्रसाद और ऊँचे चंदे देने के बाद मिलने वाले भोजन पर चर्चा करना अब बेमानी लगने लगा है| आज कुछ मठाधीश, यहाँ तक कि सन्यासी, बाक़ायदा व्यवसायों के निदेशक मंडलों में हैं या उन्हें बाहर नियंत्रित कर रहे हैं|

गोविंदा की थाली, छप्पन भोग आदि के बारे में सुनकर भी यही सब विचार आए| गोविंदा, हिन्दू वैष्णव कृष्ण भक्ति धारा के इस्कॉन संगठन (अंतर्राष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ) द्वारा संचालित भोजनालय श्रृंखला है| यह भोजनालय और इसके सहायक जलपानगृह और मिष्ठान भंडार प्रायः इनके मंदिर प्रांगण में होते हैं| दिल्ली स्तिथ इस्कॉन मंदिर में हर माह के अंतिम रविवार छप्पन भोजन उत्सव का आयोजन होता है|

आज भारतीय भोजन में लगातार प्याज लहसुन का प्रयोग बढ़ रहा है| पिछली पीढ़ी तक जिन परिवारों में प्याज लहसुन प्रयोग होता था उनको आज बिना प्याज लहसुन के खाना बनाना पहेली लगता है| (कहावत है, नया मुल्ला प्याज ज्यादा खाता है|) दिल्ली में तो खैर पंजाबी, मुगलाई, ईरानी, और कायस्थ खाने का जबरदस्त प्रभाव है| ऐसे में यह गोविंदा भोजनालय बिना प्याज लहसुन के बने राजसिक भोजन का बढ़िया विकल्प है|

इस अप्रेल महीन के अंतिम रविवार मैंने छप्पन भोग का भोग लगाने का इरादा किया| मन मैं भावना थी, प्रसाद के छप्पन प्रकार के भोजन मिलेंगे| यहाँ की व्यंजन सूची में लगभग वही सब व्यंजन है जिन्हें आप दिल्ली में किसी भी सामान्यतः अच्छे भोजनालय में पाएंगे|

छप्पन भोज के दिन यहाँ बुफे है| पहुँचने पर सबसे पहले स्नेक्स लेने का आग्रह हुआ पकौड़ा, कचौड़ी- आलू सब्जी, पाव-भाजी, पापड़ी चाट, गोलगप्पे| बाद में कई सलाद, दक्षिण भारतीय, उत्तर भारतीय, चाइनीज भोजन  और मिठाइयाँ| मसालों का संतुलित से थोड़ा ही अधिक प्रयोग बाजार में मिलने वाले आम पकवानों से थोड़ा हल्का बनाता है| इसमें कोई शक नहीं कि भोजन मांस मछली प्याज लहसुन से मुक्त होने के कारण तामसिक नहीं है| आलू, जैसे कंद की उपस्तिथि के कारण इसे जैन भोजन भी नहीं कहा जा सकता| मसालों की व्यापकता के कारण सात्विकता के पैमाने पर खरा नहीं उतरता, शुद्ध भारतीय राजसिक भोजन|

बुफे सिस्टम में पकवानों के अधिक विकल्प हमेशा आपको ललचाते हैं| नियंत्रण रखना अपने आप में योगश्चित्तवृत्तिनिरोधः का भाव उत्त्पन्न करता है|

स्थान: गोविंदा भोजनालय, इस्कान मंदिर, दिल्ली,

भोजन: शाकाहारी

खास: छप्पनभोग

पांच: साढ़े तीन

ऊर्जावान भोजन


भोजन भी विचित्र है| पृथ्वी पर प्रचुर भोजन होने के बाद भी एक तिहाई विश्व भोजन के अल्पता और एक तिहाई भोजन की अधिकता के बीमार और मृत होते हैं| न जाने क्यों? अति सर्वदा वर्जित ही है| भोजन के सन्दर्भ में किसी प्रकार भी अति इसे विष बनाती है|

भोजन वाली भूख तीन प्रकार की होती है –

  1. पेट द्वारा भोजन ग्रहण करने की भूख,
  2. ज्ञानेन्द्रियों द्वारा रसास्वादन की भूख, और
  3. अहम् द्वारा करते रहने की भूख|

मुझे लगता है, यह जितने अखाड़े, जिम, योग केंद्र मोटापा कम कराने के लिए खुलें हैं, यह मुख्यतः अहम् के भूखों और अल्पतः ज्ञानेन्द्रिय के भूखों के लिए खुले हैं| इनके चलते, विश्व भर के किसी भी भोजनालय और भोजन से मुझे कोई कष्ट नहीं|

पेट कितना कितना ग्रहण करता है? गणना के अनुसार औसतन 280 ग्राम – लगभग छप्पन ग्रास| शायद छप्पन भोग का अभिप्राय भी यही हो| संभव है, भक्त अपने आराध्य को हर ग्रास में अलग अलग प्रकार के स्वाद, अलग रस अलग पकवान का भोग लगाने की इच्छा रखते हों| यह थोडा कम ज्यादा हो सकता है| आजकल कैलोरी नापकर खाने का चलन है| ऊर्जा-हीन और ओजहीन खाने में संसाधन की बर्बादी होती है| क्यों न आवश्यकता की सीमा में रहकर ऊर्जावान ओजवान भोजन करें और संसाधन बचाएं| कुछ लोग चाट-पकौड़ी (street-food) तो कुछ देश विदेश या कुछ सात्विक – तामसिक, शाकाहार-मांसाहार और कैलोरी के चक्कर में पड़े रहते है| मेरा मानना है प्रथमतः भोजन हर रस, हर स्वाद से युक्त और ऊर्जावान होना चाहिए और दूसरा आवश्यकता से अधिक नहीं| यह स्वतः अनुभूत कह रहा हूँ| भारतीय धार्मिक परंपरा में छप्पन भोग का विचार यह दर्शाने के सफल है कि अल्प मात्रा में भोजन भी ज्ञानेन्द्रियों को, रसना को, जिव्हा को तृप्त कर सकता है|

अब रहा अहम्, अहम् की संतुष्टि नहीं हो सकती| मैं ऐसे दैत्यों को जानता हूँ पैसा वसूल करने के लिए खाते हैं, खाने को पचाने के लिए दवा खाते हैं और पचाए हुए को जलाने के लिए कसरत-मशक्कत करते हैं| यह लोग अगर आवश्यकता की सीमा में खाएं तो भोजन सामिग्री के साथ साथ समय का सदुपयोग कर पायें| भोजन की आवश्यकता न होने पर ऊर्जाहीन भोजन ग्रहण करना भी अनुचित है|

2017 05 26 दे० हिंदुस्तान

दे० हिंदुस्तान में यह पोस्ट – २६ मई २०१७

देनिक हिंदुस्तान में यह पोस्ट यहाँ छपा है|