उपशीर्षक – करोना बाबा की जय
बचपन में एक झोली वाला बाबा होता है जो बच्चे पकड़ कर ले जाता है| मेरी छोटी सी बेटी को लगता है उसका नाम है कोविड| मुडगेली (बालकनी) से खड़ी होकर वो उस गंदे बाबा को पत्त्थर मार कर भागना चाहती है| वो चाहती है कि कार्टून की दुनिया के सभी सुपरहीरो आ जाये और उस गंदे बाबा को मार भगाए| उसे भगवान राम और भगवान कृष्ण से भी ऐसी ही चमत्कारिक उम्मीद है| मेरे बेटे को लगता है कि शिव जी से बात की जाए – ताण्डव बंद करो भोले| उसके पास बहुत सारी बीमारियों के चीन से शुरू होने के एक बढ़िया तर्क भी है – संहारकारी भगवन शिव का आवास मानसरोवर भी तो चीन में है| वायरस शिवजी के बजते हुए डमरू से निकल रहा है| शायद कोई बालक शिव जी की बारात में करोना बाबा को भी पहचान ले|
इसी प्रकार के बाल्य विश्लेषण शायद यहूदी इसाई और मुस्लिम बच्चे भी दे रहे होंगे| अहिंसक समुदाय हिंसा के बचने के लिए शायद देर तक हाथ धोने से कतरा रहे हों| परन्तु कर्म पर ध्यान देना ही होगा|
आज मेरा मन उदास रहा| भविष्यतः की चिंता सताती है| मैं जानता हूँ कुछ मेरे हाथ में नहीं| मगर कर्म तो करना है| मैं रहा सरस्वति का दास – जब कष्ट हो माँ की शरण में| मुझे आराधना करना नहीं भाता – मैं तो साधक ठहरा|
आज रात नौ बजे नौ मिनट तक बिजली के रोशनियाँ बंद करने को लेकर गजब माहौल है| किसी को नहीं पता कितना और क्या बंद करें या न करें| कुल जमा समझ दिया या मोमबत्ती जलाने को लेकर है| इस बात का भी चर्चा रहा कि थाली बजाने और मोमबत्ती जलाने के लिए तो दो चार दिन मिलते हैं मगर इक्कीस दिन के लॉक डाउन की तैयारी के लिए घंटा भी मुश्किल पड़ जाता है|
नौ बजते ही मोदी भक्तों ने उनके आग्रह का सत्यानाश करना शुरू कर दिया| पडौस में सामूहिक रूप से पटाखेबाजी शुरू हो गई| अल्प संख्या में लोग प्रार्थना या सामूहिक प्रार्थना करते हुए भी देखे गए| मगर इस बार घंटा बजाने के मुकाबले गंभीरता और अनुशासन शायद अधिक था| आजकल करोना की आड़ में तथाकथित भारतीय संस्कृति का विजय उत्सव चल रहा है| ख़ासकर उस तबके के बीच जिसे भारतीय संस्कृति का पूरा भान भी नहीं|
ज़ूम पर मीटिंग तो मैं भी कर ही रहा हूँ मगर जिस प्रकार की ख़बरें आ रहीं हैं ज़ूम का हाल जल्दी ही ख़राब हो सकता है| प्रायवेसी का बड़ा सवाल है| खासकर जूम पर व्यापारिक और सरकारी कार्य संपन्न करने को लेकर| लगता है सुरक्षित विकल्प की तलाश जल्दी करनी होगी|