पान का बीड़ा


“जिन्हें पान खाने खिलाने की तमीज़ नहीं वो क्या जिन्दगी जियेंगे?” अक्सर कहते|

तब पान का जलवा था| मान का एक पान काफी था| रसास्वादन का शब्द पान का मान रखता है| मजाल क्या कोई दांत पान की कुतर भी जाए| जिन्हें पान चबाने की आदत होती है वो अक्सर ज़ाहिल होते हैं| इंसान की तहजीब, रुतबा, खानदान और तासीर का पता उसके पान खाने के तौर तरीके से लगता है|

पनवाड़ी उन्हें दूर से देखता तो उनका पान लगाना शुरू कर देता| बीच बीच में दो चार दस पान और लग जाते, मगर उनका पान ख़ूब वक़्त लेता| जब तक कत्था चूना अपना रंग एकसार न कर लेते, घोटा चलता रहता| वक़्त होता, जान पहचान, काम बेकाम, चेले – चंटारे उन्हें सलाम ठोंकने आते| एक दूसरे के नाम दुआ पढ़ते| नेहरू से लेकर मर्लिन मुनरो तक बहार होती| पनवाड़ी न  रुकता, घोटा चलता रहता| घड़ी आध घड़ी के बाद पनवाड़ी कहता, रंग मस्त आ रहा है, जजमान| एक उड़ती नज़र पान को चूमती हुई निकल जाती| कहते – पान को भावज बनाना है क्या, बस करो| इधर पान का नुस्खा आगे बढ़ता, उधर देश की ग़रीबी हटती और टाटा बिड़ला भीख मांगने ठंडी सड़क निकल जाते| दूसरी घड़ी बीतते बीतते उमराव जान की याद आती कि छप्पन छुरी  चलती| पूछा तो कभी नहीं मगर कहते है कत्था चूना घोटते हुए पनवाड़ी पान पर सरस्वती यंत्र बनाता|

पान का बीड़ा भक्तिभाव से ग्रहण करते| मन्त्रजाप भी करते होंगे| इसके साथ नगर परिक्रमा का काम शुरू होता| आप भले ही उसे क़स्बा कहें, मगर मील भर पदयात्रा उनका नियम था| कारवां में लोग आते जाते, अलग होते जाते| मंथर गति से कदमताल मिलते जाते| हूँ हाँ करते सबकी बात सुनते जाते| सरकारी ओहदेदार भी इसी क्रम में मेलजोल करते| शायद ही कभी कुछ बोलते| जिनके काम होने होते, चुपचाप हो जाते| कभी कभार कुछ बोलते तो अगले दिन सुबह शहर भर में चर्चा रहता| सोने से पहले मूँह से निचुड़ा हुआ पान कलई के पीकदान में संभाल कर रख देते| दांत का निशान न रहता मगर रस भी तो न रहता|

सुबह समय पूजा पाठ भोजन भजन करते बीतता, शेष विद्यालय में पढ़ाने लिखाने और पीटने चिल्लाने में| गला दर्द करता और थक कर बुरी तरह बैठ जाता| दोपहर घर पहुँच कर चाय चबैना के बाद अपने कुतुबखाने में बैठकर पानदान उठाते| पंडिताइन दोपहर में पुरानी फ़िल्मों के इश्किया गाने सुनती हुई यह पान लगाया करतीं| जिस दिन विविध भारती पर सुरैया के गाने बजते पान में सुर आ जाते| नूरजहाँ का नूर उन्हें बहुत भाता था| जब कभी सही गाना गुनगुनाने लगते, पंडिताइन फूले न समातीं|

पान खाना कला है| जितना देर मूँह में रहे, रस देता रहे| जब तक पत्ता ख़ुद न घुल जाए, उसे न छेड़ते| जिस पान पर कत्था चूना घोटने में घड़ी दो घड़ी लगती हो उसे भोगने में क्या छः घड़ी न लगें? पान मूँह में घुलता रहता| किताबें दिल में उतरती रहतीं| कभी कभी रात बेरात कविता कहानी बन कर पान कागज़ पर उतर जाता| कभी कभी रात होती, सुबह न होती|

पान का दौर चलता रहा, चलते चलते चला गया| इंस्टेंट कॉफ़ी का दौर आया| दो मिनट मैगी आई| तुरंत तैयार खाना आया| चालीसा पढ़ने वाले चार चक्कर अगरबत्ती घुमाकर भगवान को बहलाने लगे|  जिन्दगी जीने की फुर्सत किसे, सलीका किसे? हिंदुस्तान की तहजीब और तासीर किसे? किसे फुर्सत इश्क़ करे, बातें बनाये, घोटा करे, घूँट घूँट जिन्दगी के मज़े करे? किसे फुर्सत जिया करे??

परांठे


हिन्दुस्तानी खाने में बड़ा चक्कर है| फुलका, रोटी, चपाती, परांठा, नान में फ़र्क करना भी बड़ा मुश्किल है|

तवा परांठा और तंदूरी रोटी खाने के बाद तंदूरी परांठा हलक से नीचे उतारने में दिल्लत होती है| आखिर तंदूरी परांठा परांठा कैसे हो सकता है भरवाँ तंदूरी रोटी होना चाहिए| परांठे का भी गजब चक्कर है, तवा परांठा और कढ़ाई परांठा समझने में भी मशक्कत है| कढ़ाई परांठा को नासमझ डीप फ्राई परांठा कहते है| समझदार कहते हैं कि तवा गहरा है उसे कढ़ाई मत कहो| दिल्ली की गली परांठे वाली में तो खुलकर कढ़ाई में परांठा तला जाता है| इस बात में दो राय नहीं की तवा और कढ़ाई के बीच इतने संकर संस्कार हुए हैं कि कौन क्या है पता नहीं चलता| उधर इन संकर संस्कार के जो भी तकनीकि नाम रहे हैं वो आज के अधकचरे ज्ञान में नदारद हो गये हैं| हिन्दुस्तानी अंग्रेजों के लिए हर सब्जी गोर्द और हर बर्तन पैन है|

पहली बार तंदूरी परांठा खाने के बाद घंटों सोचना पड़ा कि यह परांठा क्यों है| मुझे लगा कि भरवाँ रोटी बोलना ठीक है|

परांठे के पहला उपक्रम है कि उसमें कुछ भरा हुआ हो भले ही एक बूंद देशी घी| अगर परांठे में परत नहीं है तो परांठा नहीं है| आप भरवाँ रोटी और परांठे में पहला अंतर उसकी परतों से कर सकते हैं| परांठा अगर तवे पर न पचाया (हल्का भूनना या पकाना) जाए तो यह कचौड़ी हो जाता है| परांठे को अंत में तवे पर, गहरे तवे पर या पसंद के हिसाब से कम गहरी कढ़ाई में तला जाता है| यह प्रक्रिया उसे पूरा परांठा बनाती है| दो अलग अलग प्रक्रियाओं में पकना ही परांठे को परांठा बनाता है|

 

ये कैसा किसान है


किसान!! उसने पूछा?

ये कैसा किसान है, इसने तो सूट पहन रखा है?

यह कोई साधारण प्रश्न नहीं था| मंत्रालय के अधिकारी का आधिकारिक प्रश्न था| बनाई जा रही उत्पादक कंपनी के कागजात पर आधिकारिक लिखत थी|

क्या हमें नया फ़ोटो लगाना है? क्या किसान का मतलब खेत मजदूर होता है या कि हर साल फसल बर्बाद होती रहे|

नेता मोटी खद्दर का कुर्ता पायजामा छोड़ कर लखकरोड़ी परिधान पहनने लगे| मगर दो चीज़ नहीं बदलीं:

  • छोटे बच्चों की सीनरी – झोंपड़ी, नदी, पहाड़ और पहाड़ के पार उगता सूरज; और
  • किसान – फटे धोती कुर्ता, कंधे पर बैलों वाला हल और कभी कभी साथ में बैल|

हम रटरट कर बड़े हुए हैं| हमारे बूढ़े अध्यापक जी भी और हमारे बच्चों की मैडम जी भी| किताबों में फ़ोटो पुराने हैं, शरीरों में पुराने दिमाग|

देश में यदि थोडा बहुत विकास हुआ तो फ़ोटोशॉप में और रहा सहा दिल्ली मुंबई की सड़कों पर|  इसके अलावा तो विकास बस लड़कों का नाम ठहरा और लड़के बेरोजगार ठहरे| हिन्दुस्तानी दिमाग से ज्यादा विकास तो बीमारू बिहार के जिला जमुई के गाँव गमरुआ का हो गया| इस नाते किसान की हालत हिंदुस्तान में बदतर और हिन्दुस्तानी दिमाग में बदतम रही| इधर विकास की सरकार दिल्ली में बैठकर किसान को कंपनी का डायरेक्टर बनाने में लगी| उधर विकास की इल्ली दफ्तर में बैठ कर किसान को फटा पायजामा पहनाने लगी|

हुआ तो यूँ कि शहर दिल्ली और भोपाल में किसान जब ट्रेक्टर लेकर घूमने निकले तो विकास की इल्लियाँ सकते में आ गईं, अरे! ये कैसे किसान हैं कि थीम पार्क वाली गाड़ी में घूम रहे हैं? तुर्रा ये कि कुछ किसान तो आगरा शहर के मंगल बाज़ार से खरीदी हुई पिकनिक ड्रेस भी पहने हुए थे –  क्या कहें बे उन्हें जींस टॉप| पुलिस वालों के बड़े आका तो इतना घबराये कि कहीं मंगलग्रह वालों ने हमला तो नहीं कर दिया| और क्या क्या कहें|

इधर सुना है किसानी में उपज आमदनी भी बहुत बढ़ गई| कुछ किसान साहब तो ऐसे कि दो बीघा ज़मीन में चार करोड़ का देशी घास फूंस उगा कर बैठ गए| अब इन किसान साहब से को कौन पंगा ले| मगर मुद्दा बाज़ार यह गरम हुआ कि करचोरी का महकमा आत्महत्या करते किसान के गले पड़ गया कि अन्नदाता मरते मरते करदाता भी बनते जाइये| सुना कि आत्महत्या के लिए जो जहर पीया था उस पर पूरा बीस टका जी-यस-टी लगा था| सो मामला निपटा|

खैर छोडिये, इस जानेमानेशहर में हमारी कौन सुनता है| कागज पर किसान का फ़ोटो बदलवा दिए| किसान डायरेक्टर हुए और हम उनके छोटे दीवान मुनीम| किसान जी ढूढ़ रहे हैं कि नीरव्वा मिले तो पूछे कि उधार कहाँ कहाँ से उड़ायें भैया| हमारे ग्रामीण बैंक में तो ठेठ देहाती किसान को ही खैराती उधार मिलेगा, वो भी बेनामी की जमीन रहन रखकर|

बाकि जो गप्प वो है, सच तो हम न बताये कभी|

Farmers in the theme park vehicle

Farmers in the theme park vehicle