नया भला भोर


“नया भला भोर होगा कल”

सुना और चुप रहा

प्रदूषण भरे दिन के

प्रथम प्रहर का मतिमंद सूर्य||१||

 

अँधेरी सांय संध्या,

धूमिल अंधरे में

गहराती रही,

दिन

आशावान रहा

अब कोई अँधेरी रात न होगी||२||

 

सोचता हूँ मुस्करा दूँ

गहन अँधेरे में,

अँधेरा तो देखेगा

मेरी हिमाकत||३||

 

हिन्दुस्तानी शादी में फूफा होना


हिन्दुस्तानी शादी में फूफ़ा हो जाना एक मुहावरा बन चुका है| फूफ़ा होना कई मायनों में महत्वपूर्ण होता है| फूफ़ा होने का मुहावरेदार अर्थ है कि यह व्यक्ति रायता फैलाएगा ही फैलाएगा|

फूफ़ा परिवार का भूतपूर्व दामाद होता है – जी हाँ, यह अर्ध सत्य है परन्तु सत्य के थोड़ा अधिक करीब है| शादी में किसी नए दामाद का पर्दापरण होना लगभग तय हो चुका होता है| पुराने दामाद की कुर्सी खिसकने लगती है| (अगर लड़के की शादी हो तब भी फूफ़ा के सिंहासन में कम्पन तो आते ही हैं|) यह पुराना दामाद अब न चाहते समझते हुए भी फूफ़ा की शक्ल में फूफा ससुर में बदलने लगता है| मगर पुरानी आदतें एक पल में तो नहीं बदलतीं| जिसे दामाद-देवता की तरह पूजा गया हो उसे अचानक अर्धदेवता बनना होता है| फूफा के मन में पददलित हो जाने का भाव उत्पन्न होता है|

साथ ही फूफा जिम्मेदारियां भी बढ़ जाती है| अर्धदेवता को ससुराल रुपी मंदिर के एक सुनसान कोने में एक पवित्र स्थान के साथ जिम्मेदारियां भी पकड़ा दी जातीं है| खर्चबरदार के रूप में उसे खजांची बना दिया जाता है| धन-दौलत की पोटली बांधे फूफा ससुराल में पहली बार वो जिम्म्मेदारी निभाता है जिस में उसे सलाह देने का भी अधिकार न हो| फूफा की उम्मीद के के विपरीत उसके साले उसे बस हुक्म देते हैं – पंडितजी को इतना दीजिये, हलवाई को इतना देना है, माली को अभी तक क्यों नहीं दिया| हुक्म देने वाला हुक्म की तामील करने लगता है|

हिन्दुस्तानी दामाद कोई मजाक तो होता नहीं है| उसके गाल स्वभावतः फूले हैं – दामाद के रूप में गर्व ख़ुशी और अधिकार भाव से| उसके गाल फूफा बनने के बाद भी फूले रहते हैं – मगर ससुराल को लगता है – फूफा जी फूल गए हैं| फूफा के फूलने और फूलकर फटने का इन्तजार हिन्दुस्तानी शादी में सारी ससुराल क्या खुद फूफा की औलादें भी करतीं हैं| फूफा की औलादों को इंतजार रहता है कि कब फूफा फूलें और वो रायता फैलाएं, फूफी को फुला कर हवेली के उस पुराने कमरे में कमरें को कोप बनाने भेजें जहाँ फूफी बचपन में कभी रहा करतीं थीं|

फूफा ग्राम देवता की तरह निश्छल होते हैं- अधिकतर पत्रं-पुष्पम् में मान जाते हैं| कभी कभार उन्हें काल-भैरव का प्रसाद चढ़ाना होता है तो का बार उनका लक्ष्मीपूजन करना पड़ता है| असली फूफा मगर वह है जो पत्रं-पुष्पं, लक्ष्मीपूजन के बाद भी काल भैरव का अंश-अवतार बना रहे| ऐसा फूफा अक्सर फूफी का उचित सम्मान आदि प्राप्त कर अपने बुढ़ापे को सुखद बनाता है| यह फूफा अक्सर नये दामाद को अपना चेला बनाने में कामयाब रहते हैं| दरअसल फूफा बनना भारतीय रिश्ते-नाते से अधिक गुरु-शिष्य परंपरा का अंग है| आएं नष्ट होती इस परंपरा का सम्मान करें|

ख़ुद हराम दिल्ली


प्रदूषण की मारी दिल्ली से बाहर निकलते समय आपके फेफड़े ख़ुशी से चीख चीख कर आपको धन्यवाद करने लगते हैं| कान आसपास आँख फाड़कर देखने लगते हैं – क्या जगह है कि सन्नाटे में शांति है? आँख हवा को सूंघने लगती है – क्या हुआ हवा को कि जलन नहीं हो रही? आती हुई उबास बंद होते ही नाक खुलकर जीने लगती है| त्वचा फिर एक बार साँस लेने लगती है| शहर बदलते ही स्वाद तो खैर बदल ही जाता है|

उत्तर भारत में नीला असमान देखना जीते जी स्वर्ग देखने का साकार सपना लगता है| दिल्ली को फर्क नहीं पड़ता| किसने पीछे पांच साल में ध्रुवतारा देखा? किसने पिछले बीस साल में रात के सन्नाटे में झींगुर का गान सुना? कौन धरती की सौंध को दो रात सूंघ पाया? हर कोई धीमी मर रहा है – खुद अपनी चुनी हुई हत्या – आत्महत्या नहीं कहूँगा| आत्महत्या में कम से कम दुस्साहस तो लगता है| हमारी मौत एक नाकारा मौत है| दिल्ली वाली मौत उधार का (की नहीं) वैश्या है जिसे हम सब बाप का माल समझकर भोगना चाहते हैं|

धर्म के नाम पर पांच – ग्यारह – इक्कीस दीपक नहीं जलाते – हर दिवाली हम पटाखे फोड़कर अपने धर्म से ज्यादा अपना गुरूर बचाते हैं| बात किसी धर्म की नहीं है हमारे गुरूर की है- हठधर्मिता की है| हमारी दलील हैं, हम क्या सब कूंए में कूद रहे हैं? मुझे मत रोको|

किसान को दोष देना अच्छा लगता है न| मान लिया किसान दोषी है – मगर साल के दो महीन  के लिए न| बाकि दस महीने के लिए एक बार अपनी आत्मा को ज़बाव तो दे कर तो देखो| मन और आत्मा का सम-विषम तो करो| दस महीने का दोष किसे दें – पाकिस्तान को, चीन को या अमेरिका को|

हमें अपनी आँख में धूल झोंकना अच्छा लगता है| सम-विषम अनुलोम-वियोम करेंगे| घर के अन्दर जो कार्बन मोनो ऑक्साइड रोज पैदा होता है – सोचा कभी? सीशा (लेड) वाला पुताई करवाई है दीवार पर कभी देखा कि बच्चे के पेट में और फैफड़ों में कब चला गया? दिन भर कान घौंस कर रखी गई गानों की आवाज कब दिमाग में ध्वनि-प्रदूषण कर गई – पूछा? दूध, दूध-मिठाई पीते वक़्त कभी सोचा कि आपको और आपके बच्चे को नकली दूध का वीडियो क्यों देखना पड़ता है? आप ने रेस्टोरंट में कभी बोला भैया ये वाले चार प्रदूषक मेरे खाने में मत डालना – कम स्वाद के लिए नहीं लडूंगा?

आइए सरकार को दोष दें| आइए किसान को दोष दें| बावर्ची को दोष दें| पड़ौसी को दोष दें|

नोट: इस बार दिल्ली से त्रिवेंद्रम आते समय सोचा नहीं था कि मैं दोनों शहरों में कोई तुलना करूंगा मगर…