भय और सूचना


अगर दुनिया में मरने वालों को गिना जाए तो आतंक से अधिक लोग भय का शिकार हैं| भयाक्रांत मैं भी हूँ और आप भी|

भय और आतंक दुनिया के सबसे बड़े व्यवसाय हैं| आतंक अपराध के रूप में आता है और भय सूचना के रूप में| दुनिया में सबसे कम डरे हुए लोग सूचना के अभाव में जीते हैं, और बहादुर इन सूचनाओं के बाद भी भय पर विजय पाते हैं| भय से अधिक भयानक क्या होगा, भय का फैलाया जाना, भय को फ़ैलाने वाला? मगर भय जारी है|

भय फ़ैलाने की प्रक्रिया सरल होती है – आपका हित, हित चिंतन, हित हानि की सूचना और हित साधन का आग्रह| हमें सही और गलत सूचनाओं की परख करनी होती है| परन्तु अधिकांश सूचनाओं की परख करने का कोई तरीका नहीं होता|

आज सामाजिक प्रचार माध्यम बहुत तीव्रता से सूचना का प्रसार करते हैं| सूचनाओं का आवागमन इतनी तीव्रता से हो रहा है कि उनकी पुष्टि का समय नहीं है| हम सूचना माध्यम भी निर्भर नहीं कर पा रहे कि वह स्वविवेक का प्रयोग करकर सही सूचना ही पंहुचायेंगे| ऐसे में एक अतिरिक्त भय अधिक बढ़ता है – अगर सूचना सही निकली तो क्या होगा?

सूचना देने के लिए प्रयोग की गई भाषा का भी बड़ा असर होता है| शब्द चयन किसी भी सूचना को भयानक बना देता है| अधिकांशतः मीठे शब्द खतरनाक होते हैं और डरावने शब्द गीदड़ भभकी| उदहारण के लिए रंग निखारने की क्रीम अक्सर मीठे शब्दों में डर फैलातीं हैं और समाज को अरबों की चपत लगतीं हैं| दूसरी ओर हफ्ता और महिना वसूल करने वाले अपराधी भारी भरकम भाषा के बाद भी मीठे रिश्वतखोरों का मुकाबला करने में असमर्थ रहते हैं|

हाल में सारी दुनिया को भयभीत करने के पीछे भी सरकारों और अन्तराष्ट्रीय संस्थाओं की मीठी बातें हैं| कोरोना विषाणु से दुनिया भयाक्रांत है, अगर किसी को भी अधिक खतरनाक प्रदूषण की चिंता नहीं है| मैं इस भय को गलत और अनावश्यक नहीं कहता परन्तु प्रदूषण दुनिया को अधिक बीमार करता रहा है और लाखों की मृत्यु का कारण बना है|

अच्छा यह है कि इस भय के चलते शायद समय पर इस विषाणु के प्रसार को रोक लिया जाए|

गृहकार्यालय


अंग्रेजी का ऑफिस मुझे अनावश्यक ही महत्वपूर्ण बना दिया गया शब्द लगता है| ऑफिस की आवश्यकता पैदा करना मानवीय असह्ष्णुता का उदहारण है| लम्बे समय तक राजा रंक व्यापारी किसान सब अपने अपने घर से काम करते थे|

हिंदी का शब्द कार्यालय अधिक महत्वपूर्ण है – कार्यालय – कार्य का घर| घर का वह भाग जहाँ बैठकर आप जीविका के लिए कार्य व्यवहार करते हैं| मुझे यह परिभाषा उपयुक्त लगती है|

भारत में पुराने पुराने रईसों की पुरानी पुरानी कोठियां आज तक इस बात का प्रमाण दे रहीं हैं कि बड़े बड़े रोजगार प्रदाता अपने घर में ही अपना कार्यालय बनाये रहे| बाद में जब लोगों ने मिल कर काम करना शुरू किया होगा बाद में जब समस्या उत्पन्न हुई होगी कि किसके घर बैठा जाए|

पुराना प्रश्न है, हम किसी के दरवाजे क्यों जाएँ? कोई दूसरे का नौकर नहीं बनना चाहता|

जब से मैंने अपना काम खुद प्रारंभ किया मुझे घर से काम करना ही उचित जान पड़ा| इसके कई कारण रहे –

  • घर से कार्यालय आने जाने में समय बर्बाद न करना;
  • बचे समय का सदुपयोग;
  • शारीरिक थकान में कमी;
  • वाहन से उत्पन्न वायु, ध्वनि एवं प्रकाश प्रदुषण में कमी;
  • राष्ट्र को विदेशी मुद्रा की बचत; एवं
  • कार्यालय के लिए होने वाले अतिरिक्त खर्च में कमी|

पुराने घरों में दो बैठकों की व्यस्था होती थी| पहली बैठक व्यावसायिक आगंतुकों के लिए होती थी पर बाद में यह बैठक मर्दाना बैठक में बदल गई| दूसरी बैठक पारवारिक मित्रों के लिए थी परन्तु यह समय के साथ जनाना बैठक बन गई| समाज में महिलाओं की उठती परन्तु सीमित सामाजिक भूमिका के समय में यह वर्गीकरण व्याप्त रहा| आज जब समाज में महिला-पुरुष की स्तिथि बराबरी पर आने जा रही है मुझे लगता है कि दोनों बैठकें फिर से व्यावसायिक बैठक और पारवारिक बैठक में बदल जाए तो बेहतर है| व्यावसायिक बैठक में आप जीविका अर्जित करते रहें|

कंपनियों और अन्य व्यावसायिक संगठनों के लिए गृहकार्यालय का विचार सरल नहीं है, उनके लिए कार्यालय से गृहकार्य ले जाने की व्यवस्था हो सकती है|

(कोरोनावायरस के कारण गृहकार्यालय विश्वभर में चर्चा हो रही है)

किराए का पंछी


माँ अक्सर कहतीं थीं, दुनिया किराए का घर है, एक दिन चले जाना है| अजीब था यह निष्कर्ष| जिनके घर अपने होते हैं वो क्या घर नहीं छोड़ते? या कि दुनिया नहीं छोड़ते?

किरायेदार को मोह नहीं होता| किस का मोह| मोह तो मकान मालिक का काम है| जो खुद खड़े होकर मकान ने ईंट गारा लगवाए उस का मोह देखते ही बनता है, मकान क्या उस में जड़ी हुई एक लोहे की एक कील भी नहीं छोड़ना|

किराए के मकान में पैदा होना भी अजीब अनुभव है| आपका लंगोटिया यार भी आपकी किराएदारी का उलहाना रखता है| दीन दुनिया के बहुत से व्यवहार मकान मालिकों में निपट जाते हैं और किरायेदार दूर दूर से अपना पड़ोस देखता रहता है| लम्बे अरसे तक रहने वाले किराएदार अच्छे चाल चलन के बूते कभी पास पड़ोस कुछ रिश्ते बना लेते हैं| यह रिश्ता खतरे की तरह देखा जाता है|

किराएदार का तो अपने मकान के दर-ओ-दीवार से भी कोई रिश्ता नहीं होता| घर गृहस्थी का कोई बड़ा सामान किराएदार नहीं ले पाते| मकान सजाने के सपने अक्सर पूरे नहीं होते| छत पर ईरानी फ़ानूस टांगने का सपना देखना किस किराएदार को नसीब होता है| मकान के हर कोने से पराएपन गूँज सुनाई देती है| दूसरी मंजिल पर रहने वाले किरायदार के बच्चे रस्सी कूद क्या लंगड़ी टांग भी खेलने के लिए गली नुक्कड़ का किनारा ढूंढते नजर आते हैं| पुरानी फिल्मों में किराएदार की बेचारगी की सही बानगी मिलती थी|

जिन दिनों सरकारी नौकरियां तरकारी की तरह बहुतायत में होती थीं तो सरकारी नौकरी वाले किरायेदार अक्सर अपनी अलग दुनिया बनाकर रखते थे| उन नौकरियों के दिन अलग होते थे| केवल सरकारी किरायेदार का रुतवा मालिक मकान के रुतबे से बड़ा होता था|

किराएदार अक्सर खलनायक माने जाते हैं जो मकानों पर कब्ज़ा कर लेते हैं, बेचारा दुकान मकान मालिक दो चार जिन्दगी अपने पुश्तेनी मकान को खाली कराने के लिए दीवानी कचहरी के चक्कर काटता है| मामला कभी भी सत्र न्यायालय भी जाने का अंदेशा बना रहता है|