नौमी के गोलगप्पे – अलीगढ़ 


दशहरे पर लोग जलेबी क्यों खाते हैं? हाट बाज़ार और मेले में जलेबी का अलग ही चलन है| दशहरे में यह काफी महत्वपूर्ण हो जाता है| मगर आज मेरा ध्यान दशहरे के मेले में नहीं, बल्कि नौमी यानि नवमी के मेले में है| 

हम अलीगढ़ वाले अपने गोलगप्पों और मठरीनुमा कचोड़ियों को लेकर हमेशा लार टपकाए रहते हैं| मगर अलीगढ़ शहर में नौमी के गोलगप्पों का बड़ा महत्व है| देवी मंदिर मंदिर में दर्शन के बाद पहला काम है गोलगप्पे खाना| 

पहली बात तो यह है कि अलीगढ़ के अधिकांश मूल वासियों के लिए नवरात्रि कुलदेवी की आराधना का समय है| शहर में लगभग हर पुराने मंदिर में पथवारी है| पथवारी मूर्ति पूजा का आदि स्वरूप है| देखने में यह मात्र एक पत्थर की तरह होता है और उसमें देवी की प्राण प्रतिष्ठा की जाती है – पूर्ण मान्यता रहती है| आजकल लगभग सभी पथवारी मंदिरों में सुंदर देवी मूर्तियाँ स्थापित होने लगी है और पूजन भी होता है| पहले पूजन पथवारी का होता था और मूर्ति को प्रायः दर्शन सुख के लिए समझा जाता था| यह ऐसा ही है कि भले ही शिव की कितनी सुंदर मूर्ति क्यों न हो पूजन  शिवलिंग का ही होता है|

अलीगढ़ में नौ दिन उपवास का काफी चलन है| मगर उस से भी पहले लोग देवी – जातों (देवी दर्शन के लिए यात्रा) पर निकल जाते हैं| यह यात्रा भी लंबी रहती हैं – ज्वाला जी, नगर कोट, विभिन्न शक्तिपीठ और अन्य देवी मंदिर| इस समय परिवार के शेष लोग और अड़ौसी-पड़ौसी भी बहुत सादा भोजन करते हैं जिसमें मिर्च-मसालों का अभाव रहता है| 

देवी पूजन के बाद घर और मोहल्ले में पर भंडारा – पकवान भी है – आलू-सब्ज़ी, छोले, कद्दू, बैगन, पूड़ी, और हलवा-चना| आह क्या स्वाद है? अष्टिमी नवमी को लगभग हर गली मोहल्ले में भंडारा है| घर पर भी पकवान बने हैं| आप बहुत लंबे अंतराल तक साधारण खाने के बाद जब फिर से अपने पसंदीदा पकवान खाने जा रहे हों तो पचाने के लिए कुछ इंतजाम तो होना ही चाहिए| यही काम हमारे गोलगप्पे का है|  अलीगढ़ के गोलगप्पे हींग-प्रधान होते हैं| इसलिए किसी भी प्रकार के भोजन को पचाने में विशेष सहायक होते है| साथ ही कैलोरी भी इनमें काफी कम होती है| मूलतः पानी होने के कारण आप को पकवान आदि ग्रहण करने में कोई कटौती भी नहीं करनी होती|


मन का लगना


ज़िंदगी को हर कोई हँस खेल कर बिता लेना चाहता है| सब चाहते हैं दूरियाँ मिट जाएँ मन की| मगर यह दुनिया की सबसे कठिन प्रार्थना है| 

जो दूरियाँ देश-काल स्थापित करता है, उनका अधिक महत्व नहीं रहता| मीरा का मन कृष्ण से जुड़ता है और सुदामा का भी – न काल आड़े आता न देश-परदेश| 

समय की दूरी का क्या है जब मन हो वाल्मीकि के राम से मिला जाए या मीरा के कृष्ण से; जब मन हो दोनों में साम्य पाया जाए या उन के अंतर को समझा जाए| एक ही गीता हर मन मंथन में अलग सुर-संगीत रचती है और हर तत्त्व विन्यास में अनेक होकर एक रहती है| यह मन की माया है, ज्ञान-विज्ञान को क्यों, कैसा, कब कितना निचोड़े| 

भौगोलिक दूरियाँ मिटाना भी अब सहज है| मन की दूरियाँ कोस और फ़र्लांग में नहीं होतीं| आज तो संचार के साधन है – जब चाहा बात हो गई, एक दूसरे को देख लिया| कुछ अनुरागियों का नियम होता है मन मिलें या न मिलें दिन में दो बार ध्वनि-संबंध और दृश्य संबंध अवश्य स्थापित हो जाए| दूसरे को हर रोज अच्छा खाते पीते पहनते देखा जाए और उलहना दिया जाए – कितना पैसा बर्बाद करते हो; या कि उबली लौकी क्यों खाते हो रोज?

विज्ञान और ज्ञान क्रमशः देश और काल कि दूरियाँ मिटा सकते हैं| मन की दूरियाँ पाटने के लिए तो मन चाहिए – मन की लगन चाहिए| एक समय, एक कक्ष, एक विचार, एक हित, एक तन और एक मन होकर भी मन न मिले| ओह, क्या हो तब दोनों का मन एक ही राजदंड पर आ जाए| कौन भोगे और कौन भुगते? 

मन तो मिल जाए पर लगे कैसे? दो मन न लगें तो उनका मिलना क्या और न मिलना क्या| मन लगने के लिए मन मिलना सहायक है, परंतु आवश्यकता नहीं| दो मित्रों में एक का मन राजसिंहासन में और दूसरे का राजकाज में हो तो मन आपस में सकता है| मन लगने के लिए आवश्यक है एक दूसरे के मन को समझना, एक दूसरे के मन को सहेजना, एक दूसरे के साथ का तारतम्य| यह ही तो कठिन है| दोनों के सुर ताल मिलने चाहिए, जैसे शास्त्रीय संगीत में मिलते हैं गायक से सुर से हर वाद्य के सुर मिलते हैं, ताल मिलती है, थाप मिलती है तब स्वार्गिक सुर उत्पन्न होता है| उस सुर में सरसता और सरस्वती आती है|

यह मन लगाना एक दूसरे के साथ दो मन का रियाज़ मांगता है, इसमें दो मन का रियाज़ कितना भारी होता है? हम यह नहीं कह सकते कि हमारे मन का सुर यही रहेगा, आप अपने मन का सुर ताल हमसे मिलाएं| ऐसा हो भी जाये तो कितना चलेगा? आप किसी दबाब में डालकर सुर भले ही मिलवा लें पर पर मन कैसे मिलेगा? सुर मिल सकते हैं, समझौते हो सकते हैं, जीवन जिए जा सकते हैं पर बलात मन नहीं हिलमिल सकता| इसके लिए न क़ानून काम करेगा न लठ्ठ| हाथ लगेगा तो ग़ुलामी या समझौता – मन नहीं मिलेगा| 

आपसी संबंधों में शक्ति प्रदर्शन के चलते एक पक्ष झुकता तो है और धीरे धीरे उसका मन में खटास आती ही है|  

हरी मिर्च


उस दिन कोहराम मचा था| बड़ी मौसी को मिर्च फ़ीकी लगीं थीं| छोटे मामा कौने में सुबक रहे थे| न ये लड़ाई का असर न था| lभाई बहन की महाभारत के बाद मामा सब्ज़ी लेने गए और मुफ़्त में मिलने वाली हरी मिर्च भी चखने के बाद लाये| ज़िंदगी मे जिसने हरी मिर्च न कुतरी हो वह और मिर्ची चखे? आँख-नाक से समस्त द्रव्य निकलने लगे? ऊपर से सब्ज़ीवाले का बड़बड़ाना अलग| अब मौसी की हालत खराब; गनीमत की उनकी माँ वहाँ न थीं और चाची लोग जेठौत को कुछ कहने पाप कैसे उठातीं? मगर मौसी का उतरा चेहरा बाकी भाई बहन बुढ़ापे तक याद रखे बैठे हैं| 

एक किस्सा यूँ है कि एक भाई बड़े पढ़ाकू थे कि किताबों को हलाकू से कम नहीं लगते थे| एक उनका भाजी तरकारी लाने के सितारा बुलंद हुआ| माता ने हिसाब लगाकर पैसे दिये| जब सब गुना गणित हो गया तो सब्ज़ी वाले ने धनिया मिर्च थैले में डाल दिया| भाई का गणित तेज था बोले, आप इन दोनों को वापिस निकाल लें क्योंकि इतना बजट लेकर नहीं चले हैं| जब तक भाई अमेरिका न पहुँचे हम उनका मज़ाक उड़ाते रहे| उसके बाद तो हम खुद ही मज़ाक बन गए| दस वर्ष की वय में जब मैं पहली बार भाजी तरकारी लेने गया तो पहला ज्ञान यही मिला कि हरी मिर्च और हरा धनिया मुफ़्त मिलता है| बाद में दिल्ली आए तो सफल कि दुकान पर चार मिर्च भी तौल कर मिलती हैं| 

आदत की बात हैं, अब सलाद चबाने के नवाबी ठाठ न हों तो क्या हरी मिर्च न कुतरी जाए? तीखी मिर्च को नमक के साथ भी चबाया जा सकता है| शौक़ीन नीबू रस में डूबी हरी मिर्च भी खाते हैं| नमकीन पूड़ी कचौड़ी तलने से पहले कढ़ाई में चीरा लगी तीखी मिर्च तल दीं जाएँ तो उन्हें नमक लगा कर परोसा जा सकता है और पूड़ी कचौड़ी भी नया स्वाद देतीं हैं| कुछ सजावटी ढाबे मिर्च का मुकुट उतार कर उसमें दाँत-कुरेदनी चुभाकर दस्तरखान पर सजा देते हैं|

चाट पकौड़ी के बाजार में तो मिर्ची ही रानी हैं| हरी, लाल, पीला, काली  और सफ़ेद मिर्च भले ही आपस में रिश्तेदार न निकलें, यहाँ उनका दरबार सजता है| 

मिर्च के अपने मजे हैं आप उनके साथ तलना, भूनना, उबालना, काटना, कूटना, पीसना, दलना, दरदरा करना जैसा कुछ भी कर सकते हैं| मगर साल दो साल में एक दिन यहीं मिर्च आपके पेट तक जलन मचाती है और आप पेट पकड़ कर कहते हैं| कुछ भी हो खाना मजेदार था|