शौर्य बनाम शहादत


शहीदों की जय है| वीरगति जैसे अधिक उपयुक्त शब्दों को छोड़कर शहीद का प्रयोग बढ़ गया है| वीरगति प्राप्त करने के लिए शौर्य की जरूरत हैं, शहीद होने के लिए एक मकसद और मरने की| शहीद शब्द के प्रयोग में बहुत सारी सुविधा रहती है| किसी दुर्घटना, आतंकवादी या छापामार हमले, से लेकर प्राकृतिक आपदा तक में बिना किसी वीरता का प्रदर्शन मारे जाने वाले सेनिकों या असेनिकों के किये शहीद का प्रयोग करने की सुविधा है|

आधिकारिक शब्दावली के किल्ड इन एक्शन में एक विशेष बात है| यह शब्द सेन्य मृत्यु को अनावश्यक चमकदमक से दूर रखता है| इसका अपना उचित कारण है| सोचिये अगर शहादत की चमकदमक सेन्य मृत्यु के साथ जोड़ दी जाए तो सेनिक लड़ेंगे या शहीद होंगे? यह बहुत ही चिंताजनक स्त्तिथि हो सकती है| सेनिक का काम शहीद होना नहीं है, शौर्य प्रदर्शन है| यह बाद सुनने समझने में निंदनीय लग सकती है कि कोई सेनिक शौर्य प्रदर्शन के स्थान पर शहीद होना पसंद करेगा| परन्तु यह निश्चित रूप से सही है कि एक अनावश्यक शब्द उसके लिए साहस और शौर्य बनाये रखने की प्रेरणा कम कर सकता है| उसकी साहसपूर्ण वीरगति का अगर सामाजिक मूल्य न रह जाए तो उसके लिए एक प्रेरणा की स्पष्ट कमी दिखाई देती है|

अगर आप समाचार माध्यमों पर गौर करें तो पाकिस्तान सीमा पर या कश्मीर में होने वाली सेन्य मृत्यु को जिस प्रकार चमकदमक प्रदान की जाती है उससे क्या ऐसा भाव नहीं आता कि अन्य क्षेत्र में होने वाली सेन्य मृत्यु कम गरिमावान हैं? यही और इसी तरह की बातें हमारी चिंता का विषय हैं|

वीरगति को प्राप्त करना एक वीर की कामना है| वह देश रक्षा करे, युद्ध में अपना कौशल और शौर्य दिखाए| वह अगर मरे तो कायर की मौत न मरे – ऐसा अक्सर वीर कहा करते हैं| क्या वो कायर होते हैं जो उन्हें कायर की जैसी मौत की चिंता होती है? नहीं, मगर वीर मृत्यु का उचित वरण जानते हैं|

कोई सेन्य मृत्यु कम नहीं होती| परन्तु युद्ध में अपना कौशल और शौर्य दिखाने का अवसर हर वीर को नहीं मिलता| यह दुर्भाग्य वीरों की चिंता और प्रेरणा है, कुछ वीरों को ही वीरगति दिखाने का अवसर मिलता है|

लच्छेदार शब्दजाल हानिकारक हो सकता है|

युद्ध का नशा


जब देश पिछले तीन युद्ध जीत चुके हो तब जनता के लिए युद्ध का विचार सरल होता है| परन्तु अगर देश पिछले पैतालीस साल से कोई युद्ध नहीं लड़ा हो तो यह विचार युद्ध के उन्माद में बदलना सरल होता है| किसी को यह याद नहीं रहता कि विजेता पक्ष से कितने लोग मारे गए, कितने घायल हुए, कितने बंदी बना और लौटे नहीं, कितने भगौड़े घोषित किये गए| सब जीत की कहानियाँ कहते हैं, जीत के घाव सीने पर नहीं होते| यह सब उस जनता के लिए अधिक सरल होता है, जिसका युद्ध से वास्ता मात्र टेलिविज़न पर पड़ता है| जिन्हें घर में सोफ़े पर बैठकर रिमोट हाथ में लेकर युद्ध देखना होता है उनके लिए युद्ध का अर्थ किसी विडियो गेम से अधिक नहीं होता|

युद्ध मूर्खों का मनोरंजन है, महामूर्खों का बदला है, और अपरिपक्व राजनीतिज्ञ की रणनीति है|

बहुत मित्र गीता और महाभारत को बार बार युद्ध के समर्थन में सामने लाते हैं| परन्तु सब जानते हैं कि स्वयं श्रीकृष्ण युद्ध की तैयारियां होने के बाद भी शांतिदूत बनकर कौरवों से मिलने गए थे| उन्होंने सालों साल टलते युद्ध को एक बार फिर टालने का प्रयास किया| महाभारत में हुई तबाही कथा के रूप में सबके सामने है| क्या मानवता, क्या भारतवर्ष, क्या जम्बूद्वीप विजयी हुआ? जिन्हें लगता है कि भारत और पाकिस्तान भारतवर्ष का भाग नहीं हैं, उन्हें सिर्फ क्षणिक इतिहास का बोध है| वह भूल रहे हैं कि गंधार से गंगासागर तक भारतवर्ष का अमूर्त स्वरुप है, इस भूमि में राज्य बनते बिगड़ते रहते हैं| वह भूल रहे हैं, देशों के मानचित्र समय बदलता है| महाभारत में रहे राष्ट्र आज नहीं हैं, मगर भारतवर्ष आज भी अपने घाव सहला रहा है|

किसी भी युद्ध का अंत अंतिम विनाश से होता है या फिर वार्तालाप से| यह सही है कि विजेता इतिहास रचता है| बार बार बांग्लादेश का उदाहरण न दें, वहाँ का सत्य मात्र भारतीय सेना नहीं है, जन विद्रोह, गहन कूटनीति, गंभीर राजनीति, सामरिक रणनीति और उचित समय का इन्तजार उसका मूल था| मगर उस जीत से भी भारत को क्या मिला – अवैध बांग्लादेशी अप्रवासी, असम समस्या, जलता हुआ उत्तर पूर्व, अप्रशिक्षित, घरेलू नौकर, और ढेर सारे युद्ध उन्मादी !!

किसी भी उन्माद से बचें| युद्ध की देवी बलि मांगती हैं – केवल दुश्मन की बलि नहीं|

टहलने वाली शामें


शाम जब बसंती होने लगें और यह शाम दिल्ली को शाम नहीं हो तो टहलना बनता है|

गुजरा ज़माना था एक, जब हर शाम टहलने निकल जाते थे| उस शामों में धुंध नहीं थी, न धूआँ था| हलवाई की भट्टी के बराबर से गुजरने पर भी इतना धूआँ आँखों में नहीं चुभता था, जितना इन दिनों दिल्ली की किसी वीरान सड़क पर राह गुजरते आँखों में चुभ जाता है| न वाहनों की चिल्ल-पों थी न गाड़ियों से निकलने वाला कहने को प्रदुषण मुक्त धूआँ| गलियों में आती हवा सीधे खेतों जंगलों की ताजगी लाती थी|

उन दिनों घर घर टेलिविज़न नहीं होते थे और लोग मोहल्ले पड़ोस में और मोहल्ले पड़ोस के साथ घूमना पसंद करते थे| भले ही उन दिनों कान, सिर और गले में लटका लिए जाने वाले हैडफ़ोन आम नहीं थे मगर गली कूचों से कोई दीवाना ट्रांजिस्टर पर विविध भारती बजाते हुए गुज़र जाता| अगर वो नामुराद वाकई गली की किसी लड़की का पुराना आशिक होता तो लड़की को मुहब्बत और पास पड़ोस को जूतम-पैजार की टीस सी उठा करती|

घर से निकलते ही पान की तलब होती और दो नुक्कड़ बाद पनवाड़ी की दूकान से दो पत्ती तम्बाकू पान का छोटा बीड़ा मूँह में दबा लिया जाता| अगर घरवाली थोड़ा प्यार उमड़ता तो चुपचाप घर खानदान के लिए एक आध पान के हिसाब से पान बंधवा लिए जाते| शाम थोड़ा और सुरमई हो जाती| लाली होठों से होकर दिल और फिर जिन्दगी तक फल फूल फ़ैल जाती|

पान की दुकानें टहलने वालों का एकलौता ठिकाना नहीं थीं| मिठास भरे लोग अक्सर मिठाई की दुकान पर दौना दो दौना रबड़ी बंधवाने के शौक भी रखा करते| मगर रबड़ी का असली मजा मिट्टी के सकोरों में था|

चौक पर मिलने वाले कढ़ाई वाले मलाईदार दूध का लुफ्त उठाते लौटते| अब वो ढूध कहाँ? चौड़ी कढ़ाई में मेवा मखाने केसर बादाम के साथ घंटा दो घंटा उबलने के बाद ये दूध आजकल की मेवाखीर को टक्कर देता| ढूध पचाना कोई आसान काम तो नहीं था| सुबह उठकर पचास दण्ड पेलने और सौ बैठक लगाने के बाद मांसपेशियां क्या रोम भी राम राम करने लगते|

अक्सर लोग अपने साथ नक्काशीदार मूठ के बैंत ले जाते| गली के कुत्ते उन बैंतों को देखकर भौंकते थे या आवारा घूमते आदमी को, इसका पता शायद किसी को नहीं था| मगर बैंत शान दिखाने का तरीका था और रुतबे की पहचान थी|

मगर टहलने जाना भी कोई किसी ऐरे गैरे का काम नहीं था| अगर टहलने वाले के पीछे एक अर्दली भी टहल करता हो तो मजा कुछ था शान कुछ और|