हो – हल्ला मीडिया के सुर


पिछले दो दिनों में मुझे भारतीय मीडिया से काफी घृणा हो रही है|

हाल में एक घटना पर इस हो – हल्ला मीडिया ने अपने खुद के हल्ले पर जिस तरह सुर बदल कर बातें की हैं, वो मुझे निंदनीय लग रहीं हैं| शायद किसी ने इस बात पर गौर भी न किया हो|

जब कुछ महीने पहले एक उच्च सरकारी अधिकारी को जांच एजेंसी ने भ्रष्टाचार के मामले में गिरफ्तार किया तो हो – हल्ला मीडिया उस दिन उनको बेईमान साबित करने पर तुला हुआ था| बाद में जब उनके कुछ परिवारीजन ने आत्महत्या की तो हमारा हो – हल्ला मीडिया ने कर्मफल सिद्धांत के पुलंदे बांधे| अब उन अधिकारी और उनके पुत्र ने भी आत्महत्या कर ली हो तो मीडिया ने अपने सुर बदल लिए है|

एक बड़े हो – हल्लाकार ने फेसबुक पर “आत्मग्लानि” से भरा पोस्ट डाला| उनके सुर के हिसाब से ऐसा लगता है कि उन्होंने भावना में बहकर गलत हल्ला मचाया और एक ईमानदार अधिकारी को दोषी ठहराया| एक वरिष्ठ पत्रकार (जिन्हें अभी भी मैं हो – हल्लाकार कहने से परहेज कर रहा हूँ) ने ट्विटर पर इन आत्महत्याओं के लिए जांच एजेंसी की प्रतारणा पर प्रश्न उठाया है| भगवान् जाने कैसे वो इस “कस्टोडियन मर्डर” कहने से रुक गए|

मुझे इस बात का भी दुःख है कि बहुत से लोग  – लेख़क – कवि – विचारक – पेशेवर – बुद्धिमान और बुद्धिहीन – इन पोस्ट और ट्वीट को लाइक कर रहे हैं|

…  ….

मैं हो हल्लाकारों से पूछना चाहता हूँ –

क्या गिरफ्तार होने से कोई दोषी हो जाता है? अगर नहीं तो आप हल्ला क्यों मचाते हो और पुलिस पर (कोर्ट पर तो बाद की बात है) सजा देने का आधारहीन दबाब क्यों बनाते हो? सूचना/समाचार देकर अपना मुखकमल शांत क्यों नहीं कर लेते?

क्या आत्महत्या करने से कोई निर्दोष सिद्ध हो जाता है? अगर नहीं तो अब आप ग्लानि भाव में क्यों हैं?

और प्रश्न नहीं पूछूंगा| मैं आज देश के सारे मीडिया की निंदा करना चाहता हूँ, भले ही वो मेरे खुद के हिसाब से “हो – हल्ला मीडिया” न हो|

 

काले काले भूत, काला धन लेकर


काली रात होती है… अमावस की रात…
बहुत काली रात है… पितर अमावस की रात…
इस साल 30 सितम्बर की रात एक बार फिर वही पितर अमावस की काली रात होगी…
 
इस साल की इस काली रात में काले- काले भूत निकलेंगे… काले काले भूत…
काला धन लेकर…. अपना काला काला कालाधन….
 
उनका इन्तजार करेंगे…. सदियों के भूखे बेताल… नहीं भाई…
उनका इन्तजार करेंगे… आयकर विभाग वाले…
उनका स्वागत होगा… उनका काला काला कालाधन सफ़ेद हो जायेगा…
उसके बाद, भूत और बेताल…
नहीं नहीं…
भूत और आयकर वाले सो जायेंगे…
अगली अखिल भारतीय काला-सफ़ेद- योजना आने तक…
 
अगर आपके पास भी कालाधन तो आप भी आइये…
इस बहुत काली अमावस की रात में
किसी को नहीं बताया जाएगा कि आप काले काले भूत हैं
 
– ऐश्वर्य मोहन गहराना
 
नोट– आयकर विभाग के काउंटर बीच काली रात यानि रात के बारह बजे तक खुले रहेंगे, जिस से काले भूतों के बारह न बजें|

चिकुनगुनिया की रात


गुनिया की माई के चिकुन और गुनिया,

बचपन की सोनचिरैया जैसा चिकुनगुनिया,

बढ़ई की गुनिया सा चिकना चिकुनगुनिया|

तेरे प्यार की टूटन की तरह टूटता तन बदन,

पोर पोर से दर्द – दर्द से रिसता हुआ गगन,

मेरे अंतर उतरती प्यार की पहली पहली चुभन,

हौले हौले चुभती तेरी साँसों की बहकी पवन|

 

गुनिया की माई के चिकुन और गुनिया,

बचपन की सोनचिरैया जैसा चिकुनगुनिया,

बढ़ई की गुनिया सा चिकना चिकुनगुनिया|

तंदूर की तलहटी में भुनता तंदूरी चिकन,

छिटक छिटक जाता चरमराता अंतर्मन,

इश्क़ की कड़ाही के जलते तेल में तलते

आखिरी उम्मीद का चढ़ता इश्क़न बुखार|

 

गुनिया की माई के चिकुन और गुनिया,

बचपन की सोनचिरैया जैसा चिकुनगुनिया,

बढ़ई की गुनिया सा चिकना चिकुनगुनिया|

चौपड़ की बिसात पर शकुनि का पासा,

धृतराष्ट्र की धूर्तसभा में विदुर की भाषा,

अंधे भीष्म का जोशीला सांस्कृतिक प्रलाप,

अस्पताल में दम तोडती मरीज की मुनिया|

 

गुनिया की माई के चिकुन और गुनिया,

बचपन की सोनचिरैया जैसा चिकुनगुनिया,

बढ़ई की गुनिया सा चिकना चिकुनगुनिया|