प्लेटफ़ॉर्म का पेड़


कौन बड़ा कलाकार है, ईश्वर या मानव?

किसकी कलाकृति में अधिक नैसर्गिक सौंदर्य है? मानव सदा ईश्वरीय सुंदर में अपनी कांट छांट करता रहता है| मानवीय हस्तक्षेप बेहतर मालूम होता है तो गंभीर प्रश्न भी छोड़ जाता है| आखिर मानव को हर बात में अपना हस्तक्षेप करने की क्या आवश्यकता है? मानव नैसर्गिक सौन्दर्य में अपनी सुविधा के हिसाब से सुन्दरता और कुरूपता देखता है|

चंडीगढ़ का रेलवे स्टेशन, प्लेटफ़ॉर्म एक का दिल्ली छोर| इंजन से लगभग तीन चार डिब्बे की दूरी पर एक सुंदर सा पेड़ है जो स्टेशन के बाहर दूर से देखने पर बड़ा सुन्दर, छायादार, प्रेममय हरा भरा दिखाई देता है| मगर जब हम प्लेटफ़ॉर्म पर पहुँचते हैं तो आधुनिक छत और उसकी अत्याधुनिक उपछत के चलते उसका तना ही दिखाई देता है|

अच्छी बात यह है कि मानवीय सौन्दर्यकारों ने इस पेड़ में महत्ता को स्वीकार और अंगीकार किया| उन्होंने हमारे कथित आधुनिक सुविधा भोगी समाज की प्रकृति से दूरी को भी अपने सौन्दर्य कार्य में समाहित किया| पेड़ की प्लेटफ़ॉर्म पर उपस्तिथि को सीमित किया गया है|

इस पेड़ का तना तीन रंगों से रंगा गया है, शायद प्रकृति प्रदत्त भूरा रंग अच्छा न लगा हो| शायद प्रकृति प्रदत्त भूरा रंग उन कीट पतंगों को आकर्षित करता हो जिन्हें मानव पसंद न करता हो| पेड़ के चारो उसकी सुरक्षा के लिए और उनकी जड़ों और तनों  के सहारे मौजूद मिट्टी से प्लेटफ़ॉर्म गन्दा होने से बचाने के लिए सुरक्षा बाड़ा भी बनाया गया है| पेड़ का मनोहर हरापन क्रूर आधुनिक की निगाह से बचा लिया गया है| मेरे मन के इस मरोड़ से बेख़बर पेड़ अपने में मगन है| पेड़ प्लेटफ़ॉर्म को आज भी छाया देता है| पेड़ पेड़ है – पिता की भूमिका में बना रहता है| मैं उसके पास बैठकर बोधिसत्व होने की प्रतीक्षा में हूँ|

 

कुली कुचक्र


रेलवे स्टेशन पर समय बिताने के लिए मैंने बेकार खड़े कुली को पकड़ा| इधर उधर की बातें होने लगीं| वह तो सुख दुःख भी साँझा करने लगा| उसका सबसे बड़ा दुःख बहुत छोटा सा था| हमारे बैग और संदूकची में लगे पहिये| मैंने सोचा भी न था कि छोटे से दो पहिये जमीन पर नहीं उसकी छाती को रोंदते हैं और आँतों पर चलते हैं|

पहले आदमी अपने सामान को हाथ में उठाये या कंधे पर लादे हुए थक जाता था| अगर उसके पास पैसा नहीं होता तो थका हारा सामान घसीटता हुआ तेलगाड़ी बना हुआ रेलगाड़ी तक पहुँच जाता| मगर अगर उसके पास थोड़ा भी पैसा होता तो अपने बच्चों की मिठाई का ख्याल छोड़ कुली के बच्चों की पढाई का साधन बन जाता| ऐसा आदमी कटता भी बहुत था|

खाते पीते घर के बाबू लोग सबसे ज्यादा कटते| उन्हें हमेशा लगता रहता कि कुली सब लूटता है और फिर थोड़ी देर मेहनत मशक्कत के बाद कुली उसे हनुमान बाबा का अवतार लगता| भले ही पैसा देते वक़्त वो शनिचर हो जाता मगर कुली का पेट पाल देता| भीड़भाड़ वाले स्टेशन पर कुली की बहुत मांग रहती| कुली भी नखरे करते| कई बार बिना मांगे लिखित मजदूरी से दोगुना मिलता तो कई बार झगड़ा होता| पैसे वाले तो खैर अपना चाकर साथ लाते और साहब लोग की तरह दुनिया भर से बचते बचाते रेलगाड़ी तक पहुँचते| कई साहब तो इस बात का पैसा देते कि तीसरे दर्जे के लोगों से बचाकर दूसरे रास्ते से उन्हें गाड़ी तक पहुँचाया जाए या उतरा जाए| कई बार लोग लौटने वक्त का कुली जाते वक़्त पक्का कर जाते| क्या साहब, कुली पर तो फ़िल्म भी बन गई| कुली लोग तो पूरा दुबई बसा गए|

मगर जब से संदूकचियाँ गाड़ी हो गईं तो कुली कटने लगे| जिन्हें काम मांगने की जरूरत नहीं होती थी, आज काम की भीख माँगने लगे| लोग स्टेशन पर कुत्ते और भिखारी के बाद कुली को ही सबसे ज्यादा दुत्कारते हैं| दो पहिये नहीं साहब यह हमारे घर का बुझा हुआ चूल्हा है|

ऐसा नहीं कि कुली लूटते है मगर कुली की मजदूरी से काम नहीं बनता| जिन्दा रहने के लिए आपको महीने का पंद्रह हजार तो चाहिए ही| रोज का पांच सौ| दिन में कितनी गाड़ी लगती हैं एक प्लेटफार्म पर जब दस गाड़ी लगें तब कुली को पांच काम पकड़ में आते हैं| उन पांच काम में अब पांच सौ भी न बनें तो घर क्या लेकर जाएँ| लोग अपना सामान दौड़ते हुए चले जाते हैं| उनकी क्या गलती| हमारा भाग्य गलत है| पहियों ने हमारे काम की इज्जत कम कर दी|

न, यशोदा हरि पालने न झुलावै


आजकल प्रसूति गृहों, महिला चिकित्सालयों और जच्चा बच्चा केन्द्रों में भी पालने नहीं होते| महंगे चिकित्सीय उपकरणों के बोझ से दबा चिकित्सा तंत्र शायद इसे अनावश्यक खर्च मानता होगा| मेरे बचपन तक पालने, भले घरों में तो थे ही, चिकित्सालयों में दिखाई देते थे| मुझे बचपन का अपना लकड़ी का नक्काशीदार पालना आज भी याद है, हम तीनों बहन भाई उस में कुछ दिन रहे और बाद में वह शानदार पालना नष्ट हो गया| माँ कई बार काम करते समय अपनी कलाई या बांह से पालने की रस्सी बांध लेती थी, जिससे पालना बिना किसी अतिरिक्त प्रयास के झूलता रहे| धीरे धीरे पालने का चलन ख़त्म हुआ|

आज न माँ बच्चों को पालने में सुलाती है, न पालना झुलाते हुए लोरी गाती है| माँ भी बच्चों को अपने बिस्तर पर सुलाना पसंद करती है| आज माएं शायद बच्चों से अधिक करीब हैं| बच्चे माँ, नानी दादी, धाय या किसी और की गोद में होते हैं या उनकी बगल में सोए रहते हैं| मजे की बात है कि आजकल दादी नानियाँ भी पालने के लिए जोर नहीं डालतीं| आखिर क्या हुआ कि एक और गौरवशाली भारतीय परम्परा नष्ट हो गई|

भारत में रोजगारपरक पलायन, छोटे घर का चलन और सयुंक्त परिवार का टूटना तीन ऐसी घटनाएँ थीं कि माँ बच्चों के अधिक निकट आने लगीं और बच्चे उनके अकेलेपन के साथी बनने लगे| यह सब न सिर्फ माँ के अकेलेपन का इलाज था बल्कि कई बार नापसंद या हिसक पति से राहत भी देता था| इससे बच्चों का क्या लाभ हुआ?

भारतीय विशेषज्ञों की बात आजकल के स्वदेशी जमाने में कोई सुनता नहीं है| इसलिए हम पश्चिमी विशेषज्ञों की बात करेंगे|

अमेरिकन एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स[1] पहले छः महीनों के लिए माँ को अपने बच्चे के साथ एक ही कमरा साझा करने की सलाह देता है। हालांकि यह संस्था माँ को बच्चे के साथ एक ही बिस्तर पर सोने की सलाह नहीं देती| उसके अनुसार, बच्चों को अपना खुद का क्षेत्र और अपनी नींद के लिए बिस्तर चाहिए| संस्था एक स्थिर पालने की सलाह देती है| यह भारत में चलन में रहे झूलने वाले पालनों से थोड़ा अलग है| संस्था के मुताबिक यदि आप पालना नहीं खरीद सकते या उसे रखने की जगह न हो तो बस्सिनेट लेने की सलाह दी जाती हैं|

यह तय है कि कपड़े से बने अस्थाई पालने जन्म के प्रारंभिक कुछ एक दो महीने में बच्चे को गर्भ जैसी सुरक्षा का अहसास देते हैं परन्तु उसके बाद वह उसके विकास क्रम में बाधा बनते जैसे करवट लेने में कठिनाई, रीढ़ को सीधा करना और रखना न सीख पाना|

फ़िनलैंड में १९३० से (तब फ़िनलैंड बहुत गरीब देश था) सरकार प्रत्येक बच्चे को जन्म के समय कार्डबोर्ड का एक डिब्बा देती है|[2] इसमें उसकी जरूरत की बहुत सी चीजें होती हैं जिन्हें बच्चा अपने शुरुआती जीवन में प्रयोग करता है| सामन निकालने के बाद यह कार्डबोर्ड का डिब्बा बच्चे का पालना होता है| यह माना जाता है कि फ़िनलैंड में शिशु मृत्युदर कम रखने में इस डिब्बे का बहुत योगदान है|

माना जाता है कि पालने में सोने वाले बच्चे जल्दी ही स्वतंत्र और विकिसित व्यक्तित्व बनने लगते हैं|

[1] https://www.webmd.com/parenting/baby/baby-prep-17/buying-baby-furniture

[2] https://www.bbc.com/news/magazine-22751415