विश्व-बंदी ६ मई


उपशीर्षक – गिरमिटिया

हिंदुस्तान में वक़्त सिर्फ़ पञ्चांग के लिए बदलता है, इंसान के लिए नहीं|

हम कितनी भी बड़ी बड़ी बात करें, कितना भी अपनी पुरानी और नई महानता का गान करें, हम नहीं सुधरते| उस पर तुर्रा यह है गिने चुने बे-अक्ल लोग गाना गाते रहते हैं कि देश बुरा लग रहा है तो देश से चले जाओ| मगर असलियत है थी है और देश का हर पिछड़ापन, महानता के इन्हीं चारणों पर टिका हुआ है|

भारत द्वारा अपने मजदूरों के साथ किया जा रहा व्यवहार दुनिया भर में बेइज्जती का उदहारण बना हुआ है| पहले मजदूरों और दैनिक कामगारों की स्तिथि पर विचार किए बिना तालाबंदी कर दी गई| कोई बात नहीं, सबने माना यह अतिव्याधि का समय है सरकार ने जल्दी में जो बना कर दिया| काम धंधा, रोजी रोटी, ठौर-ठिकाना हर चीज का सवाल लिए मजदूर जब निकल पड़ा घर जाने के लिए तो नाक बचाने के लिए खैराती इंतजामात किये गए| मजदूर भले ही रोटी के साथ करोना का शिकार हो जाए| जिन्हें इज्जत की रोटी की आदत हो वो या तो बेइज्जत महसूस करें या फिर हमेशा के लिए बेइज्जती की आदत पाल लें|

लॉक डाउन के लगभग खुलने के दो दिन पहले अचानक सरकार ने मजदूरों को घर जाने की अनुमति दी| मगर दुर्भाग्य! महंगे रेल किराए की वसूली हुई| इतने से भी काम नहीं बना तो पहले गुजरात से उन्हें जबरन रोके जाने की ख़बरें आईं बाद में कर्णाटक ने खुलकर उन्हें वापिस जाने देने से मना कर दिया|
क्या वो बंधुआ, गुलाम या गिरमिटिया हैं, कि आज़ाद नहीं किए जायेंगे?

मगर यह गुलामी इतने पर ही नहीं रूकती| सरकार हर किसी के लिए माई-बाप बनना चाहती है| सुरक्षित क्षेत्रों में हर काम की अनुमति देना और काम लेना समझ आता है| परन्तु असुरक्षित क्षेत्र में किसे अनुमति है किसे नहीं इसका कोई भी सुरक्षित मानदंड नहीं है| बहुत से काम जो घरों से हो सकते थे उन्हें घरों से किए जाने पर प्राथिमिकता दी जानी चाहिए| परन्तु न व्यवसायी न सरकार इस बात पर विचार कर रहे हैं| जिन्होंने रोजगार के समय अनुबंध किये हैं वो अपनी मानसिकता में नए किस्म के गिरमिटियों और आक़ाओं में बदल चुके हैं|

Enter your email address to subscribe to this blog and receive notifications of new posts by email.

विश्व-बंदी ५ मई


उपशीर्षक – सुरारसिक सम्मान

सुरा रसिकों का सम्मान सदा ही रहा है| यह ही कारण है देवता भी स्वर्ग में इसका सेवन करते हैं| परंपरागत रूप से कहा जाता रहा है सुरा का सेवन करे वह सुर और जो न करे असुर| राक्षस आदि अन्य गैर-असुर समुदायों में भी सुरा सेवन की वर्णनीय परंपरा रही है| अति सर्वस्त्र वर्जनीय है, उस में हम संदेह नहीं रखते| जिन्हें सुरा नहीं मिलती उन्हें भाँग अफ़ीम प्रकृति प्रदत्त साधन उपलब्ध हैं| इस्लाम में सुरा पर प्रतिबन्ध इसके इस्लाम-पूर्व असीरियाई मूल में मालूम होता है –हो सकता है असीरिया का सम्बन्ध प्राचीन असुरों से रहा हो| सुरा का समर्थन या विरोध करते समय तथ्य कौन देखता है, मैं भी नहीं देखता|

कल से देश के हर सभ्य राज्य ने सुरा से प्रतिबन्ध हटा लिया है – गुजरात और बिहार की गणना नासमझों में पहले से है अतः उनपर फ़र्क नहीं पड़ता| सरकारी कोषागार में धन धान्य की वर्षा हो रही है| यह सुरा का ही प्रताप है| कभी मंहगाई बढ़े, कर लगाए जाएँ, सुरा-रसिक कभी विरोध नहीं करते| अधिकांश तो मात्र इसलिए सुरा क्रय करते हैं कि सरकारी कोष में गुप्त दान दे सकें|

सुरा नकारात्मक भाव से ही नहीं नकारात्मक रोगों से भी मुक्ति का रामबाण माना गया है इसके औषध रूपों की महिमा आयुर्वेद में आसव और अरिष्टों के रूप में ख्यात होती है| इस समय भय, निराशा, रोग, मनोरोग, मन-व्याधि आदि का जो साम्राज्य व्याप्त है, सुरा उसे तोड़ने में नितांत सहायक है| यही कारण है कि राष्ट्र-हितैषी गृहस्थ-संत साधारण से साधारण वस्त्रों में बिना किसी मोह माया के जीवन- मृत्यु के अविनाशी काल चक्र का मर्म समझते हुए राष्ट्र कोष में गुप्त दान का पुण्य प्राप्त करते हुए सुरा का क्रय करने अवतरित हुए और लगभग विधि विधान के साथ सुरा का क्रय-अनुष्ठान संपन्न किया| अर्थशास्त्र में इस प्रकार सुराक्रय का पुण्य प्रधानमंत्री के कोश में दान देने के समकक्ष माना जाता रहा है|

सुरा को कभी भी गलत नहीं कहा जा सकता| इसका विलोप सदा ही आपराधियों द्वारा स्तरहीन सुरा के उत्पादन और अवैध बिक्री के रूप में सामने आता है| आवश्यकता उचित सेवन विधि का प्रचार करने में है| सुरा-रसिकों को गंदगी में वास न करना पड़े| उनके सुकोमल हाथों से हिंसा न हो, इसका प्रबंध हो| सुरा-रसिकों को अपनी कारों का सारथी न बनना पड़े, यही इच्छा है|

मरने वालों और नए बीमारों की संख्या पर क्या विचार किया जाए, यह व्यर्थ लगता है|

Enter your email address to subscribe to this blog and receive notifications of new posts by email.

विश्व-बंदी १ मई


उपशीर्षक – करोना काल में पूंजीपतिवाद का दबाब

मेरे मन में कभी भी इनफ़ोसिस के किसी भी संस्थापक सदस्य के लिए कोई विशेष सम्मान नहीं रहा| यह लोग पूँजीपतिवाद (न कि पूंजीवाद) का उचित उदहारण मालूम देते हैं| जिस देश में बेरोजगारी व्याप्त हो और कर्मचारियों पर पहले से ही १२ घंटे काम करने का पूंजीपतिवादी दबाब हो वहां यह महोदय और अधिक काम करने का प्रवचन दे रहे हैं|

वास्तव में मैं पिछले कई दिनों में सरकार का इस बात के लिए ही धन्यवाद कर रहा हूँ कि सरकार पूंजीपतिवाद के दबाब में आकर लॉक डाउन को न लागू करने या उठाने पर आमादा नहीं हुई| प्रकृति ने पूंजीपतिवादी समझी जाने वाली सरकार से लोकहितकारी राष्ट्र का पालन करवाने ने कुछ हद तक सफलता प्राप्त की है| करोना काल की सबसे बड़ी सीख अर्थव्यवस्था को सकल उत्पाद से नहीं बल्कि सकल प्रसन्नता से नापने में है|

शाम तक इस आशय की ख़बरें आ गई कि लॉकडाउन को दो हफ्ते के लिए बढ़ाते हुए इस में जबरदस्त परिवर्तन किए गए हैं| सरकारी अधिसूचनाओं को पढ़ना इतना सरल नहीं होता|  तमाम दबाब के बीच सरकार लोकहित, सकल प्रसन्नता, सकल स्वास्थ्य, सकल उत्पाद जैसी अवधारणाओं में उचित समन्वय बैठाने का देर दुरुस्त प्रयास कर रही है|

देश को पहले से ही लाल, संतरी, हरे मुख्य ज़ोन में बाँट दिया गया है| इन के अतिरिक्त राज्य सरकारों के आधीन कन्टेनमेंट ज़ोन भी है, जो सबसे गंभीर है| अब कुल मिला कर पूर्ण लॉक डाउन केवल कन्टेनमेंट ज़ोन में ही रह जाएगा| देश का हर बड़ा शहर नक्शे पर लाल रंग से रंगा हुआ दिखता है| अब कम महत्त्व के समझे जाने वाले पिछड़े इलाके हरे रंग में रंगते हुए ग्रामीण भारत के साथ देश की अर्थव्यवस्था संभालेंगे| विकास इस समय उत्तर नहीं प्रश्न है|

करोना काल कतई सरल नहीं| कोई आश्चर्य नहीं कि लॉक डाउन के टोन डाउन होते समय श्रेय लेने के लिए श्रेय-सुखी प्रधानमंत्री जनता के सामने नहीं आ रहे|

Enter your email address to subscribe to this blog and receive notifications of new posts by email.