समान नागरिक संहिता


समान नागरिक संहिता पर वर्तमान बहस की पृष्ठभूमि कुछ अलग तरीके से पैदा हुई मगर इसने पहली बार इसपर चर्चा का अवसर दिया है|

एक मुस्लिम महिला ने कुछ सुन्नी मुस्लिम समुदायों में प्रचलित तलाक – उल – बिद्दत (जिसे अधिकतर मुस्लिम उचित नहीं मानते) भारत में समाप्त करने के लिए अदालत से गुहार की| मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के अतिरिक्त विश्वभर में कुछेक मुस्लिम ही इस तलाक प्रणाली के समर्थक होंगे| दुनिया के तमाम मुस्लिम देश इसे ख़त्म कर चुके हैं, अतः मुझे नहीं लगता कि इसपर बहस करने की जरूरत है| मगर, कोई भी भारतीय राजनीतिक दल तलाक़ – उल – बिद्दत का विरोध नहीं करना चाहता और समान नागरिक संहिता पर बहस उसी विषयांतर का प्रयास मात्र है|

एक महत्वपूर्ण तथ्य यह है कि बहुसंख्यक, अल्पसंख्यक और असंख्यक सभी समुदाय अपनी विविधता और पहचान को बचाय रखना चाहते हैं| कोई भी व्यक्ति धार्मिक क्या, पारवारिक रीति-रिवाज तक नहीं छोड़ना चाहता| विविधता में एकता ही हमारी राष्ट्रीय पहचान है और इसे बचाए रखना समान नागरिक संहिता के लिए सबसे बड़ी चुनौती है|

अगर समान नागरिक संहिता में अब तक की आम सहमति पर बात की जाय तो बात सिर्फ इतनी है –

“सभी स्त्री और पुरुष अपनी अपनी रीति – रिवाज, परम्पराओं और विचारों के अनुसार “विषमलिंगी” विवाह, तलाक, संतान, नामकरण, मृत्यु और उत्तराधिकार संबंधी प्रक्रिया का पालन करते हुए, जन्म, विवाह, मृत्यु और उतराधिकार का पंजीकरण कराएँगे और बिना वसीयत के मामलों में भारतीय उत्तराधिकार अधिनियम का पालन करेंगे|”

अगर सारी बहस के बाद भी मामला इतना ही निकलना है तो मुझे लगता है कि यह सारी बहस मात्र अतिवाद और अतिरंजना है| बात अगर निकली है तो दूर तक जानी चाहिए|

समान नागरिक संहिता के सन्दर्भ में दहेज़, सती, विधवा विवाह, विधुर विवाह, बालविवाह, मैत्री करार, विधवा अधिकार, सगोत्र परन्तु विधि सम्मत विवाह, विजातीय विवाह, विधर्मी विवाह, समलैंगिक सम्बन्ध, बेटियों का उत्तराधिकार, बलात्कार, बलात्कार जन्य बालक का उतराधिकार, विशिष्ठ परिस्तिथियों में स्त्रियों और पुरुषों की दूसरे विवाह की आवश्यकता, नियोग, सरोगेसी, स्त्री – पुरुष खतना, विवाह पूर्व यौन सम्बन्ध, विवाहेत्तर यौन सम्बन्ध, विवाह उपरांत अवांछित आकस्मिक यौन सम्बन्ध, मासिक धर्म, राजोनोवृत्ति, पारिवारिक हिंसा, व्यवसायिक हिन्दू संयुक्त परिवार, समान सम्पत्ति अधिकार संबंधी राष्ट्र व्यापी कानून, आदि पर गंभीर चर्चा का अभाव है| बहुत से लोग वर्तमान कानूनों के हवाले से इनमें से कुछ मुद्दों पर बात नहीं करना चाहते| तो कुछ इनमें से कुछ मुद्दों को मुद्दा नहीं मानते| मगर समान आचार संहिता को बिना गंभीर चर्चा किये नहीं बनाया जाना चाहिए|

एकल विवाह आज अतिवादी रूप से आधुनिक माना जा रहा है, परन्तु इस अतिवाद के चलते बहुत से लोग छिपा कर दूसरे विवाह करते हैं या विवाहेत्तर सम्बन्ध रखते हैं| इन छिपे विवाहों और विवाहेत्तर संबंधों से होने वाली संतान को अकारण एकल विवाह अतिवाद का शिकार होना पड़ता है|

मुद्दे बहुत हैं, मगर बहस और चर्चा की इच्छा शक्ति की हमारे वर्तमान इंस्टेंट नूडल समाज में बेहद कमी है|

 

मैं कौन???


मैं कौन हूँ?

कोई दार्शनिक प्रश्न नहीं| जी नहीं| इस प्रश्न की दार्शनिकता समय के इतिहास में अंकित हो चुकी है|

मैं कौन हूँ? लोकतान्त्रिक प्रश्न है| नहीं, नहीं| जी नहीं| मैं इसे राजनीतिक प्रश्न नहीं कहूँगा| मुझे राजनीति से भय होता है|

जिन युगों में…. जी हाँ इस प्रश्नों के उत्तर खोजने वाले पल, युगों जितने लम्बे होते है| जिन युगों में मैं इस प्रश्न का उत्तर खोजता हूँ, मेरे मुख में हलाहल विष जैसे उत्तर उड़ेल दिए जाते है| मेरी जीभ इन उड़ेले गए उत्तरों के विष से जल रही है|

उन्हें नहीं जानना, मैं कौन हूँ|

आचार्य शंकर चले गए – अहम् ब्रह्मस्मि| यह उनका समय नहीं, आचार्य शंकर को बताना होगा, ब्रहमुद्दीन या ब्रहमाशंकर या कि ब्रहमविलिंग्टन|

मैं आज ब्रह्म नहीं हूँ| मैं आज ईश्वर का भुला – भटका अंश भी नहीं हूँ| मैं आज आत्मा भी नहीं हूँ|

क्या मैं एक जीव हूँ? कदाचित्, कदाचित् परन्तु; परन्तु मेरी श्वास स्वतंत्र नहीं है, मेरा भोजन स्वतंत्र नहीं है, मेरा सहवास स्वतंत्र नहीं है| मेरी परतंत्रता ईश्वर के हाथ नहीं, ईश्वर मुझे कुछ नहीं कहता| ईश्वर ने मुझे दुर्गन्ध न सूंघने की समझ दी है, विष न खाने की समझ दी है, मुझे सहवास की समझ दी है| परन्तु समयखंड में में जीव नहीं हूँ| यदि जीव हूँ भी, तब भी मैं जीव नहीं बचा रहता, मैं नए कलेवर में ढाल दिया गया हूँ|

यदि मैं थोड़ा भी जीव हूँ, तो मुझे अणुमात्र तो मानव होना ही चाहिए| कदाचित्, मैं मानव नहीं हूँ| मानव मेरी पहचान नहीं है| मैं मात्र उतना ही मानव हूँ, जितना गाय को सम्मान देता हूँ और वाराह से घृणा करता हूँ|

जब मुझसे पूछा जाता हूँ, मैं कौन हूँ| मैं अपने प्रतिबिम्ब के पीछे छिप जाता हूँ| मैं अपना छद्म प्रतिबिम्ब ओढ़ लेता हूँ|

मैं भारतीय, अमरीकी, ब्रितानी, जर्मन, होने से पहले मानव होना चाहता हूँ| मैं हिन्दू मुस्लिम ईसाई होने से पहले मानव होना चाहता हूँ| मैं ब्राहमण, क्षत्रिय, वैश्य होने से पहले मानव होना चाहता हूँ| मैं गोरा काला भूरा होने से पहले मानव होना चाहता हूँ|

मैं सबसे पहले मानव हूँ| मैं भारतीय –पाकिस्तानी, हिन्दू-मुस्लिम, ब्राह्मण – बनिया, बिहारी-मराठा, हिंदी-उर्दू, व्रज-अवध, आगरा – अलीगढ़, से पहले मानव हूँ|

दिवाली, चीन, और वो!!


[२८ सितम्बर २०१६ को ही यह पोस्ट लिखना चाह रहा था मगर अभी रवीश कुमार जी की पोस्ट “इस दिवाली चीन का माल ज़रूर ख़रीदें” पढ़कर तुरंत लिख डाला]

हर बार होता है, हर दिवाली पर| गरीब कुम्हार का घर, बिजली के चीनी लट्टू, पटाखों और सामान का फ़ोटो, और बहिष्कार की मांग| फेसबुक पर लाइक और व्हात्सप्प पर शेयर होता रहता है| इस बहाने प्रचार हो जाता है – सस्ता चीनी सामान उपलब्ध है, पोस्ट को लाइक करने के बाद अपनी जेब टटोलिये और देशभक्ति और हमदर्दी घर छोड़ दीजिये|

भरे बाजार के फूटपाथ पर, दस रुपये का पटाखा ले लो बाबा जैसी मुद्रा में बहुत लोग बैठे होते हैं उसी चीनी सामान को बेचते| न वो इस चीनी सामान के निर्माता हैं, न आयातक, न वितरक, न कालाबाजारिये| इन चीनी सामान के आयातक, वितरक, कालाबाजारिये कोई देशभक्त जी होते हैं, जो नाम, धाम, जाति, धर्म, कर्म, राजनीति, मन, कर्म, वचन से देशभक्त होते हैं|

मैं जो लिखने जा रहा हूँ, उसका कारण मूल कारण एक प्रेस विज्ञप्ति है जो २८ सितम्बर २०१६ को जारी हुई और मैंने उसे शेयर भी किया था|

यह मूल प्रेस विज्ञप्ति प्रेस सूचना ब्यूरो की साईट पर उपलब्ध है| यह उस तथ्य के बारे में है जिसे हम सब जानते और उसका फेसबुकिया विरोध भी करते हैं| दिवाली के समय विदेशी विशेषकर चीन के पटाखों की बिक्री धूम धड़ाके से होती है| सब लोग आसानी से खरीदते भीं हैं| मगर चिंताजनक रूप से यह विज्ञप्ति कहती है – सरकार को विदेशी मूल के पटाखों की बड़ी मात्रा में आयात की सूचना/शिकायत मिलती हैं| शायद यह सूचना और शिकायत प्राप्त करना सरकार के लिए रोजमर्रा का काम है|

आगे यह विज्ञप्ति कहती है – इन पटाखों का आयात रिस्ट्रिक्टेड है और भारत सरकार ने आज तक पटाखों के आयात का कोई लाइसेंस किसी को भी नहीं दिया है| कम से कम २००८ में नियम बनने के बाद से तो किसी को यह लाइसेंस नहीं मिला है|

आश्चर्यजनक रूप से यह विज्ञप्ति विदेशी मूल के पटाखों की बिक्री की सूचना निकट के पुलिस थाने को देने की कहकर समाप्त हो जाती है|

अगर किसी को पटाखा आयात की अनुमति नहीं तो उनका आयात कैसे होता है? इसके उत्तर में विज्ञप्ति कहती है कि झूठे डिक्लेरेशन देकर आयात किया जाता है| किस तरह के यह झूठ होते होंगे? क्या उन झूठों को पकड़ने की कोई कार्यवाही हुई होगी? क्या उन झूठों पर विश्वास करने के लिए सीमा शुल्क अधिकारीयों को साम – दाम से राजी किया जाता है या वो भी देश के जनता की तरह भोले भाले हैं?

जब झूठे डिक्लेरेशन देकर पटाखे आयात हो जाते हैं तो राम जाने क्या क्या आयात हो जाता होगा|

आगे बहुत से प्रश्न है मगर मेरी अपनी सीमायें है… कम लिखा ज्यादा समझना की तर्ज पर लिखना बंद करना चाहता हूँ|