नाक कटना


उन दिनों कहाँ पता था की नाक काटना कोई मुहावरा है| वो बात बात पर ताव देते थे – आजतक किसी ने मेरी नाक नहीं काटी| जब ही अपनी प्रशंषा और अनुशंषा के आवेग में होते अपनी शुद्ध साबित नाक का जरूर दावा करते| उनका सीना उस समय दो गुना फूला रहता| माथा आसमान की तरफ थोड़ा ऊपर उठा| सीधे हाथ को हवा में स्वछन्द उछालते और मुक्त गुरुत्वाकर्षण के साथ जांघ पर पटकते| उस समय जो ताल निकलती वह किसी भी ढोल की आवाज को मात देती| उनके स्वर का गर्व हर किसी श्रोता के हृदय को प्रभावित किये बिना न रहता| उनकी इस बात का मोहल्ले की सामाजिक अवचेतना में गहरा असर था| लोग उनका सम्मान करते| अपने घर से किसी भी दिशा में निकलते चाय नाश्ते के बिना वापिस नहीं लौट पाते| पुराने लोगों को आज तक बात याद है कि सन बासठ की लड़ाई से वह गाजे बाजे के साथ सही सलामत लौटे थे| आजकल के बच्चे शायद न जानें मगर सन बासठ की बहादुरी का वजन पैसठ और इक्कत्तर वालों पर भारी पड़ता था और उनका अलग ही सम्मान था|

उनका प्रेम था मुझ पर| उस समय पूरे मोहल्ले में अकेला बच्चा था जो कभी भी उनकी पीठ पर लटक जाता| कान या नाक पकड़ कर उनमें चाबी भर देता| सुबह की चाय के साथ अगर वो अखबार पढ़ने के आदी थे तो शाम की चाय के साथ बच्चों का साथ उन्हें चाहिए था| और हम बच्चों का प्रिय विषय रहता उनकी बिना कटी नाक| हम सब बच्चे कभी न कभी इस बात की पुष्टि कर चुके थे कि नाक पूरी तरह साबित थी और उसके कटने का कोई चिन्ह नहीं था|

हल्की गर्मियों की उस शाम मैं उनकी गोद में था| हमेशा की तरह कुछ परिचित अपरिचित चहरे उनसे मिलने आये हुए थे| अधिकतर भूतपूर्व सेनिक, मोहल्लेवाले, जातिबंधु और आस पास के बच्चे उनके पास जमे ही रहते| अचानक वह समय आया जब उन्हें अपनी साबित नाक का हवाला देना था| इस बात की पूरी सम्भावना थी कि मेरा चेहरा उनके मजबूत फौजी हाथों और तावदार जंघा के बीच आ सकता था| परन्तु अपनी नाक एक बार लगभग तुड़ा लेने के बाद मुझे अभ्यास था कि अपने को उनके प्रहार से कैसे बचा लेना था|

“मुझे आप भूलकर भी ऐसा वैसा न समझ लीजिये, आज तक कोई गलत काम नहीं किया मैंने| कितने अफसर आये… … गए कोई मेरी नाक तक नहीं छु सका|” उनका हाथ स्वचालित स्वछन्द रूप से हवा में ऊपर उठा, “किसी आज कर किसी ने…” हाथ नीचे गिरने वाला है| मुझे उनके जांघ से हटना है, मेरा हल्का फुल्का सिर ऊपर की और उठा| उनका हाथ जंघा पर ताल देता है, “मेरी नाक नहीं काट पाई”| दूध के कच्चे दाँत मैंने उनकी नाक पर गढ़ा दिए हैं| “आआअ…. उल्लू के…” मैंने तेजी से करवट बदली और गोद से बाहर निकला| उन्होंने अपने सारे दांत जीभ में गढ़ा लिए| “अरी लली सुन…” उन्होंने एक दर्द भरी आवाज में मेरी माँ को आवाज दी| “हाँ चाचा…” मेरी माँ ही क्या पल भर में पूरा घर पूरा मोहल्ला उनके सामने खड़ा था| भरी शाम पूरा सन्नाटा| पिंजड़े में बंद तोता भी सहम कर बैठ गया| मेहमान घबराये हुए थे| और मैं… … विजय के उल्लास और पिटाई के डर के मारे चार छत कूदकर गायब|

जिनके घर जाकर छिपा था, उन्होंने शरणागत का पूरा लिहाज किया| उन्होंने मेरे दो हल्के थप्पड़ मारे मगर तुरंत मेरे वकील बनकर दौड़े गए| वाकया उन्हें मालूम न था, मगर घर में घुसते ही बोले, “देखो बालक ने नादानी में कर दिया, डर कर भाग गया है कहीं, कहीं दूर न चला जाए|” वहाँ नज़ारा अलग था – मेरा लाडला, मेरा बहादुर, आएगा तो जलेबी खिलाऊंगा, कचौड़ी खिलाऊंगा| हिम्मती है लड़का| मेरी पैरोकारी सुनते ही बोले, अगर लड़के ने आपके यहाँ लस्सी पी ली हो तो बुलवा लीजिये, सबके लिए जलेबी मंगवाईं हैं|

चरण स्पर्श


चरण स्पर्श या पैर छूना छुलाना भी हमारे भारतीय समाज में बड़ा मुद्दा हो जाता है| मगर मेरे माता-पिता की बात मानें तो मैंने मात्र चार वर्ष की आयु में इसपर विद्रोह कर दिया था| हुआ यूँ कि मेरे नानाजी के कई भाई एक साथ खड़े थे और उनके पीछे उनमें से एक का अर्दली| मैंने नानाओं के साथ अर्दली के पैर छूए और इसका मजाक बन गया| फिर बाद में मेरे बाबा ने निर्णय दिया जब जिसके प्रति इसके मन में सम्मान जागेगा, यह अपने आप पैर छू लेगा| मुझपर पैर छूने का कभी दबाब नहीं रहा| हाँ, कुछ वर्षों के बाद मैंने उस अर्दली के पैर अपने मन से दोबारा छुए|

हमारे ब्रज में पैर छूने छुलाने में बड़े झंझट भी हैं| बड़ों के पैर छूओ, मगर मामा मामी के पैर नहीं छूने| लडकियाँ पैर नहीं छूतीं बड़ों को उनके पैर छूने होते हैं| दामाद तो खैर पूज्य है ही| मेरे ननसाल में बहुएं घर के बड़े पुरुषों को पैर छूना कहलवा देतीं हैं, पैर छूने की क्रिया मात्र शाब्दिक है| हर परिवार में ऐसे ही अलग अलग विचार हैं| यह सब संस्कृति का सम्मानित हिस्सा है|

मैंने किशोर अवस्था में आकर पैर छूना पुनः शुरू किया मगर मेरी अपनी पसंद रही| मन में सम्मान या प्रेम जगा तो स्वतःस्फूर्त पैर छू लिए| हुआ यूँ भी है कि किसी के प्रति इतना सम्मान जग गया कि मुझे पैर छूना भी पर्याप्त नहीं लगा और कर्तव्यविमूढ़ खड़ा रहा| मेरे जितने भी शिक्षक बढ़िया पढ़ाते रहे मैंने उनके पैर छूए जिनमें दो मुस्लिम शिक्षक भी रहे, जिनके विचार से उनका किसी इंसान से पैर छुलवाना ठीक नहीं था| साथ ही एक शिक्षक को गुरु पूर्णिमा पर पैर से उठाकर भी पटका| ब्रज के नियमों के विरूद्ध अपनी एक मामी के पैर नियमबद्ध सम्मानपूर्वक छूए| ऐसे कई रिश्ते हैं जहाँ मैंने नियम विरुद्ध जाकर पैर छूए हैं और बहुत से रिश्तों में नियमपरक होने पर भी मैंने उस व्यक्ति को सम्मान योग्य नहीं पाया| एक व्यक्ति ऐसे भी हैं जिन्होंने मुझे धमकी दी थी कि टेसू अगर ठीक से पढ़े नहीं तो हम तुमसे पैर नहीं छुलवायेंगे| उनकी धमकी के असर से ही आज मैं कुछ बना हूँ|

मुझे सबसे अधिक दिक्कत उन लोगों से होती रही जो पैर आगे बढ़ा कर पैर छूने का दबाब बनाते हैं| उन्हें मैं नमस्ते करने की काबिल भी नहीं समझ पाता| कई बार मैंने खुल कर मना करने जैसी असामाजिक हरकत भी की तो टालमटोल करने की तो गिनती नहीं रही|

पैर छुलवाने में तो मेरी अजीब हालात हो जाती है| मुझे स्त्रियों से पैर छुलवाना समझ नहीं आता खासकर तब जब उनके पति सिर्फ खानापूर्ति के लिए पैर छूकर गए हों| ऐसे ढीठ पुरुषों की पत्नियों से पैर छुलवा लेना मुझे उस बेचारी स्त्री का अपमान लगता है| घुटना छूने वालों से भी मुझे हमेशा परहेज रहा और खुद भी मैंने किसी का घुटना नहीं छूआ|

मेरे बेटे ने एक बार पूछा कि हमें किसको नमस्ते करनी चाहिए और किसके पैर छूने है| मैंने कहा, दुआ सलाम (आज की भाषा में हाय-हेलो) सबको करो| जिसके लिए मन में सम्मान का भाव आये तो मन की भावना के हिसाब से नमस्ते और पैर छूना अपने आप हो जाएगा| मेरी तरफ से उसपर किसी के भी पैर छूने का दबाब नहीं है| संस्कार और संस्कृति थोपी नहीं जाती|

पुनःच – अयोग्य को दान नहीं देना चाहिए, सम्मान तो बड़ी बात है|

मतदान


कल मतदान का दिन है|

सालों ने एक छुट्टी बर्बाद कर दी| कोई इतवार को भी चुनाव रखता है क्या? इन कमीशन वालों को तो बस पाँच साल में एक बार काम करना होता है| मगर हम से इतवार को वोट दलवायेंगे| इन के सरकारी लोग भी सब थोड़े से पैसे और ओवरटाइम के लिए इतवार को दौड़ पड़ते हैं चलो वोट डालो|गर्मी भी तो कितनी है – हे भगवान ४२ पार|

चुनाव भी क्या है| लोग पैसा लेकर वोट डालने जाते हैं| दारू ठर्रे के लिए वोट हो जाता है| देखा है न सब मैले कुचले लोग कतार में खड़े रहते हैं जैसे कोई भंडारा हो| कोई मुफ्त में वोट डालने| कौन खड़ा हो इन कीड़ों के साथ| मैं तो नहीं जाता| गर्मी में मनाली जाएँ कि मतदान केंद्र?

कुछ नहीं होना इस देश का वैसे भी| सब एक थाली के चट्टे बट्टे हैं| कोई देश नहीं बदलता| देश अपने आप बदलता है|हर कोई चला आता है मैंने ये किया, उसने ये नहीं किया| अरे भाई, हमने अगर १२ घंटा कंपनी के ऑफिस में कुर्सी नहीं तोड़ी होती तो क्या कुछ कर लेते ये नेता लोग|

इन नेता लोग को तो वैसे भी कुछ नहीं करना होता| अफसर करते हैं अफसर| अब देखों अफसर ने कॉपी पेस्ट ड्राफ्ट कर के कोई टेढ़ा मेढ़ा कानून सा बना दिया| न बहस, न चर्चा, न बात न चीत, बस ये ये ये ये… …. हो गया पास|उखड़ गया घंटा|

कुछ भी कर लो, मंदिर नहीं बनेगा| न १९८४ वालों को सजा मिलेगी न २००२ वालों को| विकास की दर दुनिया ब्याज की दर की तरह ही थोड़ा थोड़ा बढ़ेगी| सरकार कोई भी हो| आरक्षण हटेगा नहीं, और हमें बिना काम वाली सरकारी नौकरी मिलेगी नहीं|

चुनाव क्या है, बड़े सेठ लोग का हँसी ठठ्ठा है| नेता नाचते हैं, मुजरे में भाषण करते हैं और वाह वाह सुनकर चल देते हैं| दस मिनिट में भाषण कूड़ा| कौन याद रखता है भाषण, अख़बार वाले| उनको तो बस रद्दी छापनी होती है| कोई काम की बात आती है अखबार में| वैसे आये भी तो क्या? कौन सा हमको पढ़ना है| हमें तो बस हीरोइन का फ़ोटो देखना है|

चल कहीं फ़िल्म देखने चलते हैं|

(अब यह बकबास कर ली हो या पढ़ ली हो तो चलें वोट डालने| हमारी दिल्ली में तो भैया कल है कल|)