इसकी हिंदी क्या है?


समाचार के अनुसार, एक व्यक्ति ने वित्तमंत्री अरुण जेटली से “बुलेट ट्रेन” की हिंदी पूछ ली| हिंदी वालों में हिंदी पूछ लेना उनता ही सामान्य हो चला है, जितना अंग्रेजी वालों का हर भाषा के शब्द उठाकर अंगीकार और आत्मसात कर लेना| हर बात की हिंदी करवाना गुलाम मानसिकता की पराकाष्ठा का प्रतीक है| हिंदीवादी लोग भाषा के स्वतंत्र व्यकित्त्व की चाह में हिंदी को मात्र संस्कृतनिष्ठ शब्दों समेट देना चाहते हैं| इस प्रकार हिंदी को संस्कृत की उपभाषा बन जाने का ख़तरा बढ़ रहा है| संस्कृत निष्ठता के पीछे फ़ारसी शब्दों को नकारने की भावना से प्रारंभ होकर अब अंग्रेजी शब्दों को नकारने तक जा पहुंची गई है| विरोध की यह भावना इस तथ्य को भी नकारती है कि फारसी और संस्कृत एक ही स्रोत को भाषाएँ हैं|

अंग्रेजी से पहले फ़ारसी विश्वभाषा के दर्जा रख चुकी है| फ़ारसी के प्रसार में उन पारसियों और ईरानियों  का हाथ कम रहा, जिनकी मूल रूप से यह भाषा है| भारत में आये अरब, तुर्क, अफगान, मंगोल, मुग़ल आदि सबने फ़ारसी को सामान्य और राजनितिक जीवन में अधिक महत्व दिया| कारण शायद यही है कि फ़ारसी में अंगीकार, आत्मसात और समाहित करने की भावना और क्षमता अधिक रही| यही स्वीकार वृत्ति एक समय में छोटे से समूह की भाषा मानी जाने वाली अंग्रेजी को विश्वभाषा बनाने में सफल रही| आज अंग्रेजी उन देशों में भी स्वीकार है जहाँ उनके लोगों का राज नहीं रहा था|

आज भारतीय समाज इस बात की चर्चा करता है कि अंग्रेजी में कितने भारतीय मूल के शब्द हैं| क्या अंग्रेजी उन भारतीय शब्दों को अपना पाती, अगर वह अपने रोमन या ग्रीक मूलों से अपने लिए शब्द गढ़ने में समय नष्ट करती| अपने भाषा मूलों से शब्द गढ़ना गलत नहीं है| परन्तु इसे हास्यास्पद नहीं हो जाना चाहिए| शब्द सरल और सर्वस्वीकार होने चाहिए| लोहपथगामिनी जैसे शब्द स्वीकार नहीं हो पाए| परन्तु इस प्रकार के शब्दों के कारण सरकारी हिंदी और साहित्यिक विश्व की सबसे दुरूह भाषाओँ में से एक बन चुकी हैं|

अगली बार अगर आपको किसी शब्द की हिंदी न आये तो शेम्पू के स्थान पर मूल भारतीय चम्पू का प्रयोग करने का प्रयास करें| बुलेट ट्रेन की हिंदी उसके बाद ढूंढेंगे| जैसा जेटली बुलेट ट्रेन की हिंदी पूछे जाने पर कहते हैं, “थोड़ा गंभीर होने का भी प्रयास कीजिये”|

 

“दिन” “महीना”


हम अक्सर मौन रहते हैं| प्रकृति प्रदत्त  बहुत से उपहार और पीड़ाओं को कहते बोलते सुनते नहीं| मानो वह हो ही न| यह नकार दुर्भाग्य है| खासकर अगर यह बातें स्त्री से जुड़ी हों तो नकार एक स्वीकार की तरह मौजूद है| सबके अपने अनुभव है| पुरुषों के भी हैं|

उस समय में नवीं में था जब पड़ौस की किसी लड़की ने माँ से आकर कान में कुछ कहा| हर समय पढ़ने के लिए दबाब डालने वाली मेरी माँ ने मुझे जल्दी से बाजार से एक दवा लाने के लिए बोला| मेरे सामने दवा का नाम उन्होंने ही पर्चे पर लिखा था| क्योंकि मुझे बहुत सवाल पूछने की आदत थी, माँ ने बिना पूछे ही बता दिया कि यह लड़कियों और औरतों के पेट के निचले हिस्से में दर्द की दवा है| दवा का नाम बाद में मुझे याद हो गया था –बलार्गन|

मेरी माँ आसपास की लड़कियों और औरतों के सुख-दुःख की साझीदार थीं| इसलिए यदाकदा यह दवा मुझे लाने के लिए कहा जाता रहा| मैं बिना हिचक इसका नाम लेकर दवा मांग लाता था| परन्तु केमिस्ट की दुकान पर एक सिरफिरे नेतानुमा आदमी ने कुछ बकवास की| केमिस्ट ने मेरे पिता के पद और रुतबे की धमकी देकर उसे चुप करा दिया| मगर मेरे दिमाग में कई प्रश्न आये| माँ ने समझया, जिस प्रकार पृथ्वी या प्रकृति को साल में एक बार पतझड़ का दुःख झेलना होता है| उसी प्रकार हर लड़की को प्रकृति का प्रतिरूप होने के कारण हर महीने कुछ दर्द झेलना होता है|

मैं सालों तक इसे मात्र निचले पेट में तेज दर्द समझता था| ग्रेजुएशन के दौरान एक मित्र के साथ अस्पताल गया था| अचानक डॉक्टर ने अन्दर बुला कर मुझे वो सब बता दिया जो उनके हिसाब से एक अच्छे बॉयफ्रेंड, भाई, पति और पिता को जानना चाहिए| मैं उस दिन बहुत ज्यादा घबरा गया|

नौकरी में एक कंपनी की फैक्ट्री में कार्यरत था| मुख्यालय से मुझे मौखिक निर्देश थे कि अगर कोई लड़की अचानक आकर बिना कारण छुट्टी मांगे तो बिना कोई सवाल किये छुट्टी दे देनी है| कुछ लडकियां नियमित रूप से ऐसा करती थीं तो कुछ ने कभी छुट्टी नहीं मांगी| परन्तु गजब तब हुआ एक लड़की ने दो महीने चार बार ऐसा किया| मेरे गौर करने का प्रश्न नहीं था, मगर वेतन प्रक्रिया के दौरान टाइम कीपर के रजिस्टर की प्रति कई दिन फैक्ट्री और मुख्यालय घुमती रही| बाद में, कंपनी की मानव संसाधन प्रमुख ने आकर उसे चेतावनी दी|

जब पता चला लड़कियां इन दिनों पूजा नहीं कर सकती.. वगैरा वगैरा तो मुझे यह प्रकृति का और मातृत्व का अपमान लगा और आज भी लगता है| बाद में एक मित्र ने तर्क दिया कि अगर वो इन दिनों मंदिर जाएगी तो भगवान को सृष्टि रचने से पूर्व की वेदना याद आ जाएगी|

खिचड़ी-भोग


खिचड़ी भोग भी अपने आप में एक मुहावरा है| हर किसी को पकी पकाई खीर खिचड़ी चाहिए| कोई पकाना नहीं चाहता| यह मुहावरा शायद उस जमाने में बना होगा जब खिचड़ी देग दम करके बनती होगी| आजकल तो प्रेशर कुकर का जमाना है मगर वक्त है कि आज भी कम पड़ता है| हमारे कुछ मित्र तो उस दिन का इंतजार कर रहे है जिस दिन कोई पकी पकी खिचड़ी फेसबुक या व्हाट्सएप पर भेज दे और वो उसका लुफ्त उठा लें|

हमारे बहुत से गीताप्रेमी मित्र बनिए की दुकान पर टंगा गीतासार पढ़कर बड़े हुए| आजकल उसकी फ़ोटो मोबाइल में देखकर वेद-वेदांग के ज्ञाता हुए जाते हैं| हमारे एक मित्र मोदी-मार्ग पर चलने का उपदेश रोज भेज देते थे| आजकल शांत हैं, उन्होंने मोदी-मार्ग घर के दामाद जी को भी भेजा था और उन्होंने इसे ग्रहण कर लिया| एक अन्य मित्र माताजी के स्नेह-दोष के कारण भारतीय सेना की सेवा न कर पाए आजकल रोज दो चार पाकिस्तानी चटका देते हैं|

उधर, कामरेड रोज इतनी क्रांति करते हैं कि सड़क पर उतरने और अपने कैडर से बात करने का वक़्त नहीं निकलता| उनकी अभिव्यक्ति की आजादी भी आजकल ट्विटर-फेसबुक वाले भैया के हाथ गिरवी पड़ी है, गाहे – बगाहे लुपलुपाती रहती है|

एक मित्र ने सावरकर के नाम पर गौहत्या रोकने की मांग कर रहे थे| मैंने बोला कि सावरकर गाय को पशु मानते थे, माता नहीं| दो चार छंद सुना कर बोले; गौहत्या विरोध का आन्दोलन किसने शुरू किया| अठारवीं शताब्दी के स्वामी दयानंद सरस्वती का नाम लेने पर बोले आज से उनकी भक्ति| उनके हाथ सत्यार्थ प्रकाश थमा कर मुड़ा ही था कि उनकी जिव्हा पर पुनः सरस्वती विराजमान हो गई| एक दिन दोबारा मिलने अपर पूछने लगे, आप भगतसिंह को क्या मानते हैं| जानता था, कहाँ लपेटेंगे; जबाब दिया नास्तिक| उनका दिमाग भन्ना गया| “मैं नास्तिक क्यों हूँ” पकड़ाकर विदा किया| आजकल कन्नी काटने लगे हैं|

आजकल मित्र लोग मुझसे कानूनी बातों पर ही बात करते हैं| मगर नुक्ता निकल ही आता है| खैर, उसकी बातें फिर कभी| मुझे आज खाने में खिचड़ी बनानी है|