विश्व-बंदी ८ मई


उपशीर्षक – लैपटॉप – तालाबंदी में अत्यावश्यक उपकरण

इस तालाबंदी के दौरान सबसे अधिक प्रयोग के बाद भी कम चर्चा में रहा है ऑफिस प्रदत्त लैपटॉप|

हर ऐसी कंपनी जिसने अपने अधिकारीयों और कर्मचारियों को लैपटॉप दिए हैं, वह इस समय सबसे अधिक सुविधाजनक स्तिथि में हैं| उनके लोग बेहतर काम कर पा रहे हैं और उनमें आपकी समूह भावना अधिक विकसित होकर उभरी है| मिलजुल कर समय पर भली प्रकार से समय पर काम कर कर दे पाना, और परिवार में शांति बहाल रखना जैसे काम इन लैपटॉप की प्रमुख उपलब्धि रहे हैं| अगर कंपनी प्रदत्त वाई-फाई भी है तो आप निश्चित ही अच्छी कंपनी के अच्छे अधिकारी/कर्मचारी हैं| बधाई|

दूसरे स्तर पर वो लोग हैं जिनके पास घर में अपना लैपटॉप या डेस्कटॉप हैं जिसे वह कार्यालय के लिए प्रयोग कर रहे हैं| इनका काम चल रहा है| परन्तु इसमें कंपनी की छवि अच्छी नहीं उभर रही है| घर में झगड़ा है कि कौन कब उपकरण का प्रयोग करेगा| समय पर काम नहीं हो पा रहा और शांति घर से गायब है|

सबसे ख़राब स्तिथि उन लोगों की है जिनके नियोक्ता ने उन्हें लैपटॉप नहीं दिया हैं और न ही उनके पास घर में समुचित संख्या में निजी लैपटॉप हैं|

यह स्तिथि उस समय भयाभय हो जाती हैं जब पति पत्नी दोनों को ऑफिस का काम करना हैं, बच्चों की भी ऑनलाइन पढाई होनी है| मोबाइल बहुत देर तक साथ नहीं दे पाता – आप न ठीक से लिख सकते हो न ठीक से बात कर सकते हो| न नियोक्ता ख़ुश, न कर्मचारी, न अधिकारी और न परिवार|

कंपनियों को समझना होगा – एक लम्बा समय ऐसा जाने वाला है जिसमें कर्मचारियों को कार्यालय में कम से कम बुलाए जाने में ही भलाई है| वरना बिना चेतावनी कभी भी चौदह दिन के लिए कार्यालय बंद करना पड़ेगा|

भले ही सरकारें श्रमिक कानूनों को रद्द करने की गलती कर रही हैं, इसे स्वीकार करना भारतीय कंपनियों के लिए बहुत नुक्सानदेह होने जा रहा है – जैसे १९५०-१९९० तक का संरक्षणवाद| देश का सबसे बड़ा आर्थिक सम्पदा – मानव मूल्यहीन होने जा रहा है| प्रतिफल की आशा करना त्रुटि होगी|

Enter your email address to subscribe to this blog and receive notifications of new posts by email.

विश्व-बंदी ७ मई


उपशीर्षक – करोना काल में कार्यालय सुरक्षा

जिन चिंताओं का निदान सरलता से संभव है, उन्हें नकारात्मक विचार नहीं कहा जा सकता| करोना काल में असुरक्षित कार्यालय की चिंता इसी प्रकार की चिंता है| सुरक्षा का सकारात्मक विचार है|

दिल्ली महानगर में करोना का शिकार हुए लोगों में एक हिस्सा उन लोगों का है, जो इस से लड़ने के लिए सड़कों या अस्पतालों में तैनात रहे है| हो सकता है इनके बचाव के लिए कुछ और कदम उठाए जा सकते थे, परन्तु इसका अर्थ यह नहीं कि अर्थव्यवस्था खोल दिए जाने की स्तिथि में अन्य कार्यालय भी बीमारी फैलायेंगे| परन्तु असावधानी भयाभय स्तिथि उत्त्पन्न कर सकती है|

सामान्यतः सुरक्षित माने जाने वाले कार्यालयों को लेकर आम अधिकारीयों, कर्मचारियों और उनके परिवारों में अधिक चिंता है| क्योंकि इस प्रकार के कार्यालयों में लापरवाही का स्तर अधिक पाया जाता है|

मेरा स्पष्ट मत है, इन कार्यालयों में किसी भी प्रकार की लापरवाही के कारण किसी भी कर्मचारी या अधिकारी को बीमारी या एकांतवास का सामना करना पड़ता है तो इसकी आपराधिक जिम्मेदारी उस कार्यालय या संस्था के कार्यपालक अधिकारियों और कार्यकारिणी के सदस्यों की होगी – कंपनी के मामले में मुख्य कार्यपालक अधिकारी और निदेशक मंडल, संस्थाओं के मामले में सचिव और कार्यपालक कार्यकारिणी|

सुरक्षा के दो स्तर हैं जिनका पालन होना है – भले ही वह सरकारी दिशानिर्देशों का भाग हो या न हो: पहला कार्यालय स्तर पर और दूसरा कर्मचारी से सुरक्षित आवागमन को लेकर|

कार्यालय स्तर पर:

  • जबतक असंभव न हो जाए, अधिकारी व कर्मचारी घर से काम करें| उन्हें अपने सप्ताह से ४० ४५ घंटे स्वयं सुनने की सुविधा दें परन्तु कार्य अवश्य पूरा करवाएं|टीसीएस का उदहारण लेकर चलें|
  • कार्य के आवश्यक उपकरण – कलम, कंप्यूटर, काग़ज आदि कार्यालय दे सकता है और अगर अधिकारी व कर्मचारी अपने निजी उपकरण प्रयोग करता है तो मानदेय दिया जा करता है|
  • केवल स्वस्थ्य अधिकारी व कर्मचारी को ही कार्यालय आने की अनुमति दें| सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को दैनिक स्वास्थ्य सूचना दर्ज करने के लिए कहा जा सकता है|
  • हर अधिकारी व कर्मचारी को अपने साथ रह रहे परिवारीजनों के स्वस्थ्य की सूचना देने की अनुमति रहे और अगर साथ रह रहे किसी परिवारीजन को स्वास्थ्य सम्बन्धी असुविधा या कठिनाई महसूस हो तो सम्बंधित अधिकारी या कर्मचारी को तुरंत घर से ही कार्य करने के लिए कहा जाए|
  • कार्यालय में तापमापक, साबुन, सेनिटाईज़र, जल, पेय जल, आदि की सम्पूर्ण व्यवस्था हो| सफाई का उच्च कोटि का प्रबंध हो| कड़ाई से दैनिक उच्चस्तरीय जाँच सुनिश्चित हो|
  • हर व्यक्ति मास्क, मुखोटे, घूँघट, पर्दा, बुर्का, हिज़ाब, चादर, दुप्पटे, अगौछे, गमछा आदि का अवश्य प्रयोग करे|
  • यथा संभव अधिकारियों व कर्मचारियों के कार्यालय पहुँचने और निकलने के समय अलग अलग हों| भोजनावकाश समय भी भिन्न रहे|

आवागमन स्तर पर

  • अधिकारी व कर्मचारी घर से निकलने से एक घंटे पूर्व और पहुँचने के एक घंटे बाद तापमान ले और स्वस्थ्य दर्ज करे|
  • भीड़ से बचे| कार्यालय प्रदत्त या निजी वाहन का प्रयोग हो| अनावश्यक गप्पों, मुलाकातों, बैठकों और सम्मेलनों से बचें|
  • बिना स्वास्थ्य जाँच किए किसी अधिकारी व कर्मचारी को कार्यालय में प्रवेश न करने दिया जाए|
  • हर अधिकारी व कर्मचारी को यह दर्ज करना अनिवार्य हो कि वह आज का काम घर से क्यों नहीं कर सकता था? कार्यालय में उसकी कितने समय के लिए उपस्तिथि आवश्यक है और उसके बाद उसे घर बिना दोबारा पूछे घर जाने की सामान्य अनुमति होनी चाहिए|
  • सरकारी छुट्टियों के दिन कार्यालय कतई न खुलें| काम की दैनिक लेखा-जोखा लिया जा सकता है|

सभी उच्च अधिकारीयों के लिए यह आवश्यक है कि कम से कम अपने स्तर से तीन स्तर नीचे के सभी अधिकारियों व कर्मचारियों के स्वास्थ्य पर निगाह रखें और उनसे अधिकतम कार्य घर से ही करवाने का प्रबंध करें|

अगर कोई भी अधिकारी, संस्था, कंपनी, कार्यालय या विभाग सामान्य आवश्यक सावधानियों का पालन नहीं करता तो आपराधिक कार्यवाही के लिए तैयार रहे, भले ही सजा आपको सेवानिवृत्ति के बाद ही क्यों न मिले| न तो सरकार और न ही सरकार के दिशा-निर्देश (भले ही आधे- अधूरे रह गए हों) इस आपराधिक लापरवाही की सजा दिलवाने से आपको रोक पायेगी, जब तक की सामान्य बुद्धि युक्ति सुरक्षा न अपनाई गई हो|

अगर सुरक्षा के सामान्य बौद्धिक नियमों का पालन करने की ठान ली जाए तो सावधानियाँ न तो कठिन हैं न ही महंगी हैं|

Enter your email address to subscribe to this blog and receive notifications of new posts by email.

विश्व-बंदी ६ मई


उपशीर्षक – गिरमिटिया

हिंदुस्तान में वक़्त सिर्फ़ पञ्चांग के लिए बदलता है, इंसान के लिए नहीं|

हम कितनी भी बड़ी बड़ी बात करें, कितना भी अपनी पुरानी और नई महानता का गान करें, हम नहीं सुधरते| उस पर तुर्रा यह है गिने चुने बे-अक्ल लोग गाना गाते रहते हैं कि देश बुरा लग रहा है तो देश से चले जाओ| मगर असलियत है थी है और देश का हर पिछड़ापन, महानता के इन्हीं चारणों पर टिका हुआ है|

भारत द्वारा अपने मजदूरों के साथ किया जा रहा व्यवहार दुनिया भर में बेइज्जती का उदहारण बना हुआ है| पहले मजदूरों और दैनिक कामगारों की स्तिथि पर विचार किए बिना तालाबंदी कर दी गई| कोई बात नहीं, सबने माना यह अतिव्याधि का समय है सरकार ने जल्दी में जो बना कर दिया| काम धंधा, रोजी रोटी, ठौर-ठिकाना हर चीज का सवाल लिए मजदूर जब निकल पड़ा घर जाने के लिए तो नाक बचाने के लिए खैराती इंतजामात किये गए| मजदूर भले ही रोटी के साथ करोना का शिकार हो जाए| जिन्हें इज्जत की रोटी की आदत हो वो या तो बेइज्जत महसूस करें या फिर हमेशा के लिए बेइज्जती की आदत पाल लें|

लॉक डाउन के लगभग खुलने के दो दिन पहले अचानक सरकार ने मजदूरों को घर जाने की अनुमति दी| मगर दुर्भाग्य! महंगे रेल किराए की वसूली हुई| इतने से भी काम नहीं बना तो पहले गुजरात से उन्हें जबरन रोके जाने की ख़बरें आईं बाद में कर्णाटक ने खुलकर उन्हें वापिस जाने देने से मना कर दिया|
क्या वो बंधुआ, गुलाम या गिरमिटिया हैं, कि आज़ाद नहीं किए जायेंगे?

मगर यह गुलामी इतने पर ही नहीं रूकती| सरकार हर किसी के लिए माई-बाप बनना चाहती है| सुरक्षित क्षेत्रों में हर काम की अनुमति देना और काम लेना समझ आता है| परन्तु असुरक्षित क्षेत्र में किसे अनुमति है किसे नहीं इसका कोई भी सुरक्षित मानदंड नहीं है| बहुत से काम जो घरों से हो सकते थे उन्हें घरों से किए जाने पर प्राथिमिकता दी जानी चाहिए| परन्तु न व्यवसायी न सरकार इस बात पर विचार कर रहे हैं| जिन्होंने रोजगार के समय अनुबंध किये हैं वो अपनी मानसिकता में नए किस्म के गिरमिटियों और आक़ाओं में बदल चुके हैं|

Enter your email address to subscribe to this blog and receive notifications of new posts by email.