हिंदी में विनम्रता


Please, remove your shoes outside.

इस अंग्रेजी वाक्य का सही हिंदी अनुवाद क्या है?

  1. कृपया, अपने जूते बाहर उतार|
  2. अपने जूते बाहर उतारें|
  3. अपने जूते बाहर उतारिये|
  4. अपने जूते बाहर उतारियेगा|
  5. अपने जूते बाहर उतारने की कृपा करें|
  6. भगवान् के लिए अपने जूते बाहर उतार लीजिये|
  7. जूते बाहर उतार ले|
  8. जूते बाहर उतार ले, प्लीज|

हम हिन्दुस्तानियों पर अक्सर रूखा होने का इल्जाम लगता है| कहते हैं, हमारे यहाँ Please या Sorry जैसे निहायत ही जरूरी शब्द नहीं होते|

अक्सर हम तमाम बातों की तरह बिना सोचे मान भी लेते हैं| अब ऊपर लिखे वाक्यों को देखें|

हमारे क्रिया शब्दों में सभ्यता और विनम्रता का समावेश आसानी से हो जाता है तो रूखेपन का भी| हम प्लीज जैसे शब्दों के साथ भी रूखे हो सकते हैं और बिना प्लीज के भी विनम्र| आइये ऊपर दिए अनुवादों को दोबारा देखें|

  1. कृपया, अपने जूते बाहर उतार| यह एक शाब्दिक अनुवाद है और किसी भी लहजे से गलत नहीं हैं| मगर हिन्दुस्तानी सभ्यता के दायरे में यह गलत हैं क्योकि “उतार” में अपना रूखापन है जो प्लीज क्या प्लीज के चाचा भी दूर नहीं कर सकते|
  2. अपने जूते बाहर उतारें| यहाँ प्लीज के बगैर ही आदर हैं, विनम्रता है| क्या यहाँ प्लीज के छोंके के जरूरत है? इसके अंग्रेजी अनुवाद में आपको प्लीज लगाना पड़ेगा|
  3. अपने जूते बाहर उतारिये| क्या कहिये? ये तो आप जानते हैं कि इसमें पहले वाले विकल्प से अधिक विनम्रता है| अब इनती विनम्रता का अंगेजी में अनुवाद तो करें| आपको शारीरिक भाषा (gesture) का सहारा लेना पड़ेगा, शब्द शायद न मिलें|
  4. अपने जूते बाहर उतारियेगा| हम तो लखनऊ का मजाक उड़ाते रहेंगे| यहाँ आपको अंग्रेजी और शारीरिक भाषा कम पड़ जायेंगे| उचित अनुवाद करते समय कमरदर्द का ध्यान रखियेगा|
  5. अपने जूते बाहर उतारने की कृपा करें| क्या लगता है यह उचित वाक्य है| इसमें अपना हल्का रूखापन है| आपका संबोधित व्यक्ति को अभिमानग्रस्त या उचित ध्यान न देने वाला समझ रहे हैं और कृपा का आग्रह कर रहे हैं| यदि यह व्यक्ति आपके दर्जे से काफी बड़ा नहीं है तो यह वाक्य अनुचित होगा|
  6. कृपया, अपने जूते बाहर उतार लीजिये| लगता है न, कोई पत्नी अपने पति के हल्का डांट रही है|
  7. जूते बाहर उतार ले| यह तो आप अक्सर अपने बच्चों, छोटों और मित्रों को बोलते ही है| सामान तो है ही नहीं|
  8. जूते बाहर उतार ले/लें, प्लीज| यह विनम्रता है या खिसियानी प्रार्थना| हिंदी लहजे के हिसाब से तो खीज ही है|

वैसे आप कितनी बार विकल्प दो तीन और चार में कृपया का तड़का लगाते हैं?

चाचे दी हट्टी, कमला नगर


राजमा चावल और छोले भठूरे दिल्ली वालों की जान हैं| छोले भठूरे का बाजार दिल्ली के सबसे चुनौतीपूर्ण बाजार में से एक हैं| आम तौर पर सारे छोले भठूरे एक जैसे हैं, छोले का तेज मसाला और तैलीय भठूरे| मगर ज्यादा मसाला स्वाद का दुश्मन है, यह बात जिन्हें पता हैं वही शीर्ष पर हैं| आपको शीर्ष पर आने के लिए दस नाम कोई भी गिना देगा, जहाँ मामूली मामूली अंतर से भी स्वाद में जबरदस्त अंतर है|

एक सामान्य व्यक्ति के लिए चाचे दी हट्टी छोले भठूरे की एक आम दुकान है| यहाँ न आपको बैठने या खड़े होने की कोई खास व्यवस्था नहीं| ग्राहक गली में रखी तो मेज के सहारे छोले भठूरे खाते हैं| बहुत से ग्राहक यहाँ वहां खड़े होकर जुगाली करते नजर आते हैं| अगर यह पतली से गली न होती तो शायद आपको आते जाते वाहन भी परेशान करते| यह दिक्कततलब बात है, जब आप देखते हैं कि दुकान के आधी गली भरकर भीड़ है| आपको कतार में खड़ा होना होता है| कोई भी दिल्ली वाला केवल छोले भठूरे के लिए इतनी दिक्कत झेल लेगा, मगर यह तो चाचे दी हट्टी के छोले भठूरे हैं|

कमला नगर, दिल्ली विश्वविद्यालय के पास होने के कारण छात्र-छात्रों के युवा जीवन्तता का केंद्र है| दिल्ली की लड़कियां कमला नगर और सरोजनी नगर में ख़रीददारी करना पसंद करतीं हैं| इसी कमला नगर में भीड़ से थोडा सा हटकर यह गली हैं, जिसमें चाचे दी हट्टी है| दुकान के ऊपर सूचना पट को शायद ही कोई पढ़ता होगा – रावलपिंडी के छोले भठूरे| एक दर्द है – विस्थापन का| एक निशानदेही है, हिंदुस्तान की भोजन संस्कृति की| हिंदुस्तान – जहाँ कोस कोस पर पानी, चार कोस पर बानी, और चालीस कोस पर खानी बदल जाती है|

चाचे दी हट्टी की शान हैं भठूरे भरवां – आलू वाले भठूरे| अगर आप बोलकर सादे भठूरे नहीं मांगते तो भरवां आलू भठूरे मिलेंगे| आलू अच्छे से उबला हुआ है और मसाला सिर्फ उतना ही है जितना ज़रा सा भी ज्यादा न कहला सके| आम भठूरे के मुकाबले यह कम तैलीय हैं| भठूरे का तैलीय होना काफी हद तक कड़ाई के तेल की गर्मी पर निर्भर करता है|

ज्यादातर छोले भठूरे में मोटे काबली चना (सफ़ेद चना) प्रयोग होता है| चाचे दी हट्टी के छोले छोटे काबली चने से बने हैं| मसाला बिलकुल भी ज्यादा नहीं हैं| नवरात्रि के दिनों में जाने के कारण मैं सोचा कि छोले में प्याज व्रत त्यौहार की वजह से नहीं डाली गई है| मगर बताया गया कि प्याज का मसाले में प्रयोग नहीं होता| इस लिए प्याज न खाने वाले भी इसे आराम से खा सकते हैं| साथ में हैं इमली की चटनी| प्याज सलाद के तौर अपर अलग से है|

स्थान: चाचे दी हट्टी, कमला नगर, दिल्ली,

भोजन: शाकाहारी

खास: छोले भठूरे

पांच: साढ़े चार

दिल्ली, शाकाहारी, नई दिल्ली, छोले भठूरे, पंजाबी खाना, रावलपिंडी,

मगध की सामान्य बोगी


उन दिनों मगध[1] पटना से नई दिल्ली के बीच नियत समय से थोड़ा बहुत आगे पीछे ही चला करती थी| मगध ही वह ट्रेन है जिसमें मैंने अपने ट्रेन यात्रा जीवन की किशोर अवस्था बिताई है| उन दिनों मगध सुबह सवा नौ और दस बजे के बीच अलीगढ़ पहुँचती और यात्रियों के जनता खाना[2] खरीदने के बाद प्रस्थान करती थी| उन दिनों में नया नया रंगरूट था तो रेलयात्रा के तौर –तरीके नहीं पता थे, इसलिए  नियम कायदे से ही चलता था| मेरे पास दूसरे दर्जे का पास था जिसके कारण मैं मगध में बिना सुपर[3] लिए नहीं बैठ सकता था| मैं रोज लाइन में लगकर सुपर लेता और प्लेटफ़ॉर्म पर पढाई करते हुए मगध का इन्तजार करता| प्लेटफ़ॉर्म पर मेरे पास ही एक मोटी हरयाणवी भिखारिन बैठती और बीचबीच में अपनी कर्कश आवाज में मुझे ध्यान से पढ़ने की हिदायत देती| मैं और वो भिखारिन एक साथ एक बागी में मगर अलग अलग दरवाजों से चढ़ा करते|

पहले दो हफ्ते मैं जनरल बोगी में दिल्ली तक खड़ा होकर गया मगर धीरे धीरे मैंने लम्बी यात्रा के थके हारे बिहारी मजदूरों को दबाब डालकर थोड़ा सरकने के लिए कहना सीख लिया|  मगर फिर भी कभी कभी वो लोग सख्तजान निकल जाते| जब भी मैं भिखारिन को खड़ा मिलता वो मुझे और आसपास बैठे लोगों को कोसती और जगह करा देती| वो हर किसी से दस रुपये वसूलती[4] और न देने वाले की मर्दानगी को कच्चा चबा डालने की धमकी देती| प्रतिवादी जो कुछ कहती वो शायद खुद भी कभी ट्रेन के बाहर कभी न दुहराती| गर्मियों में मैं एक बोतल में फ्रिज का ठंडा पानी लेकर चलता| उसने मुझ से दो बोतल लेकर आने के लिए कहा| बाद में जब भी वो मुझसे पानी मांगती लोग पहले तो मुझे दया-दृष्टि से देखते मगर डरकर तुरंत जगह दे दिया करते|

एक बात मुझे अपनी बहन को किसी काम से दिल्ली ले जाना था| मुझे भिखारिन की फुलफॉर्म का पता था इसलिए मैंने प्लेटफ़ॉर्म पर ही बता दिया कि बहन साथ है| उसदिन उसने कम से कम पांच सौ रुपये कम की वसूली की| उस दिन मैंने उसमे किसी भी पारवारिक व्यक्ति का रूप देखा| उसने हमसे पढ़ने लिखने के बारे में गंभीरता से बात की| उसे इलाहबाद से लेकर दिल्ली तक की सब यूनिवर्सिटी और उनके कोर्स पता थे| उसने बहन से कहा कि उसे अधिवक्ता बनकर टैक्सेशन में प्रक्टिस करनी चाहिए|

बाद में मेरा मगध से जाना कम हो गया| मैंने उसे सोनीपत के रेलवे स्टेशन और नए शहर में देखा, मगर उसने मुँह फेरकर पहचानने से मना कर दिया| शायद वहीँ कहीं उसका घर था|

[1] कृपया इसे मगध एक्सप्रेस न पढ़े| इन दिनों यह राजिन्द्रनगर पटना से नई दिल्ली के बीच चलती है और केवल चलती है|

[2] इस विषय पर पुरानी पोस्ट पढ़े – https://gahrana.com/2017/07/29/indian-railway-peoples-food/

[3] यह सुपर सुपरफास्ट अधिभार टिकेट का प्रचलित नाम है, जो जो सामान्य गति की ट्रेन टिकेट या मासिक टिकेट पर यात्रा करते समय सुपरफ़ास्ट ट्रेन में बैठने के काबिल बनाता है|

[4] यह सन २००४ की बात रही होगी|