उड़न गाथा


हवाई यात्रा का बेहतरीन पहलू है समय की बचत और बेकार पहलू है समय की बर्बादी।

पहली पहली उड़ान से यह बात समझ आ गई थी। आप सोलह घंटे की रेलयात्रा को घटा कर दो घंटे की हवाई यात्रा में बदल सकते है। लेकिन समय की बचत कितनी हुई, यह सीधा गणित नहीं होता। आप चौदह घंटे नहीं बचाते।

आपका प्रस्थान बिन्दु जो अक्सर आपका घर होता है से लेकर गन्तव्य बिन्दु तक का समय और आराम का विश्लेषण करना होता है। उदाहरण के लिए दिल्ली से मुम्बई की उड़ान दो घण्टे की है। आपको एयरपोर्ट पर किसी भी हालत में एक घण्टा पहले पहुँचना होता है वरना आपको उड़ान में बैठने की अनुमति नहीं मिल पाएगी। रास्ते के ट्रैफिक और किसी भी असंभावना के लिए भी समय का थोड़ा ख़्याल रखना होता है। इसी लिए ज्यादातर लोग दो घण्टे पहले हवाई अड्डे पर पहुंचते हैं। नई दिल्ली हवाई अड्डे के टर्मिनल तीन जैसे बड़े टर्मिनल पर आपको डिपार्चर गेट तक पहुंचने में भी थोड़ा बहुत समय लगता है।

इस प्रकार सुबह साढ़े सात बजे की उड़ान पकड़ने के लिए आपकी घर से ढाई तीन घंटे पहले निकलना सुनिश्चित करना होता है। यानि आपको देर से देर पाँच बजे घर छोड़ना होगा। पाँच बजे घर से निकलने के लिए आपको एक या दो घण्टे पहले उठना होता है, यह समय इस पर निर्भर है कि कितने लोगों के तैयार होना है। बच्चों को इतनी सुबह जगाना भी आजकल टेढ़ी खीर है।

एक अकेले इंसान को भी अगर हवाई यात्रा करनी है लगभग तीन घंटे पहले जागना होता है। यानि साढ़े सात की उड़ान के लिए चार बजे के आसपास। अगर सुबह नींद से परेशान नहीं होना चाहते तो छः घण्टे पहले सोना भी सुनिश्चित करें।

इसी तरह विमान से उतरने के बात सामान पट्टी से सामान लेने में भी पंद्रह से तीस मिनिट का समय लग जाता है। इसके बाद वाहन अपना हो या किराये का, आप दस पंद्रह मिनट लगते हैं।

इस तरह आपको दो घण्टे की उड़ान के लिए वास्तव में छः घण्टे का समय लगाना होता है। यदि यह उड़ान सुबह सबेरे की है तो रात भर नींद का तो न पूछिये। करवट बदल बदल रात बात जाती है। यदि यह उड़ान दोपहर की है तो दिन न यहाँ का रहता है न वहाँ का।

रेल यात्रा मुझे सुविधाजनक लगती है क्योंकि रेल आपको यात्रा के दौरान सोने का एक अच्छा अवसर प्रदान करती है।

बादल


मौसम अजब है या गजब है!!

तुमको पता है क्या? क्या सोचना है तुम्हारा? अंदर बेचैनी है या बेक़रारी? कुछ कहा भी नहीं जा सकता। कह सकना आसान नहीं होता। महसूस कर रहा हूँ। तुम्हें भी महसूस हो रहा होगा न?

तुम्हारी चुप्पी वाचाल है, बहुत। कहती तो बहुत है, सुनती है या नहीं! नहीं जानता मैं।

सुबह से फुहार पड़ रही है। फ़ुहार पड़ना मौसम का जादू है। अल सुबह की फ़ुहार, भोर से पहले की फ़ुहार, अग्नि का रूप है या जल का? किसी कवि के लिए कहना मुश्किल। वैज्ञानिकों के पास दिमाग़ नहीं होता, कलपुर्जा होता है। उन से क्या पूछना?

जब घर से निकला था, लोदियों के बाग़ से आती कुछ एक पंछियों की पुकार बताती थी कि प्रेम का समय है, मिलन की बेला है, सृष्टि के सृजन का, जीवन के नव कलेवर का मुहूर्त हुआ जाता है। दिन निकलने ही तो वाला है और दिल्ली सोई हुई है अभी।

लगता था डोली को कुशल कहार लिए जाते हों। मन पुकार था, कार की खिड़कियाँ खुली रखने के लिए। मन पर काबू रखना अच्छी बात नहीं, है न! बाहर झाँकता रहा।

जब आप सड़क पर धीरे धीरे धीर धरे चलना चाहते है, भीड़ नहीं होती। हवाई अड्डे तक के दर्जन भर किलोमीटर मिलीमीटर में बदल जाते हैं। मन कह रहा था न मुझ से – दूरी को लंबाई में नापना पश्चिम वालों की मूर्खता है और वक़्त में नापना पूर्व वालों की।

हवाई अड्डे पर कितनी उदासी होती है। लगता है रोबोट हैं सब। सॉरी, प्लीज् एक्सक्यूज़ थैंक्स जैसे बेमानी शब्द हवा में तैरते हैं जैसे तोते बोलते हैं। याद आती थी बहुत, हवाओं की।

हवा में उठने के बाद कितना अलग हो जाता है सब। ऊपर और नीचे फोहे और फाहे तैर रहे थे। उन के बीच हम टँगे हुए। काले सफेद में भी प्रकृति कितना रच देती है। काले सफेद में भी कितनी रंगतें हैं। इनमें कितने सारे रंग भी तो हैं, रंगतें तो अनगिनत महसूस होती हैं। पता है न तुम को, तुम्हारी हर साँस में अलग खुशबू होती है। क्या तुम्हें पता होगा? तुम्हें क्या पता होगा?

दिल्ली से चेन्नई तक बादलों की अनगिनत रंगतें देखता था, रंग उमड़ घुमड़ आते थे। मन फ़ुहार बन कर बरस रहा था, बरसों की यादें आतीं थी। जब माघों में पानी बरसा करता था। जब सावन में बहारें आतीं थीं। जब मन में मल्हारें आतीं थीं।

सीट बेल्ट को हर पल बाँधना पड़ता था। सुरबाला को डर था शायद मैं उड़ न जाऊँ। या शायद वह भी उड़ रही होगी, कौन जाने? उसके चेहरे को बनावट के कई लेप ढके हुए था। अच्छा भी था। मैं बादलों को पढ़ना चाहता था।

वो शब्द बन कर उड़ते थे, ग़ज़ल बन कर बहते थे, गीत बनकर गुनगुनाते थे, हवा बन कर गुदगुदाते थे, बहार बन कर आते थे, अजनबी बन कर जाते थे, याद बन कर बस जाते थे, सपने बन कर छिप जाते थे, नींद बनकर विलीन हो जाते थे। बादल पर बहारें बहती थी, कागों की कहानी कहती थी, कोयल की वाणी रहती थी, रागों की रवानी होती थी।

जहाज के अंदर आकाशवाणी होती थी, मौसम का हाल ख़राब है। मैं सोचता था, उन्हें मेरे और तुम्हारे मन का पता कैसे चल जा रहा है?

काश, तुम साथ होते तो बादल छूने निकल जाता। तुम साथ ही तो थे, बादल छू रहा था मैं।

वह मर चुका है, पर बोलता है


पुरानी इमारतें अगर खंडहर न हो रहीं हों तो आबादी को पुकारतीं हैं| उनके आसपास आबादी जमा हो जाती है और साथ में अपनी गंदगी और प्रदूषण भी लाती है| जहाँ कहीं भी ईसाईयों की आबादी कम है, वहां चर्च आम तौर पर शांत हैं| इस चर्च का नाम तो है ही “जंगल में संत जॉन”| अपनी स्थापना के डेढ़ सौ साल पूरे होने के बाद यह चर्च आज भी जंगल में ही कहा जा सकता है| यह पुराना चर्च देश के सबसे बड़े भूकम्पों में से एक देख चुका है| पास पड़ोस में बीस हजार इंसानी मौत और भारी माली नुक्सान| चर्च नष्ट होने से बचा रहा मगर नुक्सान झेलना पड़ा|

नीचे एक तरफ देवदार का घना जंगल है तो दूसरी तरफ़ पहाड़ी और फोर्बिसगंज की हल्की फुल्की आबादी| पर्यटकों की गाड़ियाँ आ जा रहीं है| जिन्हें जल्दी है वो पैदल निकल जाते हैं| एकांतर एकल मार्ग का नियम लागू है|

भीड़ तो है सड़क पर मगर उसे चर्च से लेना देना नहीं| चर्च के दरवाजे की ओर शायद ही कोई देखता है| जो देखते हैं उन्हें चर्च से ज्यादा इसके अहाते में बनीं पुरानी कब्रें दिखाई देतीं हैं| मुझे चर्च की पुरानी इमारत पुकारती है| समय की मार दिखाई देती है| देखने से मालूम होता है, अभी देश का सबसे ताकतवर इंसान यहाँ आता रहा होगा| मैं चर्च की ओर उतर जाता हूँ| पुराने पेड़ बातें करते हैं, कब्रें मुस्कुरातीं हैं|

हमारें मुल्क में ज्यादातर बड़े बाग़ बगीचे कब्रों, मकबरों और छतरियों के साथ बने हैं| चर्च का यह अहाता कोई बगीचा या बाग़ जैसा नहीं कहा जा सकता| बेतरतीब का छोटा जंगल है| लगता नहीं कोई ज्यादा ख्याल रखा जाता है| मैं कब्रों के पत्थरों पर लिखी इबारतें पढ़ता जाता हूँ| कब्रों में लेटे लोग लगता है अक्सर आपस में बातचीत करते हैं| जैसा अक्सर होता है, माहौल उदास सा है| मैं चर्च के अन्दर जाता हूँ, अजब शांति का कुछ समय बिता कर बाहर आ जाता हूँ| चर्च के अहाते में बायीं ओर

एल्गिन के आठवें और किन्कार्दीन के बारहवें अर्ल जेम्स ब्रूस की कब्र है| जेम्स ब्रूस साहब सन १८६२ से १८६३ के बीच बीस महीने तक भारत के वाइसराय रहे|

अंगेजों से हम भारतियों का माई-बाप गुलामी का नाता है| अक्सर हम उन की इज्ज़त करते हैं| हम उन्हें आज भी अपने से ऊपर रखते हैं| शायद ही कभी उन्हें उस तरह गालियाँ देते हैं, जिस तरह किसी और शासक को दे लेते हैं| हर शासक में कुछ न कुछ अच्छाई बुराई होती है| पर अंग्रेज पहले शासक थे, जिनका मकसद देश को गुलाम बनाना था और लूटकर यहाँ का पैसा अपने मुल्क ले जाना था| वो न लूटकर लौटने का इरादा रखते थे न यहाँ रहकर यहीं का होकर शासन करने का|

एक शानदार शांत भव्यता के साथ खड़ा जेम्स ब्रूस का यह स्मारक मुझसे कहता है – हमने सब कुछ सही गलत किया तुम्हारे साथ| मंदिर और मस्जिद नहीं तोड़े| यही कूटनीति तुम्हे आज भी हमारा गुलाम रखती है|

उसने मुझसे कहा, आते रहना| कभी कभी मिलकर बातें करेंगे| मैंने कहा, आधी दुनिया पर राज करने वाले तुम, आज इस नीरवता में अकेले हो| वह मुस्कुराया, मैं अक्सर यहाँ हिमालय से गले मिलता हूँ| अगर कोई इसरायली सिपाही इधर से निकलता है, तो उसके साथ कॉफ़ी पीता हूँ|

स्मारक पर लिखा गया है – “वह मर चुका है, पर बोलता है”|