दोगुना पैसा


निवेशक जागरूकता श्रंखला २

 

क्या कोई पैसा दुगना कर सकता है? जादू से या किसी और तरह से?

मुझे तो आजतक कोई ऐसा इंसान या भगवान् नहीं मिला|

क्या रामायण में भगवान् राम में अपने लिए जादू से, तंत्र – मंत्र से कंद मूल फल या पैसा पैदा किया? कहते हैं वो तो भगवान् थे, अगर चाहते तो कर सकते थे| मगर उन्होंने नहीं किया| न ही भगवान् कृष्ण ने ऐसा किया| न ही किसी और ने| सृष्टि का नियम है मेहनत कर कर पैसा कमाना| अगर भगवान् भी धरती पर आते हैं तो मेहनत करते है, जैसे सारे इंसान करते हैं|

तो जादू से तो पैसा दुगना नहीं होता|

रही बात साल दो साल में दुगना पैसा कर देने वाले किसी धंधे की| अगर ऐसा कोई धंधा होता तो हम सभी वही धंधा कर रहे होते| दुनिया भर के राजे महाराजे सारा लड़ाई – झगड़ा छोड़ कर उसी धंधे में लग जाते| टाटा बिड़ला भी क्यों इतनी बड़ी मिल – कारखाने लगाते| इतने पढ़े लिखे लोग पागल हैं क्या जो दिन रात मेहनत करते चार पैसे कमाने के लिए|

लोग रोज नई नई स्कीम लेकर आ जाते हैं| इसमें पैसा लगाओ, उसमे लगाओ; घना मुनाफा है| मैं उनसे कहता हूँ; भाई अगर है तो जाओ पहले खुद लगा दो, अपने घर का सारा पैसा लगा लो, पडोसी से और दोस्तों से भी लेकर लगा तो जब अमीर हो जाओ तो आना| तब हम भी इस स्कीम में पैसा लगा देंगे| एक साहब ने कहा, कि ये मौका दुबारा नहीं आएगा; मैंने कहा हर साल कोई न कोई भला आदमी आ जाता है इन मौकों को लेकर; अभी तुम अपना भला करो|

सोचिये; कायदे के एक साल में ज्यादा से ज्यादा कितने कमाए जा सकते है| अगर माने तो एक साल में पैसे दोगुने तो हो सकते हैं, मगर साल भर उस पैसे के साथ मेहनत करने के बाद| जैसे किसी रिक्शा मालिक को लीजिये| एक नया रिक्शा बाजार में ५००० रुपए से भी कम में आ जाता है, अगर रिक्शा मालिक, रिक्शा चालक से ३० रुपए रोज किराया लेता है तो उसे पूरे साल में १०००० रूपये की कमाई होती है| मगर इस सब में किराया बसूलने और सरकारी भाग दौड़ की मेहनत भी करनी होती है, घर बैठ कर पैसे दोगुने नहीं होते| बिना मेहनत के नहीं हो सकते| [1]

 

बचत और महंगाई


निवेशक जागरूकता श्रंखला १

हम कमाते किस लिए हैं; खर्च करने के लिए| मगर हम सारी जिन्दगी कभी नहीं कमाते| जीवन के पहले बीस पच्चीस साल हम कमाने लायक नहीं होते और बाद के पंद्रह बीस साल कमाने लायक नहीं रहते|

कुछ खर्चे रोज होते है, कुछ हर महीने तो कुछ हर साल.. कुछ कब हो जाये पता ही नहीं चलता.. शादी – ब्याह, हारी – बीमारी|

हमारी कमाई और महंगाई लगभग थोडा आगे पीछे बढ़ते रहते है|

कहते हैं कि जितनी चादर हो उतने पैर पसारो| हम सबकी यही कोशिश होती है| ज्यादातर तो हमारी कमाई से जरूरी खर्च पूरे हो जाते हैं, मगर कई बार खर्चे हमारी कमाई से ज्यादा होते है| इसी तरह के खर्चों के लिए हमें बचत करनी होती है|

अगर हम पिछले साल १०,००० रूपये की बचत की पैसे घर में रख लिए तो आज भी हमारे घर में वो १०,००० रुपए पड़े है जो वक्त जरूरत काम आयेंगे| मगर पिछले साल १०,००० रुपए में ८.५० कुंतल गेंहू ख़रीदा जा सकता था मगर इस बार तो घर में रखे उन १०,००० रुपए से ७.५० कुंतल गेंहू ही आ पा रहा है|

यही है बचत और महंगाई का खेल जिसमे महंगाई हमें खेल खिलाती है|

पहली जरूरत तो यही है कि हम बचत को घर में न रखें; कुछ ऐसा करें की घर में रखा पैसा भी बढ़ता रहे|

मगर यहीं दिक्कत शुरू होती है, कई पीर – फ़कीर – गुरु – बाबा हैं जो पैसा दुगना या दस गुना कर देते है| उधर बहुत सारे लोग है जिनके पास पैसा बढ़ाने के नए नए बढाया तरीके है, जिसमे वो एक दिन हमारा सारा पैसा लेकर गायब हो जाते है| कहा जाता है, कंपनी भाग गई|

हमारी मेहनत की कमाई और उस से भी ज्यादा मेहनत से की गई बचत की दुश्मन ये महंगाई नहीं है, उस से भी बड़ा दुश्मन है हमारा लालच|

गिन लीजिये हर साल कितनी कंपनी लोगों का पैसा लेकर भाग जातीं है| और मजे की बात है हम लोग जो टाटा – बिडला, सरकारी बैंक – पोस्ट ऑफिस को दस रुपए भी आसानी से नहीं देते इन भागने वाली कंपनी को दे देते हैं|

इन्द्रप्रस्थ का राजतिलक


 

बार बार.. हर युग में.. युद्ध होते हैं| अधर्म के सहारे, धर्म युद्ध लड़ें जाते हैं|

प्रत्येक मानव को देवराज इंद्र का आसन चाहिए| निर्विवाद, अपराजेय आसन.. भोग, विलास और अप्सराएं|

इन्द्रासन तक पहुँचने का मार्ग, इन्द्रप्रस्थ होकर जाता है| इन्द्रप्रस्थ का राजमुकुट भी तो स्वर्ण आभासित पुरुस्कार है|

अहा! पुरस्कार के लिए प्रतियोगिताएं रचीं जातीं हैं|

ओह!! प्रतियोगितायें नहीं; युद्ध, गृहयुद्ध, महायुद्ध, धर्मयुद्ध, रचे जाते हैं| युद्ध तो योद्धा का खेल है, जिसे रचा, खेला और लड़ा जाता है|

पल बदलता है, काल बदलता है, युग बदल जाते हैं| प्रतियोगी बदलते हैं, प्रतिभागी बदलते हैं, योद्धा बदल जाते हैं| मानव बदल जाता है…| अरे..!! मानव तो कभी नहीं बदलता… |

अरे भाई! इंद्रप्रस्थ की सत्ता.., प्रजा की प्रसन्नता का संधान नहीं है| ये तो चौसर की बिसात है, चतुरंग का चतुर चक्रव्यूह है|

सत्ता के हर चरण में दाँव पर दाँव लगाये जाते है| चारण, चाटुकार.., मित्र, मंत्री.., माया, मदिरा और मूर्ख सजाये जाते हैं| माता, बहन, पुत्री, पत्नी, स्व – स्त्री, पर – स्त्री, भेंट चढ़ाये जाते हैं|

सत्ता में भाई नहीं होता; पिता, पितामह, पुत्र, पौत्र, प्रपौत्र, नहीं होते| सत्ता के शिखर की सीढियाँ प्राणविहीन नश्वर शरीरों से बनायी जातीं हैं| सत्ता की पताकाएं मृत – आत्माएँ लहरातीं हैं|

नर बलियों से ही तो सत्ता के देव प्रसन्न होते हैं|

सत्ता का सारथि ही योद्धा का एकमात्र मित्र, सखा, भाई, पिता, गुरु, देव, हृदय और आत्मा होता है| उस सारथि का हर कथन, वेद – गीता, गीत – संगीत, स्वर – स्वाहा होता है; उन्ही से तो सत्ता के महाकाव्य रचे, गढ़े, पढ़े, कहे, सुने, समझे जाते हैं|

हाय!! हाय!! आज तो घोर कलियुग है| न राजा, न राजतन्त्र.., न राजगुरु, न राजमाता.., न राजमहल, न रनिवास.., न रानी, न पटरानी.., न राजकवि, न राज दरबार.., न ही राजगायक, न राजनर्तकी|

अहा! हा हा!! राजा कभी नहीं मरा करते| इस भूलोक पर राजा ही तो देव का साक्षात अवतार है| अवतार हर युग में आते हैं| राजा, सम्राट, शहंशाह, सुल्तान, गवर्नर जनरल, लाट साहब, मंत्री, प्रधानमंत्री| असंख्य – अनंत अवतार|

अवतारी पुरुषों का पुरुषार्थ.., अवतारी स्त्रियों की आभा…, बात ही कुछ और है| सत्ता उनकी रखैल रहती है|

दंगे – फसाद, खून – खराबे, गृहयुद्ध – विद्रोह, आतंकवाद – नक्सलवाद, चाकू – बल्लम – भाले, बम – धमाके, वैश्या  – बलात्कार… अरे बस नाम ही तो बदले हैं|

सत्ता के शास्त्र में, त्रेता, द्वापर, कलियुग… सब एक हैं|

उन्माद का शंखनाद है… रुदन का संगीत है|

इन्द्रप्रस्थ के राजतिलक में आज भी नरमुण्ड हैं.. नर बलि है.. नग्न नृत्य है…||

नरमुण्ड हैं.. नर बलि है.. नग्न नृत्य है…||