गर्मियों के प्रमुख देशी खाद्यों में से एक है कतीर या गोंद कतीर| इसके नाम में गोंद शब्द आने से हिंदी कम समझने वाले हिन्दीभाषी भी इसे चिपचिपी चीज समझ लेते हैं| ऐसा नहीं है| दरअसल गोंद शब्द किसी भी रेसिन (resin) के लिए प्रयोग होता है न कि किसी चिपकने वाले पदार्थ के लिए| यह पश्चिम भारत में पाए जाने वाले पेड़ कतीर (Moronobea coccinea) से प्राप्त होता है|
गाँव देहात और छोटे शहरों के पुराने घरों में इसका प्रयोग आज भी आम है| हमारे घर में यह हर गर्मी में होता रहा है| यह हलके पीले धूसर रंग के दानों/ टुकड़ों में बाजार में मिलता है| हमारे अलीगढ़ में यह सभी पुराने पंसारियों के यहाँ मिल जाता है| बल्कि कई बार तो पंसारी पुराने ग्राहकों को खुद ही बाँध देते थे| पता था कि सही चीज दी है तो पैसे तो आ ही जायेंगे| आजकल अपने अंग्रेजी नाम से यह ऑनलाइन शोपिंग में मिल जाता है|
एक चम्मच कतीर (एक मोटा दाना/टुकड़ा) को एक ग्लास पानी में डालने के बाद रात भर रख दिया जाता| अगले दिन सुबह तक यह फूल कर दानेदार जैली में बदल जाता| ज्यादा पानी में डालने पर यह लगभग घुल जाता है और केवल पीने के काम आ पाता है| इसलिए पानी तो ठीक रखा जाना चाहिए| इसकी दानेदार जैली में शरबत, मीठा, रबड़ी, आइसक्रीम, कुल्फ़ी, ठन्डे दूध, पतली ठंडी खीर आदि डालकर खा लिया जाता| घरों में हम बच्चे इसे बेहतर स्वाद और रंग पाने के लिए तरह तरह के शर्बतों के डाल कर रख देते थे| आजकल इसे बच्चों को जैली कहकर दे सकते हैं|
मैंने इसमें अधिकतर चीनी और शरबत के साथ ही मिलाया है| परन्तु वैद्य इसे मिश्री के साथ प्रयोग करने की सलाह देते हैं| इसे आइसक्रीम और रबड़ी के साथ भी खाया जा सकता है| यह प्रोटीन और फोलिक एसिड का प्रमुख स्रोत है|
इसकी तासीर ठंडी मानी जाती है| यह आपको गर्मी के प्रकोप से बचाता है| थकान, कमजोरी, गर्मी की वजह से चक्कर आना, उल्टी और माइग्रेन में कतीर काफी फायदेमंद होता है| ठन्डे मौसम में वैद्य इसके प्रयोग को उचित नहीं मानते| इसे मैंने ध्यान योग के दौरान होने वाली गर्मी और खुश्की के लिए भी प्रयोग करते हैं|

गोंद कतीर
फ़ोटो क्रेडिट – किरण साव्हने